श्री माहेश्वरी समाज पूर्वी क्षेत्र इन्दौर द्वारा सम्मान समारोह आयोजित
माहेश्वरी समाज दान, गौ सेवा, धर्मशाला बनाने, शैक्षणिक सहायता करने तथा स्वास्थ्य के लिए सहयोग देने, इन सबमें सबसे अग्रणी है लेकिन समाज के जो परिवार पीछे रह गए हैं, उन्हें बराबरी में लाकर खड़ा करने का असली दायित्व समाज का है। समाज को ऐसे परिवारों की चिंता करनी चाहिए। यह बात चिमूर महाराष्ट्र के विधायक श्री कीर्ति बंटी भांगडिय़ा ने माहेश्वरी समाज पूर्वी क्षेत्र द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में कही। आपने कहा कि राजनीति में समाज के कम प्रतिनिधित्व का कारण हमारी जनसंख्या नहीं बल्कि हमारी काम करने की शैली है। मैं जिस क्षेत्र से तीसरी बार विजयी हुआ हूं उस विधान सभा में समाज के मात्र दस घर हैं। आप जितने लोकप्रिय होंगे, लोगों का काम करेंगे तो आपको अनदेखा नहीं किया जा सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनासा विधायक माधव अनिरूद्ध मारू ने कहा कि हमारा समाज पहले नौकरी देने के लिए जाना जाता था लेकिन समाज के युवा खुद नौकरी के चक्कर में पड़ गए है। हमारे परिवार एकल होते जा रहे हैं जिससे व्यापार संभालने के लिए काम कम पड़ रहे हैं। आपने समाज की घटती हुई जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह इस पीढ़ी का ज्वलन्त विषय है, यदि हमने अभी चिंता नहीं की तो कुछ वर्षों में हमारे समाज के लुप्त होने का खतरा सामने खड़ा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अ.भा.मा. महासभा के निवर्तमान सभापति श्री श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि हमारा समाज भगवान महेश की संतान है और कई विशिष्टताएं लिए हुए है। अ.भा. माहेश्वरी महासभा के अर्थमंत्री श्री राजकुमार काल्या ने कहा कि महासभा अपने जनप्रतिनिधियों का किस तरह उपयोग ले सकती है, इस बाबत अगली बैठक में विषय रखेंगे।
माहेश्वरी प्रीति क्लब द्वारा तीज त्यौंहारों और विरासत में मिले संस्कारों को संजोये रखने की शपथ दिलाई गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अ.भा. माहेश्वरी महासभा के निर्वतमान अध्यक्ष श्री श्यामसुन्दर सोनी नागपुर एवं अ.भा. माहेश्वरी महासभा के वर्तमान में अर्थ मंत्री श्री राजकुमार काल्या, गुलाबपुरा राजस्थान थे। अतिथियों का स्वागत संस्था अध्यक्ष श्री संजय मानधन्या एवं निवर्तमान अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश पसारी एवं स्वागताध्यक्ष श्री गोविंद बेडिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर माहेश्वरी विधायक श्री कीर्ति भांगडिय़ा महाराष्ट्र एवं श्री अनिरुद्ध मारू म.प्र. को समाज गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई। जिसमें माहेश्वरी महिला संगठन पूर्वी क्षेत्र द्वारा चार प्रस्तुति दी गईं। पहली नृत्य प्रस्तुति महेश वंदना पर थीं। दूसरी देश भक्ति भावों से भरी थी। तीसरी प्रस्तुति मारवाड़ी गीत पर आधारित थी। चौथी सीए मनोज-इंदु राठी की बिटिया दिविशा और बेटे विवान द्वारा शिव तांडव स्त्रोत की प्रस्तुति दी गई। उल्लेखनीय है कि इन नन्हे बच्चों का नाम इंडिया बुक्स ऑफ रिकॉर्ड्स और वल्र्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन में दर्ज किया गया है।
महिला संगठन हाई वे क्षेत्र द्वारा महाभारत कुरूक्षेत्र की नाट्य-नृत्य की भावनात्मक प्रस्तुति दी गई। डीडवाना थोक महिला संगठन द्वारा महाकुंभ प्रयागराज पर प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन मंत्री राकेश लखोटिया एवं आभार समन्वयक श्री प्रदीप ईनाणी द्वारा किया गया।
Latest News