श्रीगंगानगर में गणगौर बनोरे कार्यक्रम ने बिखेरी लोक संस्कृति की अनुपम छटा

राजस्थानी लोक संस्कृति, परंपराओं और आस्था के अद्भुत संगम को साकार करते हुए माहेश्वरी महिला समिति, श्रीगंगानगर द्वारा गणगौर बनोरे सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य एवं मनमोहक आयोजन श्री माहेश्वरी भवन में किया गया। कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह को पारंपरिक रंगों, सुरों और भावनाओं से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में गणगौर पर्व की महिमा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। लोकगीतों, मनोहारी नृत्यों एवं प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपूर्ण वातावरण लोक-सांस्कृतिक रंगों में रंगा नजर आया। नए गणगौर-ईसर के आगमन की खुशी में मेहँदी, हल्दी एवं संगीत के विशेष कार्यक्रम आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे, जिन्होंने उत्सव के उल्लास को और अधिक बढ़ा दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या चितलांगिया एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती कल्पना चांडक सहित अन्य अतिथियों द्वारा माँ गवरजा की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर म्हारी चंद्र गवरजा बनो एवं आटे से गवरजा के गहने बनाओ जैसी रोचक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

निर्णायक की भूमिका समाज की वरिष्ठ सदस्या श्रीमती सारिका बिहानी एवं उद्यानिकी विभाग की उपनिदेशक श्रीमती प्रीति गर्ग ने निभाई। म्हारी चंद्र गवरजा बनो प्रतियोगिता में साक्षी झंवर ने प्रथम एवं पायल जाजू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ब्यूटी विद ब्रेन का खिताब ज्योति मोहता, बेस्ट स्माइल का खिताब मेघा मूंधड़ा तथा बेस्ट रैंप वॉक का खिताब शुभ होलानी को प्रदान किया गया। आटे से गवरजा के गहने बनाओ प्रतियोगिता में मेघा मूंधड़ा एवं मीनू पेड़ीवाल ने संयुक्त रूप से प्रथम तथा एकता मालपानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिला संगठन की नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती सुनीता बिहानी एवं प्रदेश संगठन मंत्री श्रीमती सरोज लखोटिया का समिति द्वारा साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर हार्दिक सम्मान किया गया। इस अवसर पर समिति की पदाधिकारी अंजू पेड़ीवाल, प्रिया बिरला, दिव्या मोहता, सरिता पेड़ीवाल, संतोष नढ़ानी सहित कार्यसमिति सदस्य एवं समाज की वरिष्ठ महिलाओं, युवतियों और बड़ी संख्या में स्थानीय माहेश्वरी महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समिति की अध्यक्षा कोमल चांडक एवं सचिव लक्ष्मी लखोटिया ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं। अंत में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया तथा स्वादिष्ट जलपान का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा, जिसने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया। निधि चितलांगिया के सहयोग से कार्यक्रम प्रभारी शैलजा चितलांगिया ने संपूर्ण कार्यक्रम का सुंदर एवं सुव्यवस्थित संयोजन किया, जबकि उर्मिला चितलांगिया, रेणु राठी एवं किरण सोमानी द्वारा कुशल मंच संचालन किया गया।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन