कोलकाता के नरेंद्र बागड़ी गौ सेवा कार्यों में तत्परता के लिए बीकानेर में हुए सम्मानित
माहेश्वरी भवन ट्रस्ट बीकानेर के ट्रस्टी और मंत्री नरेन्द्र कुमार बागड़ी, कोलकाता को गौ सेवा कार्यों में उनकी विशेष तत्परता के लिए शिव गोरख गौशाला समिति शोभासर ने सम्मानित किया। श्री शिव गोरख गौशाला समिति के अध्यक्ष जतन देवी व्यास, सचिव शिवदयाल व्यास, संरक्षक बलदेव दास भादाणी व बीकानेर गौशाला संघ के अध्यक्ष सूरजमाल सिंह निमराना की ओर से उन्हें सनातन संस्कृति व गौ माता के संरक्षण तथा मानव सेवा हेतु कार्य में विशेष योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। श्री बागड़ी ने इस सम्मान के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि इसके असली हकदार समाज के कई गणमान्य व्यक्ति हैं जिन्होंने खुले दिल से गौ सेवा कार्य हेतु अनुदान दिया है। श्री बागड़ी ने बताया कि गौ सेवा के कार्यों में प्रमुख रुप से कैबकोन इंडिया लिमिटेड के मदन मोहन फूभड़ा, प्रयागदास गीतादेवी चेरीटेबल ट्रस्ट और पीआरबी सिक्युरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रेम रतन बाहेती, मोहता फाउंडेशन ट्रस्ट के चुन्नी लाल मोहता, उद्योगी फाउंडेशन ट्रस्ट का अतुलनीय सहयोग मिला है। श्री बागड़ी ने कहा कि मैं तो सिर्फ माध्यम मात्र हूं। ट्रस्ट की विभिन्न सेवाओं के लिए ट्रस्ट के ट्रस्टी श्रीकिशन राठी, माणिक लाल डागा, श्रीराम सिंघी, कुंभन दास मूंधड़ा, मनोहर बागड़ी, संजय कुमार डागा, मनोज भैया, अनिल डागा के साथ उप व्यवस्थापक रामकिशन राठी का प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप में सहयोग के बिना ये सभी सेवा कार्य सुसंपन्न करा पाना संभव नहीं था। श्री बागड़ी ने कहा कि ट्रस्ट की शीत कालीन सेवाएं शीघ्र ही आरंभ की जायेगी। कंबल वितरण, गरम लापसी का वितरण मुख्य आयोजनों में विशेष रुप से रहेगा जिसमें समाज का सहयोग सादर अपेक्षित है। यहां उल्लेखनीय है कि माहेश्वरी भवन ट्रस्ट बीकानेर की प्रेरणा से समाज के विभिन्न वर्गों के महानुभावों से सहयोग लेकर बीकानेर में कई गौशालाओं में निर्माण कार्य करवाये गए हैं। श्री शिव गोरख गौशाला समिति, शोभासर में पानी की कुंडियां, चारे के लिए ठाण, कई छोटे बड़े टीन शेड, दीवाल निर्माण, लिफ्टिंग मशीन आदि की सेवाएं निरंतर प्रदान की गई है और आगे भी इसे जारी रखे जाना है। संस्था ने समय समय पर गायों के लिए हरा चारा-सब्ज़ी, लापसी, गुड़, लड्डू की व्यवस्था पानी के टैंकर से जल वितरण के कार्य बीकानेर शहर के अन्तर्गत दूर दराज गोचर भूमि में निरंतर कराये हैं।
Latest News