अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो 2026 का भव्य समापन, 'दक्षिण बिज़ लाउंज ने स्थापित की नए व्यापारिक सहयोग की मजबूत नींव
राजस्थान की ऐतिहासिक सूर्यनगरी जोधपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी ग्लोबल कन्वेंशन एवं माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो 2026 का समापन समारोह अत्यंत गरिमामय, सफल एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस बहुप्रतीक्षित वैश्विक आयोजन ने माहेश्वरी समाज की सशक्त व्यापारिक परंपरा, उद्यमशीलता और नवाचार की क्षमताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया।
तीन दिवसीय इस महाआयोजन के दौरान 'दक्षिण बिज़ लाउंज अंतरराष्ट्रीय विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। समापन अवसर पर आयोजकों ने बताया कि दक्षिण बिज़ लाउंज ने दक्षिण भारत के माहेश्वरी उद्यमियों को एक सशक्त राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हुए व्यापारिक संवाद, नेटवर्किंग और दीर्घकालिक सहयोग की नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। देश-विदेश से आए हजारों उद्यमियों, उद्योगपतियों और व्यापार प्रतिनिधियों ने लाउंज का भ्रमण कर इसकी अवधारणा, प्रस्तुति और डिजिटल नवाचारों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम के संयोजक श्री संजय मूंदड़ा एवं श्री अमोल चितलांगिया ने समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि समाज के व्यापारिक भविष्य की दिशा तय करने वाला सशक्त मंच सिद्ध हुआ है। उन्होंने बताया कि दक्षिण बिज़ लाउंज के माध्यम से डिजिटल बिजऩेस प्रोफाइल, वीडियो प्रेज़ेंटेशन, क्यूआर-आधारित जानकारी और इंटरैक्टिव नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म के जरिए दक्षिण भारत के उद्यमियों को अखिल भारतीय पहचान मिली है।
टीकेपी प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्री प्रमोद मालपानी ने कहा कि, यह आयोजन समाज के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। दक्षिण बिज़ लाउंज ने युवा एवं नए उद्यमियों को प्रेरणा दी है और आपसी सहयोग को नई दिशा प्रदान की है। आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे।
श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई के अध्यक्ष श्री गौरी शंकर राठी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो 2026 ने दक्षिण और उत्तर भारत के व्यवसायों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। इससे समाज की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ आपसी विश्वास और सहयोग भी सुदृढ़ हुआ है।
एम-सर्कल चेन्नई 1 के अध्यक्ष श्री आशीष झंवर ने बताया कि समापन तक एक्सपो परिसर में विकसित विशेष बिजऩेस क्लस्टर, जिसमें निर्माण, व्यापार, सेवा, निर्यात, टेक्नोलॉजी और नवाचार से जुड़े आठ स्टॉल शामिल थे, आगंतुकों के लिए अत्यंत आकर्षण का केंद्र बना रहा और कई संभावित व्यापारिक समझौतों की नींव पड़ी।
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि माहेश्वरी ग्लोबल कन्वेंशन एवं ग्लोबल एक्सपो 2026 समाज की आर्थिक, औद्योगिक और व्यावसायिक उन्नति की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा तथा भविष्य में इस प्रकार के और भी व्यापक एवं वैश्विक आयोजनों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
समापन समारोह में समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि, प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सुव्यवस्थित, दूरदर्शी और भविष्य उन्मुख बताते हुए आयोजक मंडल के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
Latest News