अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन के तत्वाधान में संजीवन सिद्धा स्वास्थ्य समिति द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर हृदय रोगों से बचाव हेतु वर्चुअल वेबीनार का सफल आयोजन
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती मंजू बाँगड़ ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि आज के जमाने मे जीवन में तनाव बहुत बढ़ चुके हैं व दिल की बीमारियां लोगों को कम उम्र से परेशान करने लगी है। अनियमित दिनचर्या व असंतुलित खानपान जीवन का हिस्सा बन चुके हैं। ऐसी परिस्थिति में हृदय रोगों पर सेमिनार अत्यंत आवश्यक है। इसी बात को दृष्टिगत करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस सेमिनार में मुंबई के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर कपिल राठी द्वारा डायबिटीज तथा हृदय रोगों बचाव हेतु जानकारी द्वारा इसका सभी को लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य समिति द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य समिति प्रभारी श्रीमती कुंतल तोषनीवाल ने सदन में हृदय की समस्याओं को समझने हेतु प्रश्न रखे जिनमे कम उम्र में हार्ट अटैक, डायबिटीज मोटापा और ब्लड प्रेशर का हार्ट अटैक से संबंध व कोरोना काल के बाद हृदय संबंधी बीमारियों के कारण संबंधी प्रश्न शामिल किए। सह प्रभारी श्रीमति अर्चना तापडिय़ा ने डॉक्टर कपिल राठी का परिचय प्रदान किया।
मुख्य वक्ता मुंबई के सेवन हिल्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉ. कपिल राठी ने बहुत ही सरल भाषा में सभी प्रश्नो के सटीक उत्तर दिए। पीपीटी व फोटो के जरिए उन्होंने हार्ट अटैक, ब्लड प्रेशर, मोटापा के कारण, लक्षणों को पहचान कर उनसे निजात पाने के तरीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया की हमारे स्वास्थ्य के लिए हम स्वयं जिम्मेदार हैं। संतुलित आहार, व्यायाम व तनाव रहित रहकर हृदय रोगों से निजात पाई जा सकती है। गरिष्ट भोजन से परहेज कर कम से कम 10, 000 कदम प्रतिदिन चलना चाहिए। कसरत निहायत ही जरूरी हैं। नींद पूरी करना व समय समय पर जांच भी करवाना आवश्यक है। स्वास्थ्य की अनदेखी करने से काम बिगड़ सकता है।
कार्यक्रम की सटीक समीक्षा डॉ. अल्पना लढ़ा ने की। सहप्रभारी सुजाता राठी, प्रतिभा नत्थानी व रीना राठी द्वारा पूछे गये प्रश्नों के उत्तर देकर डॉ. कपिल ने सभी की जिज्ञासा शांत की। समिति प्रदर्शक श्रीमती मंजू हरकुट के आभार ने सभी का दिल जीत लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की गई।
Latest News