पूर्वोत्तर राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा का सम्मान समारोह एवं संयुक्त बैठक सम्पन्न
गत 15 मार्च 2026 रविवार को जयपुर के साइंस पार्क ऑडिटोरियम हॉल में प्रदेश सभा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य वक्ता व मुख्य अतिथि अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति श्री संदीप काबरा , संयुक्त मंत्री श्री रमाकांत बालदी , विशिष्ट अतिथियों के रूप में राजस्थान उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति श्री दिनेशचन्द्र सोमानी , जयपुर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष श्री उमेश सोनी , प्रदेश सभा के प्रथम अध्यक्ष श्री राधेश्याम परवाल और समारोह अध्यक्ष श्री ज्योतिकुमार माहेश्वरी (सोमानी) ने मंचासीन होने से पूर्व भगवान् महेश और माँ भारती की पूजा-अर्चना महेश वन्दना व वन्दे मातरम् गीत के साथ की ।
प्रदेश सभा के वरिष्ठ संयुक्त मंत्री श्री नवलकिशोर झंवर के आकस्मिक निधन पर पूरे सदन ने खड़े होकर मौन श्रद्धांजलि अर्पित की ।
मुख्यवक्ता श्री संदीप काबरा ने अपने सारगर्भित संभाषण में कहा कि महासभा के महत्वपूर्ण वैचारिक संदेशों , प्रेरित विभिन्न न्यासों की जनहितैषी योजनाओं को सुदूर बसे माहेश्वरी बंधु-भगिनों तक पहुंचाने और लाभान्वित करने हेतु स्थानीय संगठन यथा श्री जयपुर माहेश्वरी समाज सुदृढ़ संस्थाओं को महासभा की विभिन्न इकाइयों के संग मिलकर समाज हितार्थ कार्योंको करने की आवश्यकता है । आखिर हम सब हैं तो सब माहेश्वरी ही और हमारा चिन्तन भी माहेश्वरी हितार्थ ही है । फिर भला यह क्षेत्रीय वाला वह जिला वाला या प्रदेश वाला - ऐसा सोचें ही क्यों ! बहुत से ऐसे प्रकल्प हैं जिन पर संयुक्त कार्य करेंगे तो उपकार हमारा या हमारे समाज का ही होगा ।
श्री उमेश सोनी ने सकारात्मकता के साथ कहा कि अब इसी रूप में कार्य होंगे ।
अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन में अलंकृत सर्वश्री ज्योतिकुमार माहेश्वरी , लेखराज लद्धड़ , डॉ संजय बियानी , डॉ राधा माहेश्वरी , श्रीमती वीणा मोदानी , पुलिस अधीक्षक श्री हरिप्रसाद सोमानी का प्रदेश सभा द्वारा मंचासीन महानुभावों के हस्ते पुष्प , शाॅल व श्रीगणेशजी की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया ।
तद्उपरान्त प्रदेश सभा के वर्तमान सत्र के हार्दिक-आर्थिक सहयोग दाताओं का सम्मान भी मंचासीन महानुभावों द्वारा पुष्प , शाॅल व श्रीगणेशजी की प्रतिमा द्वारा किया गया ।
सर्वश्री सत्यनारायण कर्वा , मधुसूदन बिहानी , उमेश सोनी , राधेश्याम परवाल , सुरेन्द्र बजाज , सत्यनारायण मोदानी , शांतिलाल जागेटिया , सुरेश कालानी , क्षेत्रीय माहेश्वरी सभा (टोंक फाटक) , सत्यनारायण काबरा (विद्याधरनगर) , रामस्वरूप जाजू , गोपाल सोमानी (सीकर) , ओमप्रकाश माहेश्वरी (भरतपुर) , कैलाश धूत (सीकर) , भूतपूर्व आइ पी एस ललित माहेश्वरी , महेश बल्देवा (हैदराबाद) ।
प्रदेश सभा के कर्मठ कार्यकर्ताओं सर्वश्री रामअवतार आगीवाल, निरंजन राठी, बृजेश कुमार लड्ढा, रमेश कुमार भैया और श्याम मंत्री को भी मंचासीन बंधुओं ने पुष्प , शाॅल , श्रीगणेशजी की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया ।
प्रदेश सभा के वरिष्ठ जनों ने सम्मिलित रूप से लोकलाडले सभापति श्री संदीप काबरा , न्यायमूर्ति श्री दिनेशचन्द्र सोमानी और संयुक्त मंत्री श्री रमाकांत बालदी का भी भावपूर्ण ढंग से पुष्प , शाॅल व श्रीगणेशजी की प्रतिमा भेंट कर इन सभी का आभार प्रगट किया ।
माहेश्वरी बहनों की अपनी "होम किचन" में निर्मित सुपाच्य व सादा भोजन व सहगारी से सभी ने दोपहर का प्रसाद पाया ।
भोजनोपरान्त संयुक्त रूप से कार्यसमिति की सप्तम व कार्यकारी मण्डल की तृतीय बैठक प्रारम्भ हुई । मंच पर प्रदेशाध्यक्ष श्री जुगलकिशोर सोमाणी , महासभा कार्यसमिति सदस्य श्री कैलाश सोनी , मंत्री श्री राजकुमार धूत , अर्थमंत्री श्री सत्यनारायण काबरा , संगठन मंत्री श्री शंकरलाल कर्वा , उपाध्यक्ष श्री रामअवतार आगीवाल , संयुक्त मंत्री श्री शिवरतन मोहता व श्री कमल खटोड़ , सहमंत्री श्री मनीष जाजू आसीन हुए । सर्वप्रथम श्री नवलकिशोर झंवर सहित सभी दिवंगतजनों को खड़े होकर मौन श्रद्धांजलि अर्पित की ।
प्रदेश मंत्री ने विगत षष्ठम कार्यसमिति व द्वितीय कार्यकारी मण्डल बैठकों की क्रमशः कार्यवाही का पठन किया । सर्वसम्मति से सदन ने दोनों लिखित कार्यवाही को स्वीकृत किया ।
अर्थमंत्री ने वर्ष 2024-2025 तथा 28 फरवरी 2026 तक का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया । की सदस्यों ने सुझाव दिया कि बैंक में जमा राशि में कुछ राशि जमा रखकर बाकी राशि की 50-50 हजार रूपयों की एफ डी करा देनी चाहिए । आवश्यकतानुसार एफ डी को भुनाया जा सकता है । इससे जमा राशि कर व्याज अधिक मिल पायेगा । सदन ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की ।
आगामी सत्र के चयन/चुनाव हेतु महासभा के मुख्य चुनाव अधिकारी ने पांच नाम मांगे हैं ताकि वे तीन नाम स्वीकृत भेज सकें । सदन की भावना है कि जो नाम जयपुर जिला सभा ने भेजें हैं , उन्हीं नामों को भेजा जाय । अतः वे ही नाम भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया ।
आगामी नवीन सत्र की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि विगत वर्ष 2025 की जनवरी से दिसम्बर तक महासभा-प्रेरित विभिन्न न्यासों द्वारा प्रदेश में लगभग 50 लाख रूपयों की सहायता/अनुदान/ ऋण के रूप में प्राप्त हुए हैं । हम यदि प्रत्येक परिवार का विश्लेषण करें तो अधिक परिवारों तक और भी राशि पहुंच सकती है । मैं विभिन्न ट्रस्टों की बैठकों में जाता हूं , ट्रस्ट अधिक से अधिक राशि का वितरण करने को तत्पर हैं । अगले सत्र में हमें ABMM SAMPARK (परिवार जानकारी) को चेक करना होगा ताकि एक लाख वार्षिक आय वाले परिवारों की आय को बढ़ाने का प्रयास कर कम से कम तीन लाख वार्षिक आय तक की व्यवस्था की जा सके ।
हमें महासभा-प्रेरित छात्रावासों , शिक्षा-सहयोग की व्यवस्था की जानकारी घर-घर पहुंचानी होगी ।
महासभा की योजनानुसार दो हजार परिवारों की जिला सभाओं को महिला-युवा जिला सभाओं के संयुक्त प्रयास से किशोर-किशोरी संगठनों का गठन करना चाहिए । ऐसे संगठनों के दूरगामी सुपरिणाम आएंगे ।
सभा के समापन से पहले सभी उपस्थित सदस्यों को गिफ्ट-पैक भेंट स्वरूप दिए गए ।
शाॅल , श्रीगणेशजी की मूर्तियां और गिफ्ट-पैक प्रदेश मंत्री श्री राजकुमार धूत की तरफ से भेंट स्वरूप प्राप्त हुए । सदन ने करतल ध्वनि से श्री धूत का अभिवादन किया ।
राष्ट्रगीत के पश्चात सभा का समापन हुआ ।
Latest News