माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट, फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-3 कम्युनिटी सेंटर में वाटर कूलर स्थापित
माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट, फरीदाबाद ने जनहित में एक और सराहनीय कदम उठाते हुए दिनांक 27 अप्रैल 2025 को सेक्टर-3 स्थित कम्युनिटी सेंटर में 150 लीटर क्षमता का आधुनिक वाटर कूलर स्थापित किया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को साफ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री कमल आगीवाल, माहेश्वरी मंडल के अध्यक्ष श्री रामकुमार राठी, सचिव श्री श्रवण मिमाणी, कोषाध्यक्ष श्री मालचंद जाजू, महिला मंडल की सचिव श्रीमती ममता भट्टड़, श्री नंदकिशोर झंवर, श्री विपिन मल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने सामूहिक रूप से रिबन काटकर वाटर कूलर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट, सदैव समाज के हित में कार्य करता रहा है और भविष्य में भी इसी तरह जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अपनी सेवा जारी रखेगा। स्थानीय जनता ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए ट्रस्ट का आभार प्रकट किया। माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट का यह कदम न केवल स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है, बल्कि समाज सेवा की भावना को भी सशक्त करता है।
Latest News