अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की नवम कार्यसमिति, तृतीय कार्यकारिणी, उत्तरांचल अधिवेशन एवं आध्यात्मिक शिविर का त्रिदिवसीय आयोजन संपन्न
अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की नवम कार्यसमिति, तृतीय कार्यकारिणी, उत्तरांचल अधिवेशन एवं आध्यात्मिक शिविर का त्रिदिवसीय आयोजन दिनांक 19-20-21 दिसंबर 2025 को रामलला नगरी श्री अयोध्या धाम के रॉयल हेरिटेज रिसॉर्ट में उत्तरांचल के आयोजकत्व में व मध्य उत्तर प्रदेश के आतिथ्य में संपन्न हुआ। 19 दिसंबर 2025 को सर्वप्रथम सुबह मानस संगम कार्यक्रम के अंतर्गत नेपाल चैप्टर सहित पूरे भारतवर्ष से आने वाली समस्त कार्यकारिणी बहनों का तिलक लगाकर जय श्री राम की टोपी व दुपट्टा पहना कर आयोजक संस्था द्वारा आगमन अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात 11 बजे समस्त राष्ट्रीय पदाधिकारी व संरक्षक मंडल बहनों की उपस्थिति में संरक्षक मां रतनी देवी काबरा, राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू बांगड़ एवं राष्ट्रीय महामंत्री ज्योति राठी के कर कमलों द्वारा औद्योगिक मेला मानस हाट का उद्घाटन संपन्न हुआ जिसमें संपूर्ण भारतवर्ष की बहनों ने स्टॉल लगाए थे।
11.30 बजे राष्ट्रीय कार्यकारिणी व कार्य समिति बैठक प्रारंभ हुई। इस अवसर पर आयोजक संस्था द्वारा सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों का स्वागत सत्कार किया गया। भगवान उमा महेश का पूजन व वंदना के साथ सभी पदाधिकारियों को मंचासीन करवाकर राष्ट्रीय कार्यसमिति तथा कार्यकारिणी बैठक का आगाज किया गया। हरियाणा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सीमा मूंधड़ा द्वारा सभी बहनों का शब्द सुमनों से स्वागत किया गया तथा मध्य उत्तर प्रदेश सचिव नीलम मंत्री व पंजाब हरियाणा प्रदेश सचिव अनु सोमानी के सुंदर संचालन उपरांत मंच संचालन की बागडोर राष्ट्रीय महामंत्री ज्योति राठी को सौंपी गई। महामंत्री द्वारा बैठक का विधिवत संचालन करते हुए सर्वप्रथम दिवंगत स्वजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रीय महामंत्री द्वारा गत कार्यसमिति बैठक मंगल अभिव्यक्ति की कार्यवाही की पुष्टि सभागार द्वारा करवाई गई।
उद्बोधन के क्रम में राष्ट्रीय नेतृत्वकर्ता श्रीमती मंजू बांगड़ ने प्रभु श्री राम एवं वंदे मातरम के जय घोष के साथ इतनी अधिक संख्या में बहनों के एकत्रित होने पर हर्ष जताते हुए सभी का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा की त्रयोदश सत्र जो प्रभु श्री राम को समर्पित है उसमें अयोध्या में इस बैठक का साकार होना मानो एक दिव्य मंजुल स्वप्न है जो सबकी संगठित शक्ति से साकार हो रहा है जिसके लिए स्वागताध्यक्ष तथा स्वागत मंत्री के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा उत्तरांचल के सभी प्रदेश अध्यक्ष उनकी टीम विशेष रूप से मध्य उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सीमा झंवर व उनकी टीम को बधाई देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। मानस सिद्धि का अर्थ है.. मन की सिद्धि, विचारों की निर्मलता, संकल्पना की दृढ़ता और कर्तव्य के प्रति समर्पण... अयोध्या का हर कण हमें बताता है कि व्यक्ति का जीवन तभी सफल होता है जब उसका लक्ष्य स्पष्ट हो और संगठन भी तभी उन्नत होता है जब हर सदस्य का मन एक सूत्र में बंधा हो। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी में संस्कारों का संवर्धन आज की महती आवश्यकता है जिसके लिए राष्ट्रीय महिला संगठन के तत्वाधान में संस्कारसिद्धा समिति द्वारा संगमनेर में आयोजित किशोरी संस्कार शिविर सिद्धि सृजन अत्यंत सफल रहा जिसे सभी प्रदेशों में जिला व स्थानीय स्तर पर अवश्य आयोजित करना चाहिए। पुन: समाज में बेटियों की मानसिक व शारीरिक सुरक्षा हेतु आत्मरक्षा अभियान की पहल भी सर्वत्र प्रशंसनीय रही जिसे हमें आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाना है।
मेडिकल बैंक्स की योजना, कौशल विकास, शिक्षा संस्कृति साहित्यिक जागरण, साइबर सुरक्षा, विभिन्न सेवा उपक्रमों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। महामंत्री ज्योति राठी द्वारा सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। तीन माह में संपन्न हुए कार्यक्रम की विस्तृत रूप रेखा रखी। कोषाध्यक्ष किरण लढ्ढा द्वारा सदन में आय व्यय का वित्तीय लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया तथा संगठन मंत्री ममता मोदानी ने सभी संगठनों की संगठनात्मक जानकारी सभागार के समक्ष रखी। संरक्षक आदरणीय रतनी मां ने संगठन को अपनी शुभ कामनाएं तथा आशीर्वचनों से फलीभूत किया। निवर्तमान अध्यक्ष आशा माहेश्वरी ने संगठन के पदाधिकारी की कार्य शैली कैसे हो, संगठन का कार्य कैसे किया जाए और आगामी समय में किन विषयों पर हमें ध्यान देना है इन सभी विषयों पर बहुत सुंदर जानकारी सदन के समक्ष रखी।
माहेश्वरी महिला पत्रिका की अध्यक्ष शैला कलन्त्री ने पत्रिका के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। महिला सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष ललिता मालपानी ने ट्रस्ट संबंधी जानकारी सभागार को दी। विधान समिति प्रकल्प प्रभारी मंगल मरदा द्वारा प्रादेशिक मॉडल विधान के साथ-साथ जिला विधान के बारे में भी सदन को जानकारी दी, तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जिला विधान को सर्वसम्मति से सदन में स्वीकृत कराया गया। युगल सिद्धा समिति प्रभारी शर्मिला राठी ने अपनी समिति के कार्यों को पीपीटी प्रेजेंटेशन द्वारा दर्शाया। विवाह योग्य बच्चों के बायोडाटा की जानकारी हेतु मानस मैचिंग का काउंटर भी लगाया गया था जिसमें सभी अभिभावकगण पहुंचकर अपने विवाह योग्य बच्चों के लिए जानकारी प्राप्त रहे थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू बांगड़ ने प्रदेशों के पिछले चार माह की रिपोर्ट के मूल्यांकन की घोषणा की, एवं आने वाले समय में दिए जाने वाले कार्यक्रम तथा जोधपुर अधिवेशन बाबत सभागार को जानकारी दी। साहित्य समिति द्वारा पूर्व में आयोजित लेखन प्रतियोगिता के पुरस्कार दिए गए। उत्तरांचल संयुक्त मंत्री मंजू हरकुट द्वारा दिए गए आभार ज्ञापन के साथ बैठक समाप्त हुई।
रघुकुल रीत सिद्धा - पारिवारिक समरसता व परामर्श समिति अंतर्गत भगवान के प्रयुक्त वस्त्रों से बंदनवार बनाने की रचनात्मक प्रतियोगिता 'मानस शिल्पी-पारिवारिक मांगलिक प्रसंगों में खुशियों की बंदनवार, बनाईए स्वयं और सजाइये अपना घर द्वार' राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें सभी 27 प्रदेशों से हस्तशिल्प की खूबसूरत प्रस्तुति स्वरूप 52 बंदनवार बनकर आई थी। इस कार्यक्रम का संपूर्ण निर्वाह समिति प्रभारी अर्चना काबरा, समिति प्रदर्शक शिखा भदादा एवं उनकी टीम के द्वारा मनमोहक अंदाज में हुआ जिसको सभी ने खूब सराहा।
मानस मंगल समारोह - सीमा झंवर तथा मोनिका माहेश्वरी के संचालन के साथ 3.30 बजे द्वितीय सत्र मानस मंगल समारोह की शुरूआत हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा महामंत्री ने सभी अतिथियों के साथ सिया राम का पूजन वंदन किया। आयोजक संस्था द्वारा प्रस्तुत सुंदर राम स्तुति ने सदन को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि महासचिव श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट श्री चंपतराय जी, राम भक्त राष्ट्रवादी चिंतक एवं सम्मानीयअतिथि समाजसेवी श्रीमती पूर्णिमा कोठारी, उपसभापति महासभा उत्तरांचल श्री विनीत केला, संयुक्त मंत्री महासभा उत्तरांचल श्री ओम तापडिय़ा थे। आयोजक संस्था द्वारा मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया। सभागार में उपस्थित विशिष्ट समाज विभूतियों श्री राजेंद्र बांगड़, श्री कमल किशोर राठी, श्री विशाल माहेश्वरी, श्री श्याम सुंदर मूंदड़ा, श्री भगवान सादानी, श्री शरद गगरानी, श्री रमेश चंद्र लढ्ढा, श्री गोपाल मानधना, श्री अनिल हरकुट, श्री अनिल तोषनीवाल, श्री जय भुराडिया, श्री विजय काल्या, श्री सुशील राठी, श्री आशीष अग्रवाल एवं समाज बंधुओ का स्वागत पूर्वी उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष भारती करवा, मंत्री पुष्पा धूत, आयोजक संस्था के अध्यक्ष मंत्री द्वारा किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू बांगड़ ने अपना शाब्दिक वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आज का यह क्षण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि हमारी आस्था, संस्कार और संकल्प का पावन सेतु है जहां संगठन की दिशा को अध्यात्म की गहराई और सेवा की ऊंचाई मिलती है। इस अवसर पर श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव श्री चंपत राय जी की उपस्थिति न केवल कार्यक्रम को गरिमा प्रदान कर रही है बल्कि हमें प्रेरणा भी दे रही है कि हम प्रभु श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन, परिवार और संगठन मे सेवा कार्य द्वारा साकार करें। जब उद्देश्य पवित्र हो और मन राममय हो तो असंभव भी संभव बन जाता है। राम जन्मभूमि आंदोलन में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर बलिदानी श्री राम कोठारी, श्री शरद कोठारी को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी बहन पूर्णिमा कोठारी की राम भक्ति त्याग समर्पण की सराहना की। सेवा से समाज निर्माण, संस्कार से पीढ़ी निर्माण और साधना से आत्मनिर्माण को सार्थक करते हुए महिला संगठन सामूहिक शक्ति से अपने कार्यों को चरितार्थ कर रहा है।
तत्पश्चात सुप्रसिद्ध शिक्षाविद डॉक्टर श्रेया माहेश्वरी (कोटा) को शक्ति वंदनम सम्मान अलंकरण प्रदान किया गया जिसका परिचय देते हुए राष्ट्रीय महामंत्री ज्योति राठी ने बताया कि वे शिक्षक के साथ-साथ एक सफल करियर काउंसलिंग फर्म भी चलाती है जहां वे युवाओं को कैरियर चयन और जीवन में सफलता के लिए मार्गदर्शन प्रदान करती है।
अतिथि उद्बोधन क्रम में सम्माननीय अतिथि श्री चंपतराय जी ने श्री राम मंदिर निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तारपूर्वक वर्णन सभागार में दिया। जो सभी के दिल को छू गई। आपने बताया कि राम मंदिर के निर्माण में जिस टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया गया है वह एक हजार वर्षों तक मंदिर को स्थायित्व प्रदान करेगी। उन्होंने स्मरण दिलाया वंदे मातरम का 150 वां वर्ष है। सर्वत्र इसकी चर्चा हो। इसे कंठस्थ करें तथा सामूहिक गायन के माध्यम से देशभक्ति कायम करें।
महासभा की संगठन मंत्री श्री प्रवीण सोमानी ने अपने उद्बोधन में सभी का हार्दिक अभिनंदन करते हुए संगठन के कार्यों की प्रशंसा की विशेष रूप से अभी हाल में संपन्न संगमनेर में आयोजित किशोरी संस्कार शिविर से राष्ट्रीय महिला संगठन ने संपूर्ण समाज में अपनी विशेष पहचान बनाई है जिसके लिए नेतृत्व कर्ताओं को बधाई दी।
श्री विनीत केला उपसभापति उत्तरांचल तथा श्री ओम तापडिय़ा संयुक्त मंत्री उत्तरांचल ने भी सुंदर आयोजन के लिए महिला संगठन के सभी पदाधिकारी को शाब्दिक बधाई दी।
श्रीमती पूर्णिमा कोठारी ने श्री राम के जय घोष के साथ अपने वक्तव्य में कहा की कि मेरी दोनों भाइयों का राम मंदिर के प्रति बलिदान केवल आवेग नहीं था अपितु उनके संस्कार थे। उन्हें परंपरा संस्कृति आस्था यह सारी विरासत घर से मिली थी जिसको उन्होंने सार्थक किया। यही चेतना हमें अपने बच्चों में जागृत करनी है जिससे हमारा राष्ट्र आगे बढ़े। राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू बांगड़ के प्रति आभार अभिव्यक्ति के साथ ही इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति को कार्यक्रम की सफलता बताया।
फिल्म निर्मात्री रूपल मोहता द्वारा निर्मित फिल्म सिया में राम पिक्चर की लॉन्चिंग करवाई गई। राष्ट्रीय महामंत्री द्वारा धन्यवाद के साथ यह कार्यक्रम भव्यता पूर्वक संपन्न हुआ।
तत्पश्चात ज्ञान सिद्धा साहित्य समिति द्वारा रामायण के माध्यम से समस्याओं के निराकरण वैचारिक मंथन प्रस्तुति मानस हंस का आयोजन किया गया। वर्तमान के सामाजिक ज्वलंत विषयों पर प्रतिभागी बहनों का अनूठे अंदाज में समाधान बहुत ही सराहनीय रहा। समिति प्रभारी अनुराधा जाजू, समिति प्रदर्शक मंजू मानधना तथा समस्त सह प्रभारियों का पूर्ण योगदान रहा। प्रस्तुति में भाग लेने संपूर्ण राष्ट्र से पधारी सभी बहनों को पुरस्कृत किया गया।
शाम 7.30 बजे संस्कृति सिद्धा - अध्यात्म व परंपरा समिति अंतर्गत स्वरचित भजन प्रतियोगिता भक्ति के रंग.......सुरों के संग मानस भक्ति का आयोजन जिसमें संपूर्ण राष्ट्र से पधारी विभिन्न प्रदेशों से 3-3 बहनों ने अपने सुमधुर स्वरों से स्वरचित भजन प्रस्तुत कर वातावरण को अध्यात्ममय बना दिया। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय समिति प्रभारी श्रीमती प्रेमा झंवर तथा समिति प्रदर्शक निशा लढ्ढा ने किया। स्वरचित भजनों की ई पत्रिका का विमोचन राष्ट्रीय अध्यक्ष व मंत्री द्वारा कराया।
कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे, निर्देशक एलन कैरियर इंस्टिट्यूट कोटा से श्री गोविंद माहेश्वरी जिन्होंने भजन प्रतियोगिता हेतु निर्णायक मंडल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम की बहुत सराहना की।
इस अवसर विशेष पर अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के अर्थ मंत्री श्री राजकुमार काल्या की विशेष उपस्थिति रही जिन्होंने अपने उद्बोधन में कहा की महिला संगठन टीमवर्क के रूप में शानदार कार्य कर रहा है, चाहे जिला, स्थानीय, प्रदेश सर्वत्र एकजुट होकर राष्ट्रीय स्तर से दिए जा रहे सभी सेवा उपक्रमों को फलीभूत कर रहे हैं। महिलाएं इसी तरह सशक्त होकर सर्वदा कार्य करें और आगे बढ़े। इस राम सत्र में अयोध्या मे सफलतापूर्वक अधिवेशन आयोजित करने हेतू राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समस्त संगठन की बहनों को हार्दिक बधाई भी प्रेषित की।
20 दिसंबर 2025 सुबह की शुरुवात योग प्रशिक्षक डॉ. गोविंद आयुर्वेदाचार्य के अनूठे अंदाज में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम मानस कत्थक योग के साथ की गई जिसके संयोजना संजीवन सिद्धा स्वास्थ्य समिति प्रभारी श्रीमती कुंतल तोषनीवाल, समिति प्रदर्शक श्रीमती मंजू हरकुुट एवं उनकी टीम द्वारा की गई जिसका सभी बहनों ने भरपूर आनंद लिया।
सुबह 10 बजे अष्ट सिद्धा - व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व प्रशिक्षण समिति अंतर्गत सभी प्रदेश अध्यक्षों हेतु आयोजित विशेष कार्यक्रम आपकी अदालत मानस मंच में आंचलिक प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें जूरी मेंबर्स के रूप में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता मूंधड़ा, शोभा सादानी तथा निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा माहेश्वरी थे। जज का दायित्व निभाया राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू बांगड़ ने एवं वकील का कार्यभार संभाला राष्ट्रीय महामंत्री ज्योति राठी तथा राष्ट्रीय समिति प्रभारी नम्रता बियानी ने। कार्यक्रम के आयोजन में समिति प्रदर्शक मधु बाहेती एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा।
11.30 बजे से अखिल भारतीय महिला सेवा ट्रस्ट की बैठक रखी गई जिसका संचालन मंत्री श्रीमती मीना सांवल ने किया। सभी पदाधिकारियों को मंच पर आमंत्रित किया व सभी का स्वागत किया। अध्यक्ष ललिता मालपानी ने ट्रस्ट संबंधी जानकारी प्रदान करवाई तथा नए ट्रस्टियों का स्वागत किया गया। उक्त बैठक में ट्रस्ट की निवर्तमान अध्यक्ष आदरणीय रत्नी मां, संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती गीता मूंदड़ा ने ट्रस्ट की प्रगति हेतु अपने विचार व्यक्त किये तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती मंजु बांगड ने सामाजिक स्तर पर जरूरतमंद महिलाओं की शिक्षा व स्वावलंबन में ट्रस्ट की भागीदारी की प्रशंसा करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
संकल्प सिद्धा ग्राम विकास एवं राष्ट्रोदय समिति अंतर्गत विकसित गांव के मॉडल की आंचलिक स्तर पर प्रतियोगिता पंच तत्व...... ग्राम सत्व मानस विकास आयोजित की गई जिसमें पर्यावरण संरक्षण को महत्ता देते हुए आधुनिक गांव के मॉडल प्रस्तुत किए गए। जिसकी संकल्पना समिति प्रभारी भावना राठी प्रदर्शक रेनू सारडा एवं उनकी टीम द्वारा की गई। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कल्पना गगड़ानी तथा वैशाली बियानी की विशेष उपस्थिति रही। बहनों की सुंदर रचनात्मक कलाकृति की सभी ने बहुत सराहना की।
उद्घाटन समारोह - डॉ. अनुराधा जाजू के संचालन के साथ 4 बजे उद्घाटन सत्र प्रारंभ हुआ। सर्वप्रथम रंग बिरंगे राजपूती परिधानों में सजे उत्तरांचल के पांचों प्रदेश अध्यक्ष तथा सचिव द्वारा पारंपरिक अंदाज में मीठी मनुहार भरे नृत्य तथा घूमर के साथ सभी अतिथियों, पदाधिकारियों तथा सभागार में उपस्थित सभी का भावभीना स्वागत किया गया। कार्यक्रम की उद्घाटनकर्ता केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने सभी अतिथियों के साथ उमा महेश पूजन व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उत्तरांचल की बहनों द्वारा भगवा वस्त्रो मे महेश वंदना प्रस्तुति ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
महामंत्री ज्योति राठी द्वारा सचिव प्रतिवेदन के रूप में पीपीटी के माध्यम से संगठन के कार्यक्रमों की डिजिटल रिपोर्ट प्रस्तुत की जिसकी सभी ने सराहना की। मंच आमंत्रण के साथ सभी अतिथिगण तथा पदाधिकारियों को मंचासीन किया गया। आयोजक संस्था द्वारा मंचस्थ अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया। स्वागताध्यक्ष उत्तरांचल उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू मानधना ने एवं स्वागत मंत्री श्रीमती कमलेश माहेश्वरी द्वारा सभी का उत्तरांचल की धरा पर शाब्दिक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम अध्यक्ष आदरणीय मंजू बांगड़ ने राष्ट्र की तरफ़ से उपस्थित समस्त अतिथियों का स्वागत किया। आपने बताया अयोध्या केवल एक नगर नहीं यह मर्यादा करुणा और धर्म की जीवंत चेतना है। यह वह भूमि है जहा राजसिंहासन से अधिक कर्तव्य को प्रतिष्ठा मिली।. इस पावन धरा पर आयोजित इस कार्यक्रम में उद्घाटन कर्ता के रूप में भारत सरकार की प्रतिष्ठित केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी की उपस्थिति हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने जीवन में दिव्यता लाने के लिए श्री राम का आचरण सर्वोत्तम पाथेय है। आज हम सब संकल्प लें कि हम श्रीराम के आदर्शों को केवल मंच से नहीं, अपने आचरण में जीवंत करेंगे
विशेष सम्मान अलंकरण में सर्व प्रथम पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती शोभा सादानी तथा श्रीमती सुशीला काबरा का सम्मान किया गया। राष्ट्रीय महिला संगठन की तरफ से विशिष्ट, अति विशिष्ट तथा सशक्त महिलाओं का सम्मान किया जाता हैं। महामंत्री द्वारा उनके नाम की घोषणा कर उनका जीवन परिचय तथा उपलब्धियों के बारे में बताकर उन्हें मंच पर आमंत्रित कर उन्हे शक्ति वंदनम सम्मान से सम्मानित किया गया।
आर्मी डॉक्टर, पैराटूपर, कैंसर योद्धा, पर्वतारोही पुणे से डॉक्टर कैप्टन रितु बियानी महिला उद्यमी तथा पर्यावरण संरक्षक कानपुर से वैशाली बियानी, राजनीतिज्ञ राष्ट्रवादी चिंतक एवं समाजसेवी कोलकाता से पूर्णिमा कोठारी, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महिला उद्यमी तथा समाजसेवी कोलकाता से सिद्धि करनानी, प्रतिष्ठित महिला उद्यमी भीलवाड़ा से पल्लवी लढ्ढा, मंचासीन अतिथियों द्वारा सत्र स्मारिका शाश्वतम के मुख्य पृष्ठ का विमोचन किया गया।
उद्घाटनकर्ता श्रीमती अन्नपूर्णा देवी द्वारा अपने उद्बोधन मे कहा... राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती मंजू बांगड़ के नेतृत्व में महिला संगठन बहुत ही अच्छे ढंग से कार्यों को कर रही है। आज इस कार्यक्रम के माध्यम से अयोध्या की यह पुण्य भूमि एक ऐसे आयोजन की साक्षी बन रही है जहां संस्कृति, साधना, संकल्प तीनों का अद्भुत संगम हो रहा है। राम जन्मभूमि हमें याद दिलाती है की मर्यादा जब जीवन का आधार बनती है, तब राष्ट्र महान बनता है। नर सेवा नारायण सेवा की भावना समाज के लिए प्रेरक शक्ति है और संस्कार, संगठन और संकल्प से राष्ट्र निर्माण कैसे होता है यह आपके संगठन ने सिद्ध किया है। नारी केवल शक्ति की प्रतीक नही अपितु शक्ति का साक्षात स्वरूप भी है। आधुनिक सोच के साथ भविष्य निर्माण का भी प्रयास कर रही है। आध्यात्मिक के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से विरासत के साथ विकास के मंत्र को भी अपनाया जा रहा है। आपके संगठन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम आदरणीय प्रधानमंत्री जी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति प्रदान करेगा और स्वदेशी अपनाने का जो मंत्र है उसको भी शक्ति प्रदान करेगा। हमें विश्व में नेतृत्व करना है तो हमें अपनी जड़ों से जुडऩा होगा। सरकार द्वारा लिए जा रहे हैं जनहित कार्यक्रमों को जैसे एक पेड़ मां के नाम, साइबर अवेयरनेस, मेगा मेडिसिनल प्लांटेशन, वस्त्रम प्रोजेक्ट, योग शिविर, भाषा और संस्कृति को लेकर किए जा रहे कार्यक्रमों के साथ महिला व बाल विकास की उन्नति में सहभागिता द्वारा द्वारा बहनों को राष्ट्र सेवा में जुडऩे हेतु प्रेरित किया।
राष्ट्रीय महिला संगठन द्वारा ओजस्वम के अंतर्गत संस्कार सिद्धा समिति की प्रभारी श्रीमती अंजलि तापडिय़ा एवं उनकी टीम तथा अखिल भारतीय महिला सेवा ट्रस्ट के सहयोग से जरूरतमंद मेधावी किशोरियों को 17 लैपटॉप वितरण किए गए।
सम्मानित अतिथि श्रीमती संगीता बियानी चेयरमैन बियानी एजुकेशन ग्रुप ने अपना उद्बोधन द्वारा समाज को पारिवारिक रिश्तों के महत्व को दर्शाते हुए संदेश दिया।
अत्यंत हर्ष तथा गर्व का विषय है कि उक्त कार्यक्रम हेतु विशेष रूप से पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ जी कोविंद का वर्चुअल शुभकामना संदेश भी हमें प्राप्त हुआ जिसे स्क्रीन पर सभी को दर्शाया गया। उन्होंने कहा की अयोध्या की पावन भूमि पर मानस सिद्धि कार्यक्रम के रूप में नई चेतना का संगम बहुत ही सौभाग्य पूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत के भविष्य का निर्माण महिला शक्ति के हाथों में है क्योंकि प्रथम गुरु के रूप में एक मां अपने बच्चों को शिक्षा व संस्कार देती है। मानस सिद्धि कार्यक्रम अखिल भारतवर्ष माहेश्वरी महिला संगठन के लिए नवचेतना, नव दिशा और नव संकल्प का स्रोत बनेगा। इस आयोजन से जुड़ी नेतृत्वकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री सभी पदाधिकारी बहनों और कार्यकर्ता मातृशक्ति को उज्जवल भविष्य निरंतर सेवा और सामाजिक नेतृत्व के लिए हार्दिक शुभकामनाएं तथा बधाई प्रेषित की। सभी बहनों को उनके इस संदेश से मार्गदर्शन व प्रेरणा मिली। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्यामा भांगडिय़ा ने सभी का आभार ज्ञापन किया।
मानस युगांतर-सायं 7 बजे से दिल्ली प्रदेश सचिव लक्ष्मी बाहेती तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव मनीषा राठी के सुंदर संचालन के साथ उत्तरांचल अधिवेशन के रूप में आयोजक संस्था द्वारा सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम मानस युगांतर प्रस्तुत किया गया जिसमें उत्तरांचल के पांचों प्रदेश के कलाकारों का समावेश था। कार्यक्रम सूत्रधार समिति सह प्रभारी राजश्री मोहता तथा उर्वशी साबू के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में प्रस्तुति को पूरे सदन से सराहना मिली। राष्ट्रीय महिला संगठन की तरफ से कलाकारों को 51000/- राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई।
कार्यक्रम में सम्माननीय अतिथि के रूप में मध्य उत्तरप्रदेश से श्रीमती प्रेमा झंवर, निशा काल्या, सुजाता राठी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से श्रीमती विनीता राठी, जयश्री भट्टड़, प्रतिभा राधंड़ तथा रजनी हरकुट उपस्थित थे। सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया।
मानस शिल्पी तथा मानस विकास प्रतियोगिता के निर्णय घोषित कर पुरस्कार वितरण किया गया। मानस विकास प्रतियोगिता में पांचो अंचल के सभी मॉडल का डिजिटल प्रस्तुतीकरण सभी अंचल के सह प्रभारी द्वारा समयबद्धता के साथ किया गया जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बना और समाज को सुंदर संदेश दे गया।
21 दिसंबर 2025 को उत्तरांचल के पांचो प्रदेशों द्वारा रामायण के सशक्त महिला पात्रों की एकल अभिनय प्रतियोगिता मानस अभिव्यंजना में उत्तरांचल के पांचों प्रदेशों को 2-2 किरदार दिए गए थे। इस तरह कुल 10 सशक्त महिला पात्रों की ज्ञानवर्धक प्रस्तुति संपन्न हुई थी, जिनके शानदार अभिनय ने सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। इसका सुंदर संचालन उत्तरांचल की संयुक्त मंत्री श्रीमती मंजू हरकुट ने किया।
निर्णायक मंडल के रूप में कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति रही पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशीला काबरा तथा फिल्म निर्मात्री व अभिनेत्री रूपल मोहता की। सभी विजेताओं व प्रतिभागियों को को पुरस्कृत किया गया। संत वाणी मानस बोध अंतर्गत परम पूज्य मंदाकिनी दीदी श्री रामकिंकर जी द्वारा मानस में मातृशक्ति विषय पर बहुत ही सरल ग्राह भाषा में अपने प्रेरक उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने कहा हमें सनातन धर्म एवं संस्कृति का अनुपालन करना है। रामचरितमानस अब केवल सनातन धर्म की निधि नहीं अपितु सारे विश्व की विलक्षण कृति घोषित कर दी गई है। यूनेस्को के धरोहर में सम्मिलित हो गया है। अयोध्या भूमि श्री राम राज्य की स्थापना का साक्षी है तो रामचरितमानस जन-जन को संदेश देने वाला पवित्र दर्पण है। आप सब लोग यह संकल्प लेकर जाएं कि हम सब श्री राम तथा भरत का अनुपालन करते हुए रामचरितमानस को अपने परिवार तथा जीवन में सार्थक करेगे। कार्यक्रम संचालन बहन प्रभा जाजू द्वारा किया गया।
वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजु बांगड़, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा माहेश्वरी द्वारा महामंत्री ज्योति राठी के नाम की नए सत्र 2026 से 2029 कार्यकाल के लिए अध्यक्ष के रूप में घोषणा की गई। मंजू जी ने नव मनोनीत अध्यक्ष ज्योति राठी के नाम की घोषणा करके पगड़ी पहनाकर स्वागत किया तथा साथ ही उन्हें सफल कार्यकाल के लिए परम पूज्य संत मंदाकिनी दीदी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता मूंदड़ा, शोभा सादानी, सुशीला काबरा के साथ श्री कमल राठी की विशेष उपस्थिति रही। मध्यांचल की बहनों ने स्वागत नृत्य से पूरे सदन को ज्योतिर्मय कर दिया।
अंत मे कार्यकर्ता सम्मान तथा समापन समारोह का प्रारंभ हुआ जिसकी सम्मानित अतिथि श्रीमती अनीता जावंदिया (प्रसिद्ध समाजसेवी एवं संयुक्त मंत्री मध्यांचल) तथा श्रीमती प्रीति तोषनीवाल (राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री) थी जिन्होंने बहुत ही सुंदर शब्दों में कार्यक्रम संबंधित अपने विचार रखें। आयोजक संस्था की तरफ से सभी सहयोगी कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से भोजन व्यवस्था हेतु श्री जय भुराडिया, श्री सतीश करनानी एवं उनकी टीम तथा यातायात हेतु कानपुर युवा संगठन के अध्यक्ष राकेश मूंदडा, उनकी टीम,समाज बंधुओं, प्रदेश बहनों के आत्मीय सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर संचार सिद्धा समिति की टीम के अमृता सारंडा, पूनम, रिंपी कोठारी एवं सदस्यों का भी उनके टेक्निकल सहयोग हेतु सम्मानित किया गया।
अध्यक्ष मंजू बांगड़ ने आगामी नए सत्र के चुनावों के बारे में जानकारी करवाई। सभी प्रदेशों को अपने जिलों तथा स्थानीय क्षेत्रों में 15 जनवरी से 15 फरवरी के मध्य तथा प्रदेश में 15 फरवरी से 15 मार्च तक चुनाव संपन्न करवाने हैं। आगामी बैठक 12-13 अप्रैल 2026 को सूरत में होगी जिसमें प्रदेशों के नए अध्यक्ष को आना होगा। पुराने अध्यक्ष तथा उनकी टीम का सम्मान किया जाएगा और नए अध्यक्ष का स्वागत व अभिनंदन किया जाएगा।
अंत में राष्ट्रीय महामंत्री ज्योति राठी ने पूरे राष्ट्र के 27 प्रदेश तथा नेपाल चैप्टर से आई समस्त बहनों का, सभी अतिथियों का, उत्तरांचल के पांचों प्रदेश विशेष रूप से मध्य उत्तर प्रदेश की पूरी टीम का यथोचित व्यवस्था हेतु राष्ट्रीय महिला संगठन की तरफ से आभार व्यक्त किया। पूरे राष्ट्र से पधारी 650 बहनों की उपस्थिति से कार्यक्रम अत्याधिक भव्यता पूर्वक सफ़ल रहा।
Latest News