श्री माहेश्वरी युवक संघ नागपुर द्वारा अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन
श्री माहेश्वरी युवक संघ नागपुर द्वारा संचालित सार्वजनिक दवाखाने के दंत चिकित्सा विभाग की दसवीं वर्षगांठ पर एक गरिमामय अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था ने विभाग के स्थापना सहयोगी एवं प्रमुख दानदाता श्री रामरतन सारडा का उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मान कर कृतज्ञता प्रकट की। समारोह में संघ के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और दंत चिकित्सा विभाग की दस वर्षों की सेवा यात्रा को सराहते हुए सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विभाग में निरंतर सेवा प्रदान कर रहे डॉक्टर दंपति श्री संजोग एवं श्रीमती डॉ. रूपाली चांडक का भी अभिनंदन कर संस्था ने उनकी सेवा भावना का सम्मान किया। इस अभिनंदन समारोह की परिकल्पना दस वर्ष पूर्व के तत्कालीन अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र बजाज, सचिव श्री शरद सोनी, सलाहकार श्री गिरधर चांडक एवं श्री सतीश बियानी ने की थी। इस आयोजन को साकार रूप देने में वर्तमान अध्यक्ष श्री महेश मुरलीधर बजाज, सचिव श्री मुकुंद दरक तथा निवर्तमान अध्यक्ष श्री गोविन्द झंवर एवं कार्यकारिणी की उल्लेखनीय भूमिका रही।
पूर्व अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र बजाज ने इस अवसर पर अपने कार्यकाल में संस्था से जुड़े रहे कर्मठ कार्यकर्ता स्वर्गीय श्री अभिषेक झंवर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। समारोह उपरांत सभी पदाधिकारी श्री रामरतन सारडा के निवास पर पहुँचे, जहाँ उनका पुष्पगुच्छ, स्वागत माला एवं शॉल अर्पण कर भावभीना सम्मान किया गया। बाबूजी श्री रामरतन सारडा ने अपने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी को इसी प्रकार सेवा कार्य में लगे रहने का प्रेरणादायक संदेश दिया। अभिनन्दन समारोह में श्री माहेश्वरी युवक संघ के वर्तमान अध्यक्ष महेश बजाज व सचिव मुकुंद दरक, अखिल भारतीय माहेश्वरी युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद सोनी, नागपुर जिला माहेश्वरी सभा के सचिव सतीश बियानी, नगर माहेश्वरी सभा सचिव गिरधर चांडक, जिला प्रचार मंत्री एवं बधाई संयोजक सुमित चांडक प्रमुखता से उपस्थित थे। माहेश्वरी युवक संघ के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों में सर्वश्री धर्मेंद्र बजाज, कमल कलंत्री, श्रीभगवान भंसाली, गोविंद झंवर, नीरज लोया, गोविंद सारडा, राजेश काबरा, दिनेश डांगरा, आनंद सारडा, महेश भट्टड़, प्रदीप मंत्री, नवरत्न लाहोटी, बनवारी भूतड़ा, आयुष काकानी, कपिल काकाणी, दवाखाना स्टाफ के मेंबर्स ने दस साल के उपलब्धि का जश्न एक दूसरे को बधाई देकर मनाया।
Latest News