माहेश्वरी महिला मंडल खिरकिया का रंगोत्सव का आयोजन सम्पन्न

होली के पावन पर्व पर माहेश्वरी महिला मंडल खिरकिया द्वारा स्थानीय माहेश्वरी भवन में भव्य फाग उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। संपूर्ण आयोजन भक्ति, संस्कृति और उल्लास से ओत-प्रोत रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत राधा एवं कृष्ण के आकर्षक शृंगार एवं पूजन के साथ हुई। मंदिर परिसर को फूलों और रंगीन सजावट से सुसज्जित किया गया। बाल रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण बनकर होली के पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे तालियों की गडग़ड़ाहट से वातावरण गूंज उठा।

महिलाओं ने भगवान को गुलाल व पुष्प अर्पित कर मंगलकामनाएं कीं। इसके पश्चात एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर होली का आनंद लिया गया। पारंपरिक फाग एवं रसिया गीतों पर महिलाएं झूम उठीं। परिसर में 'राधे-राधेÓ और 'होली हैÓ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। महिला मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

उत्सव के दौरान महिला मंडल की नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष सुनीता तोषनीवाल का कमला सोनी एवं मोहिनी मुंदड़ा द्वारा शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। जिला सह-सचिव वर्षा टावरी का रतनदेवी मूंदड़ा एवं आजाद तोष्णीवाल ने सम्मान किया। प्रचार मंत्री रजनी सोनी का सीता हेडा एवं पुष्पा दरगड़ द्वारा सम्मान किया गया। नवनिर्वाचित महिला संगठन अध्यक्ष लता हेडा एवं सचिव सोनल धुप्पड़ को संगठन की सदस्याओं ने पुष्पगुच्छ भेंट किए। पदाधिकारियों ने सभी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में भगवान श्रीकृष्ण की सामूहिक आरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में रश्मि सिंगी, सोनल तोष्णीवाल, ज्योति सोनी, अर्पणा हेडा, तृप्ति मूंदड़ा, सरोज हेडा, प्रियंका बलदुआ, शशि मूंदड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन