अयोध्या में 200 करोड़ की लागत से बनने वाले शौर्य भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम सम्पन्न
जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के महेशपुर गांव में कोठारी बंधुओं की स्मृति में बनाये जाने वाले शौर्य भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमको अखंड भारत चाहिए और पाक अधिकृत कश्मीर भारत के हाथ में हो। उन्होंने कहा कि जिसकी कल्पना की थी, वह कार्य पूरा हुआ। उनकी मंशा थी कि श्री अयोध्या धाम के रामलला का मंदिर बने एवं अयोध्या में विधर्मियों को एक इंच जमीन न मिले, जो कि पूर्ण हो चुकी है। अब सिर्फ एक ही कामना है कि पाकिस्तान द्वारा अधिकृत कश्मीर और चीन द्वारा अधिकृत 800 वर्ग मील का क्षेत्र भी भारत को मिले जिससे अखंड भारत का सपना पूरा हो सके। विशिष्ट अतिथि चंपतराय ने कहा कि देश में 5 करोड़ लोग हैं। सभी अपने घरों पर ही 22 जनवरी को संध्या आरती शंख पूजन जरुर करें और पांच-पांच दीपक अपने घरों के बाहर अवश्य जलायें। यह ऐतिहासिक पल है। इस पल का सभी साक्षी बनें।
शिलान्यास के दौरान राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपतराय, राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि जी महराज, मनकापर विधायक रमापति शास्त्री, अयोध्या नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा, चेयरमैन श्यामसुंदर सोनी, महामंत्री अजय काबरा, आर.एल. काबरा, नंदकिशोर लखोटिया, श्यामसुंदर काबरा, महेशपुर गांव प्रधान प्रतिनिधि विष्णु कुमार, इस्माइलपुर गांव प्रधान संतोष कुमार यादव, एसडीएम तरबगंज भारत भार्गव आदि उपस्थित रहे।
कोठारी बंधुओं की स्मृति में बनाये जा रहे इस बड़े शौर्य भवन में दो बड़े सत्संग भवन, एक लाख पुस्तकों की क्षमता वाले पुस्तकालय का निर्माण होगा, जिसकी लागत लगभग 200 करोड़ होगी। यहां 24 घंटे प्रभु श्रीराम का भजन व श्रीरामचरित मानस का पाठ होगा। भवन की दीवारों पर कोठारी बंधुओं के जीवनकाल से जुड़ीं यादों का चित्रण होगा एवं आधुनिक सुविधाओं से इस शौर्य भवन को लैस किया जाएगा। इस धर्मशाला में देश व विदेशों से आने वाले यात्रियों के लिए अंदर धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें 400 एसी व नॉन-एसी कमरे बनाए जाएंगे और वीआईपी लोगों के लिए अलग से विशेष कक्ष बनाए जाएंगे। दो भोजनालय का निर्माण भी होगा, जिसमें बड़े उद्योगपतियों के सहयोग से हमेशा भंडारा चलेगा। इससे हजारों लोगों को भोजन मिलेगा।
Latest News