माहेश्वरी समाज जयपुर द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी एवं सम्मान
श्री माहेश्वरी समाज, जयपुर द्वारा विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं समाज संकल्प कार्यक्रम का भव्य आयोजन माहेश्वरी स्कूल, जवाहर नगर, जयपुर के प्रतिष्ठित तक्षशिला सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ाया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में जयपुर के सुप्रसिद्ध एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. शैलेष लोढ़ा द्वारा डायबिटीज के कारण, रोकथाम एवं आधुनिक निदान पद्धतियों पर विस्तृत और ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों, मधुमेह के दुष्परिणाम, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा समय पर जांच की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया। उनके सरल, सहज और प्रभावी वक्तव्य ने उपस्थित समाजबंधुओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष श्री उमेश सोनी, महामंत्री सीए रोहित परवाल, उपाध्यक्ष अर्थ श्री पूनम चन्द भाला, एमपीएस जवाहर नगर के सचिव श्री संजय बांगड, भवन मंत्री श्री प्रवीण लढ्ढा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. महेश भूतड़ा, तथा स्वास्थ्य जागरूकता समिति के सक्रिय सदस्य श्री सत्यनारायण मोदानी, श्री राज.के. सोनी, श्रीमती ज्योति सोढ़ानी, श्री मोहन तोषनीवाल सहित समाज के अनेक वरिष्ठ एवं गणमान्य सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम निर्धारण, मंच व्यवस्था तथा प्रतिभागियों के मार्गदर्शन में समाज के विभिन्न प्रकोष्ठों तथा स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय सहयोग रहा। स्वास्थ्य जागरूकता को समाज में व्यापक रूप से फैलाने के संकल्प के साथ यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष उमेश सोनी ने जानकारी दी कि 14 दिसम्बर, को EHCC हॉस्पिटल के सहयोग से समाज बंधुओं के लिये एक विशाल मेडिकल शिविर का आयोजन भी किया जा रहा हैं। महामंत्री रोहित परवाल ने स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अधिकाधिक कार्यक्रम आयोजित करने एवं समाजजन को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु प्रेरित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
Latest News