रतनगढ़ में मोतियाबिंद जांच व लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन सम्पन्न
रतनगढ़ माहेश्वरी सभा ट्रस्ट द्वारा शंकरा आई हॉस्पिटल, जिला अंधता निवारण समिति एवं श्री भंवरलाल विनीतादेवी बैद चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से 36वां नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन दिनांक २५/२/२०२६ को माहेश्वरी भवन परिसर में किया गया। शिविर प्रभारी एवं ट्रस्टी नरेंद्र झंवर ने बताया कि शिविर में कुल 96 मरीजों की मोतियाबिंद जांच की गई। जांच के उपरांत 29 मरीजों का नेत्र लेंस प्रत्यारोपण तथा 1 मरीज का कॉर्निया उपचार हेतु चयन किया गया। शेष मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। चयनित रोगियों को ऑपरेशन के लिए जयपुर ले जाया गया, जहां आधुनिक तकनीक से बिना टांके का ऑपरेशन किया गया।
मानव सेवा के इस पुनीत अभियान का शुभारंभ भगवान शंकर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ. प्रिया सिंह, प्रदीप नाहटा, छतरसिंह हीरावत, चतुर्भुज गोस्वामी एवं दीनदयाल खेतान उपस्थित रहे। शिविर के शुभारंभ अवसर पर नरेश पेड़ीवाल एवं एडवोकेट रजनीकांत सोनी ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में रतनगढ़ माहेश्वरी सभा ट्रस्ट के रामोतार चांडक, राकेश जाजू, महेश जाजू सहित शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम, अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों मरीज उपस्थित रहे। शिविर में शंकरा आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम एवं माहेश्वरी ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य की सभी उपस्थितजनों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
Latest News