सीहोर की बेटी डॉ. रूपाली सोनी को मिला 'कथक नृत्य गुरु रत्न अवार्ड'

कथक नृत्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सीहोर की प्रतिभाशाली कलाकार डॉ. रूपाली सोनी को हैदराबाद में आयोजित इन्साइड मीडिया सक्सेस कार्यक्रम में 'ग्लोबल लीडरशिप अवार्ड 2026' के अंतर्गत प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री जयाप्रदा के हाथों 'कथक नृत्य गुरु रत्न अवार्ड' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पूरे सीहोर नगर के लिए गर्व का विषय है। डॉ. रूपाली सोनी, जो सरस्वती कथक डांस कला केंद्र की डायरेक्टर हैं, ने कथक नृत्य में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, नृत्य नाटिका तथा एकल एवं समूह प्रस्तुतियों में प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित की है।

इससे पूर्व भी उन्हें 2019 में पत्रिका अचीवर अवार्ड, 2023 में अभिनेत्री सुधा चन्द्रन द्वारा इंटरनेशनल अचीवर अवार्ड, 2023 में दैनिक भास्कर प्राइड अवार्ड, 2023 में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नगर गौरव सम्मान से नवाज़ा जा चुका है। इसके अतिरिक्त उन्हें 150 से अधिक बार विभिन्न संस्थाओं द्वारा कथक कलाकार, गुरु, निर्णायक और नृत्य साधना जैसी उपाधियों से सम्मानित किया जा चुका है।

डॉ. रूपाली अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों—स्व. पंडित वासुदेव मिश्रा एवं प्रफुल्ल गेहलोत—तथा अपने पति नवीन सोनी को देती हैं। उनका सपना था कि वे एक दिन प्रसिद्ध नृत्यांगना एवं अभिनेत्री जयाप्रदा से मिलें, जो इस सम्मान के माध्यम से साकार हुआ। उनकी संस्था सरस्वती कथक डांस कला केंद्र के विद्यार्थी आज न केवल सीहोर बल्कि प्रदेश और देश स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। डॉ. रूपाली की इस उपलब्धि पर शहर के सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संगठनों द्वारा उन्हें शुभकामनाएँ दी जा रही हैं।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन