अदिति माहेश्वरी, मन्दसौर ने बढाया समाज का गौरव


ओमान देश के मस्कट शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप 2024 के लिए होनहार हॉकी खिलाड़ी अदिति पुत्री अभिनव-मंगला माहेश्वरी का चयन भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ। जूनियर महिला हॉकी एशिया कप 2024 में भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार एशिया कप और स्वर्ण पदक जीता, जिसमें मन्दसौर (मध्यप्रदेश) की खिलाड़ी अदिति ने गोलकीपर के रूप में अपना उत्कृष्?ट प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। यहाँ उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने अपने लीग मैच में चीन से हार का सामना करने के बाद पुन: फायनल मैच में कड़ा मुकाबला करते हुए चीन को हरा कर चैम्पियन का खि़ताब अर्जित किया है। अदिति पिछले वर्ष आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप 2023 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रही है और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एशिया कप और स्वर्ण पदक जीता है। अदिति ने इसके पूर्व गुजरात में आयोजित 36 वें सीनियर नेशनल गेम्स 2022 मे मध्यप्रदेश की ओर से गोलकीपर के रूप में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। अदिति के उक्त प्रदर्शन एवं पूर्व में किए गए प्रदर्शन को दृष्टिगत रखते हुए उसका चयन भारत की जूनियर टीम हेतु प्रशिक्षण केम्प बैंगलौर के लिए हुआ। 

अदिति की बचपन से ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने में विशेष रूचि रही है। अदिति का वर्ष 2017 में भारत की नंबर 1 महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर से प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु चयन हुआ उसके पश्चात अदिति ने अपने खेल मे समर्पित भाव से मेहनत करते हुए निरंतर प्रगति की तथा कई नेशनल प्रतियोगिताओं मे मध्यप्रदेश राज्य की ओर से अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अदिति को विशेष प्रशिक्षण हेतु वर्ष 2018 मे इंग्लैण्ड और नीदरलैण्ड, वर्ष 2022 मे बैल्जियम और नीदरलैण्ड तथा वर्ष 2024 मे पुन: दो बार यूरोप टेस्ट सीरिज के लिए बैल्जियम और नीदरलैण्ड, विदेश जाने का भी मौका मिला। अदिति ने वर्ष 2019 मे नई दिल्ली में आयोजित 26 वें नेहरू जूनियर गल्र्स हॉकी टूर्नामेन्ट मे गोल्ड मैडल प्राप्त किया तथा वर्ष 2019 मे हिसार (हरियाणा) मे आयोजित 9 वें हॉकी इंडिया सब जूनियर नेशनल चेम्पियनशीप मे सिल्वर मैडल प्राप्त किया। वर्ष 2020 से कोरोना काल होने से लगभग डेढ़ वर्ष तक कोई प्रतियोगिताएं आयोजित नही हुई। वर्ष 2021 मे पुन: अदिति ने भुवनेश्वर (उड़ीसा) मे आयोजित प्रथम हॉकी इंडिया जूनियर वुमैन एकेडमी नेशनल चेम्पियनशीप मे सिल्वर मैडल प्राप्त किया। वर्ष 2022 मे ग्वालियर (मध्यप्रदेश) मे आयोजित द्वितीय हॉकी इंडिया जूनियर वुमैन एकेडमी नेशनल चेम्पियनशीप मे गोल्ड मैडल प्राप्त किया। वर्ष 2022 मे उदयपुर (राजस्थान) में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स मे भाग लेकर गोल्ड मैडल प्राप्त किया। वर्ष 2023 मे काकीनाडा (आंद्रप्रदेश) में आयोजित 13 वी हॉकी इंडिया सीनियर वुमैन नेशनल चेम्पियनशीप मे गोल्ड मैडल प्राप्त किया। वर्ष 2023 एवं 2024 मे लगातार जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में एशिया कप और स्वर्ण पदक जीता है। 

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन