अकोला में वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ का भव्य आयोजन - महिला दिवस, होली सम्मेलन और फाग उत्सव की रंगारंग छटा
वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ अकोला द्वारा दिनांक 10 मार्च को स्थानीय माहेश्वरी भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, होली सम्मेलन एवं फाग उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का सुंदर संगम देखने को मिला।
तेजस्विनी ग्रुप की सदस्यों द्वारा फाल्गुन मास के पावन अवसर पर भगवान खाटू श्याम जी की निशान यात्रा का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निशान की स्थापना की गई, तत्पश्चात सभी पदाधिकारीयों एवं सदस्यों ने हाथों में निशान धारण कर भक्ति-भाव से झूमते-गाते हुए भगवान श्याम के दरबार में निशान अर्पित किए। इसके पश्चात यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने आहुति दी और आरती के साथ पूजा सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर मंडल की उन 6 वरिष्ठ सदस्यों का विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने 75 वर्ष की आयु पूर्ण की। इनमें श्रीमती लीला भट्टड़, श्रीमती चंदा लाहोटी, श्रीमती सरोज लढ्ढा, श्रीमती शांता लढ्ढा, श्रीमती निशा राठी एवं श्रीमती पुष्पा लाहोटी शामिल रहीं। इनका स्वागत शॉल ओढ़ाकर एवं ब्रोच लगाकर किया गया। कार्यक्रम में मंडल की सलाहकार सुशीला गांधी, शकुंतला चांडक, डॉ. सरोज राठी, राजकुंवर लढ्ढा, अध्यक्षा प्रमिला लाहोटी, उपाध्यक्ष अरुणा लढ्ढा, विद्या हेडा, सहसचिव शोभा कासट, सुनंदा सोमानी एवं कोषाध्यक्ष शशिकला खटोड़ उपस्थित रहीं। सुंदरकांड गायिका कमला जाजू का भी इस अवसर पर विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव वीणा राठी द्वारा किया गया।
तेजस्विनी ग्रुप की सदस्यों—वीणा चांडक, रेखा मोहता, शांता लढ्ढा, शोभा बाहेती, अरुणा लढ्ढा, वैजयंती करनानी एवं राजश्री लढ्ढा—द्वारा सभी पदाधिकारियों का इंद्रधनुषी रंगों की टोपियां पहनाकर, इत्र एवं ब्रोच के साथ स्वागत किया गया। साथ ही, श्रीमती राजकुंवर लढ्ढा के सौजन्य से रजत पर्व (2002 से 2027) के उपलक्ष में सभी पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी बहनों का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
फाग उत्सव के अंतर्गत आनंद मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न ग्रुपों द्वारा स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। सुरभि ग्रुप द्वारा कांजी बड़े, समृद्धि ग्रुप द्वारा पानी पुरी, ज्योति ग्रुप द्वारा ठंडाई, ज्ञानवर्धिनी ग्रुप द्वारा भेल तथा शोभा पनपालिया ग्रुप द्वारा खस्ता पूरी के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। राखी हेडा एवं उनके ग्रुप द्वारा मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में सभी मंडलों के पदाधिकारी एवं सदस्य बहनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। उपस्थित सभी लोगों ने व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया। अंत में तेजस्विनी ग्रुप सहित आनंद मेला सफल बनाने वाले सभी ग्रुपों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, बसंत पंचमी पर आयोजित बच्चों की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा एवं उत्साह का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
Latest News