श्रीगंगानगर में गणगौर शोभायात्रा का भव्य आयोजन, श्रद्धा और उल्लास से गूंज उठा शहर
श्रीगंगानगर में गणगौर महोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य गणगौर शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से भर दिया। इस शोभायात्रा में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर भाग लिया। श्री माहेश्वरी महिला समिति के तत्त्वाधान में आयोजित इस शोभायात्रा में काफ़ी संख्या में श्रद्धालु व वाहन शामिल हुए।
शोभायात्रा की शुरुआत प्रदीप चितलांगिया के आवास से हुई। श्री माहेश्वरी महिला समिति ने गणगौर की प्रतिमाओं के समक्ष मंगल गीत गाकर व पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया। शोभा यात्रा के दौरान गणगौर माता की सवारी का जगह जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया व पूजा अर्चना की गयी। श्रद्धालुओं ने माता से सुख-समृद्धि और वैवाहिक सुख का आशीर्वाद मांगा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई महावीर दल मंदिर पहुंची, जहां विधिपूर्वक गणगौर माता को पानी पिलाने की रस्म की गयी व सर्वसमाज के मेले में भाग लिया। शोभायात्रा में बैंड-बाजा की स्वरलहरियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ, जिससे यह आयोजन शहरवासियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अध्यक्षा सुनीता बिहानी व प्रदीप चितलांगिया परिवार ने सभी आगंतुकों, सहयोगियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। मां गवरजा की भव्य भजन संध्या आज रात्रि प्रदीप चितलांगिया के आवास पर होगी।
Latest News