मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम जैन का हुआ नागरिक अभिनन्दन
श्रीगंगानगर। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम जैन का नागरिक अभिनन्दन किया गया। इस मौके पर स्थानीय इकाई के नए अध्यक्ष गौरव बिहाणी, सचिव शिव सिंगल, कोषाध्यक्ष केशव गर्ग और टीम को शपथ दिलाई गई। टांटिया यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरमैन डॉ. मोहित टांटिया को युवा चैतन्य सम्मान प्रदान किया गया। मंच के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश अरोड़ा ने अध्यक्षता की, नगर परिषद की पूर्व सभापति करूणा अशोक चांडक एवं मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंकज बरडिय़ा विशिष्ट अतिथि थे। श्रीगंगानगर इकाई की सक्रियता को देखते हुए मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यहां के पूर्व अध्यक्ष गौरव मित्तल को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल करने की घोषणा भी की।
अतिथियों एवं मंच के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वेदप्रकाश लखोटिया ने नर सेवा-नारायण सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि सक्षम एवं समर्थ लोगों को सामाजिक कार्यों में सक्रियता से भाग लेना चाहिए। मंच के कार्यों की सभी ने तारीफ करते हुए कहा कि इसकी पूरे देश में विशिष्ट पहचान है। पूर्व अध्यक्ष गौरव मित्तल, प्रभारी राकेश गोयल, एडवोकेट पूर्ण घोडेला आदि ने स्वागत किया। निवर्तमान अध्यक्ष विविध बिहाणी ने गतिविधियों का ब्यौरा दिया, आभार गौरव मित्तल ने व्यक्त किया। संचालन राकेश गोयल एवं राजकुमार जैन ने किया। समारोह में शहर की अनेक प्रमुख संस्थाओं के पदाधिकारी और गणमान्य जन बड़ी संख्या में मौजूद थे। मंच में शामिल नए सदस्यों कार्तिक राठी, पीयूष मुंडेवाला, कपीश मोहनका, कार्तिक चितलांगिया, ऋषभ बंसल, हिमांशु खारीवाल एवं हिमांशु सिंगल का स्वागत करते हुए पिन लगाई गई।
इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष का सुबह रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत करने के बाद ढोलक की थाप एवं कृत्रिम पटाखों के साथ रोड शो निकाला गया। दुपहिया एवं चौपहिया वाहनों के लम्बे काफिले में बड़ी संख्या में सदस्यगण राष्ट्रीय ध्वज और मंच की पताका लिए हुए थे। रास्ते में भारत माता की जय और युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति के उद्घोष किए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले महाराजा गंगासिंह जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए, रोड शो के दौरान मंच के गोद लिए हुए भारत माता चौक पर माल्यार्पण किया गया।
संयुक्त व्यापार मंडल, दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन, श्री गौशाला, जैन सभा, श्री आत्मवल्लभ जैन गल्र्स कॉलेज, तपोवन ट्रस्ट, श्री माहेश्वरी युवा सेवा समिति, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल समिति, श्रीमती चंद्रकला चांडक चेरिटेबल ट्रस्ट, कुम्हार सभा, वैश्य महासम्मेलन, अणुव्रत समिति, एकता मंच, महाराजा गंगासिंह धरोहर संरक्षण समिति, रोटरी क्लब सिटी, दिगम्बर जैन समाज, एक प्रयास, लायन्स क्लब सेंट्रल, किन्नू क्लब तथा लायन्स क्लब के अध्यक्ष पवन अग्रवाल की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनन्दन किया। श्री अरोड़वंश ट्रस्ट ने प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश अरोड़ा को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
Latest News