अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन, पुष्कर की वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न
दिनांक 31.08.2025 को श्री अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन, पुष्कर की वार्षिक साधारण सभा अध्यक्ष श्री रामकुमार भूतड़ा की अध्यक्षता एवं महासभा के पूर्व सभापति श्री रामपाल सोनी के मुख्य आतिथ्य एवं महासभा के सभापति श्री संदीप काबरा की गौरवमयी उपस्थिति में मुख्यालय पुष्कर में सम्पन्न हुई जिसमें सुदूर प्रदेशों सहित राजस्थान के लगभग सभी जिलों से सैंकड़ों समाजबन्धुओं की उपस्थिति रही। साधारण सभा में महासभा के अर्थमंत्री श्री राजकुमार काल्या विशिष्ठ अतिथि रहे।
साधारण सभा के प्रारम्भ में भगवान महेश की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर, माल्यार्पण कर सामूहिक महेश वंदना की। तत्पश्चात् महामंत्री ने गत साधारण सभा 5.5.2024 की कार्यवाही रिपोर्ट को पढ़कर सुनाया, जिस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि से पारित किया। तत्पश्चात् सेवा सदन की तृतीय कन्या/तृतीय संतान जन्म प्रोत्साहन एवं सम्मान निधि योजनान्तर्गत 84 मातृशक्ति को 50-50 हजार की एफ.डी.आर. एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महामंत्री श्री रमेशचन्द्र छापरवाल ने बताया कि चयनित 84 मातृशक्ति को तो आज सम्मानित किया गया ही है, इससे पूर्व गत् वर्षों में तृतीय कन्या जन्म प्रोत्साहन योजनान्तर्गत 121 मातृशक्ति को सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त और भी मातृशक्ति द्वारा तृतीय संतानोत्पत्ति पर सेवा सदन को आवेदन प्रेषित किया जायेगा तो निरन्तर यह योजना जारी रहेगी एवं अभी भी कुछ आवेदन-पत्र कमियों के कारण रुके हुए है, शीघ्र उन्हें भी लाभान्वित किया जायेगा, जिससे समाज की जनसंख्या बढ़ाने हेतु समाजजन प्रेरित हो। महामंत्री द्वारा सेवा-सदन के सभी भवनों की व्यवस्थाओं एवं भवनों में करवाये गये नवीनीकरण कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की।
अध्यक्षजी ने अपने उद्बोधन में अयोध्या में निर्माणाधीन भव्यत्तम भवन एवं मुख्यालय-पुष्कर में निर्माणाधीन नवीन विंग की प्रगति पर प्रकाश डाला। गत् वर्ष अयोध्या में हुए ऐतिहासिक भूमि-पूजन की मधुर स्मृतिया भी साझा की। श्री भूतड़ा ने सेवा-सदन के प्रारम्भिक काल से अभी तक समर्पित कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए सेवा-सदन द्वारा किये जा रहे सेवा कार्यों से उपस्थित जन को अवगत करवाया तथा सेवा-सदन के प्रकल्पों हेतु तन-मन-धन से सहयोग प्रदाताओं का आभार भी प्रकट किया। उन्होंनेे समाज की घटती जनसंख्या पर चिंता प्रकट करते हुए इस हेतु आवश्यक विचार करने पर बल दिया।
इसी अवसर पर अयोध्या में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से समाजजन के सम्मुख प्रस्तुत की गई। प्रोजेक्टर में प्रदर्शन के अनुरूप अध्यक्षजी ने क्रमबद्ध विस्तृत जानकारी से सदन को अवगत करवाते हुए निर्माण कार्य में अनुमानित खर्च की भी जानकारी साझा की तथा आगे कहा कि हमारा यह प्रयास था कि यह कार्य आगामी 31 मार्च तक पूर्ण हो जाये और ठेकेदार से भी यही तय किया था परन्तु कुछ विषम परिस्थितियों जैसे तलघर की खुदाई, कुम्भ मेला, कावड़ यात्रा, भयंकर बारिश से यह कार्य 4 माह बाधित रहा, उतना ही विलम्ब से कार्य पूर्ण होने में लगना स्वाभाविक है। भवन निर्माण में प्रारम्भिक तौर पर ही अधिक समय लगता है, अब यह स्थिति है कि आगामी 2-3 माह में ऊपर का काफी कार्य होगा और उसके बाद 6-8 माह में यह पूरा कार्य संपन्न हो जायेगा। इस स्थिति को देखते हुए कार्य पूरा करने के लिये कुछ समय और आपसे चाहते है। आप सबकी स्वीकृति व सहयोग रहता है तो हमारी इच्छा है कि हम यह कार्य पूर्ण कर भवन का लोकार्पण करवाकर संस्था के विधिवत चुनाव करवाये। जिस पर उपस्थित सभी बन्धुओं ने करतल ध्वनि से हर्ष प्रकट करते हुए स्वीकृति प्रदान की एवं वर्तमान सत्र का कार्यकाल बढ़ाये जाने का निर्णय साधारण सभा में लिया गया।
कोषाध्यक्ष श्री मनोहरलाल पुंगलिया द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंकेक्षित लेखा-जोखा ने अनुमोदनार्थ प्रस्तुत किया साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु अनुमानित बजट भी पेश किया। जिस पर उपस्थितजन ने करतल ध्वनि से अंकेक्षित लेखों का अनुमोदन किया एवं अनुमानित बजट को स्वीकृति प्रदान की। कोषाध्यक्षजी ने वर्तमान सत्र में करवाये गये नवीनीकरण कार्यों पर हुए खर्च एवं सेवा-सदन की वर्तमान आर्थिक स्थिति की भी जानकारी साझा की।
अ.भा. माहेश्वरी महासभा के पूर्व सभापति श्री रामपाल सोनी, सभापति श्री संदीप काबरा, अर्थमंत्री श्री राजकुमार काल्या, सेवा सदन के मार्गदर्शक श्री राधामोहन सोनी, श्री सोहनलाल भूतड़ा, श्री रामकुवार मानधना सेवा-सदन के पूर्व अध्यक्ष श्री श्यामसुन्दर बिड़ला ने सभा को संबोधित करते हुए सेवा-सदन द्वारा वर्तमान सत्र में करवाये गये कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की काफी अच्छे सुझाव भी दिये।
महामंत्री रमेशचन्द्र छापरवाल ने बैठक की विषय सूची अनुरूप संचालन किया एवं उपस्थितजनों के सुझावों के अनुरूप समाज एवं सेवा-सदन हितार्थ निर्णय लिये गये।
Latest News