भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा की कार्यकारी मंडल बैठक एवं तहसील सभा मांडल के तत्वाधान में बागोर ग्राम में आयोजित

भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा की कार्यकारी मंडल बैठक दिनांक 24 नवंबर, 2024 को तहसील सभा मांडल के अनुरोध पर नगर सभा बागोर में आयोजित की गई। बैठक में जिले से अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा, दक्षिण राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा, भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य एवं तहसील सभाओं के अध्यक्ष मंत्री, जिला सभा के कार्यकारी मंडल सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दी। पूर्व सभापति श्री रामपाल सोनी, महासभा के अर्थमंत्री श्री राजकुमार काल्या, महासभा के संयुक्त मंत्री श्री जगदीश कोगटा, प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचानी, महासभा कार्यसमिति सदस्य एवं निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कैलाश कोठारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं महासभा कार्यसमिति सदस्य राधेश्याम सोमानी, जिला सभा के अध्यक्ष अशोक बाहेती, अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला मंडल के पश्चिमांचल संयुक्त मंत्री शिखा भदादा, प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा, जिला अध्यक्ष प्रीति लोहिया, जिला मंत्री भारती बाहेती के साथ ही भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप बलदवा, उपाध्यक्ष रामराय सेठिया, रामकिशन सोनी, मंत्री रमेशचंद्र राठी, अर्थमंत्री सुशील मरोठिया, संगठन मंत्री महेंद्र कांकानी, संयुक्त मंत्री रमेश बसेर, दिनेश तोषनीवाल, जिला कार्यालय मंत्री कृष्ण गोपाल राठी मांडल तहसील सभा के अध्यक्ष पवन मंडोवरा, मांडल तहसील सभा के मंत्री कृष्ण गोपाल ईनाणी, ग्राम सभा बागोर के अध्यक्ष रामबक्ष सोमानी मंचासिन थे।

अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के दिशा निर्देशानुसार जननी सम्मान निधि योजना के अंतर्गत दीप प्रज्जवल एवं भगवान महेश के पूजन अर्चना के लिए मांडल तहसील के भगवानपुरा ग्राम निवासी गोपाल बाहेती के चार संतान होने पर उनके परिवार एवं मंचासिन पदाधिकारियों द्वारा भगवान महेश एवं महासभा के दिशा निर्देशानुसार शौर्य वर्ष 2024 के अंतर्गत राम व शरद कोठारी बंधु एवं अविनाश माहेश्वरी के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा, अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर महेश वंदना के द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

परंपरा अनुरूप मंचासिन पदाधिकारियों का ओमप्रकाश बिड़ला महासभा प्रतिनिधि व मांडल तहसील सभा पदाधिकारियों एवं सदन में उपस्थित सदस्यों का ग्राम बागोर के पदाधिकारियों एवं महिला संगठन के पदाधिकारियों का बागोर ग्राम महिला संगठन अध्यक्ष प्रेम देवी सेठिया एवं उनकी कार्यकारणी द्वारा तिलक लगाकर, दुपट्टा ओढ़ा कर स्वागत अभिनंदन किया गया।

स्वागत उद्बोधन मांडल तहसील अध्यक्ष पवन मंडोवरा एवं बागोर अध्यक्ष रामबक्ष सोमानी ने देते हुए जिला सभा का आभार प्रकट किया कि उनके अनुरोध को स्वीकार कर आज यह आयोजन करने का हमे सौभाग्य मिला।

बैठक की विधिवत कार्यवाही जिला अध्यक्ष अशोक बाहेती की स्वीकृति प्राप्त कर जिला मंत्री रमेश चंद्र राठी ने प्रारम्भ की। जिला सभा की गत बैठक कार्यवाही का सदन से अनुमोदन करने के आग्रह को सदन ने करतल ध्वनि से अनुमोदित किया जिस पर जिला मंत्री ने सदन का धन्यवाद ज्ञापित साथ ही जिला सभा की प्रगति रिपोर्ट सुक्ष्म रूप में प्रस्तुत की।

श्री नगर माहेश्वरी सभा भीलवाड़ा के मंत्री संजय जागेटिया ने अपना वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं भावी कार्य योजना एवं जिला सभा से अपेक्षाओं की तरफ सदन का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही टीकाकरण शिविर की विस्तृत जानकारी भी दी। 

तहसील सभाओं में मांडलगढ़ तहसील मंत्री ओमप्रकाश लड्ढा, मांडल तहसील मंत्री कृष्ण गोपाल ईनाणी, शाहपुरा अध्यक्ष गोपाल कृष्ण पटवारी, भीलवाड़ा ग्रामीण तहसील मंत्री राघवेंद्र सोमानी, बनेड़ा रायला मंत्री पवन न्याति, जहाजपुर अध्यक्ष राधेश्याम नुवाल, सहाड़ा गंगापुर मंत्री पवन सोमानी ने भी अपना प्रगति विवरण एवं भावीयोजनाओं से सदन को अवगत कराया।

महासभा के अर्थमंत्री राजकुमार काल्या ने अपने उद्बोधन में महासभा की योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही समाज की घटती जनसंख्या, तलाक, देरी से विवाह, सगाई संबंधों का छूटना इत्यादि विषयों पर अपने विचार रखें एवं इनके सुधार हेतु सही समय युवक की 23 वर्ष एवं युवती की 21 वर्ष की आयु में विवाह करने का अनुरोध किया ओर बताया कि ऐसे युगल को काल्या फाउंडेशन द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप 51000 रुपए की राशि देने की योजना क्रियान्वित की जा चुकी है। इसी क्रम में पश्चिमांचल महिला संगठन की सयुक्त मंत्री श्रीमती शिखा भदादा ने भी कहा कि हमें अपने बच्चों को 15/16 वर्ष की उम्र में ही उन्हें प्रोत्साहित करना होगा कि सही उम्र पर शादी करे। शादी के बाद भी आप शिक्षा ले सकते हैं, अपना कैरियर बना सकते हैं। अत: उन्हें प्रोत्साहित कर मानसिक रूप से तैयार करना होगा।

महासभा के संयुक्त मंत्री जगदीश प्रसाद कोगटा ने सदन को अवगत कराया की संगठन बहुत ही मजबूती से कार्य कर रहा है परंतु वास्तव में हमे संगठन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद ओर समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का दायित्व हमे मिला है हम सब का दायित्व है कि उन्हें जानकारी देकर उन योजनाओं का लाभ दिलाए, तहसील सभा पदाधिकारी, जिला प्रतिनिधि प्रत्येक तहसील में एक-एक ग्राम के प्रभारी बनकर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ले और उन्हें दिशा निर्देश दे। साथ ही उन्होंने सदन को जानकारी दी की महासभा की फ्लैगशिप योजनाओं में से पांच योजनाएं वर्तमान सत्र में क्रियान्वित करनी है।

महासभा का उद्देश्य मिशन आईएएस 100 जिसमें सन 2030 तक महासभा के माध्यम से 100 आईएएस अधिकारी बनाने का लक्ष्य रखा गया है इसके लिए समाज के 40 वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भावी पीढ़ी को गाइडेंस दे रहे हैं। चयनित युवाओं को संपूर्ण सुविधा छात्रावास दिल्ली के माध्यम से दी जा रही है।

हम भावी पीढ़ी को कैसे जीनियस बनाएं इस पर श्री रमेश परतानी हैदराबाद द्वारा नव दंपतियों के लिए और 9 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए विभिन्न योजनाएं और उनके कार्यक्रम की जानकारी देकर निर्देशित किया जा रहा है। 

साथ ही ABMM इनोवेंट, स्टार्टअप के रूप में हरीश पोरवाल युवा वर्ग एवं कार्यरत उद्यमियों को अपने आइडिया देकर उन्हें व्यापार एवं व्यवसाय के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। महासभा का प्रकल्प भी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से महासभा एवं श्रृंखलाबद्ध संगठन की कार्यप्रणाली, विभिन्न ट्रस्टों की जानकारी देकर प्रशिक्षित कर रहा है।

प्रदेश सभा के वर्तमान अध्यक्ष श्री राधेश्याम चेचानी ने अपने उद्बोधन में बताया कि महासभा की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजनाएं जिला सभा द्वारा क्रियान्वित की जा रही है। इसी क्रम में भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा अतिशीघ्र ही रमेश परतानी का कार्यक्रम भावी पीढ़ी को जीनियस कैसे बनाएं शीघ्र ही आयोजित करने वाला है। मेरा सभी तहसील सभाओं से भी अनुरोध रहेगा की महासभा का ABMM इन्नोवेटिव कार्यक्रम स्टार्टअप तहसील स्तर पर करवाने का प्रयास करें ताकि तहसील एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को नए-नए आइडिया मिले और वहीं पर ही वे अपना व्यापार, व्यवसाय, उद्यम संचालित कर सके।  

आपने समय के अनुरूप महत्वपूर्ण बात कही की बढ़ेंगे तो बचेंगे। इसके लिए महासभा जननी सम्मान निधि तीन या तीन से अधिक संतान पर उन परिवारों का सम्मान, सामूहिक परिवारों में रह रहे परिवारो का सम्मान और उन्हें प्रोत्साहन मिले ऐसा प्रयास करना चाहिए। साथ ही जो नो किड्स की परंपरा चल रही है उसे भी हमें खत्म करनी होगी। समय चक्र घूमता रहता है पूर्व समय में कई परिवारों में बालक अविवाहित ही रह जाते थे। वर्तमान में भी वही स्थिति पुन: आ गई है। साथ ही वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए आपने सदन से अनुरोध किया कि एक वृद्धाश्रम का निर्माण जिला स्तर पर बने ऐसी कार्य योजना लेनी चाहिए।

प्रदेश सभा के निवृतमान अध्यक्ष कैलाशचंद्र कोठारी ने कहा कि सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण मात्र एक जनगणना का विषय नहीं है। महासभा की भावी कार्ययोजनाओं का एवं समाज में हम किस स्तर पर हैं। हमारे समाज की क्या आवश्यकता है और हम उनके अनुरूप कौनसी भावी कार्ययोजना बना सकते हैं जिसका समाज हित में उपयोग हो, इसीलिए महासभा ने सामाजिक आर्थिक, सर्वेक्षण का कार्यक्रम प्रारंभ किया था। भीलवाड़ा जिले में यह कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। साथ ही मांडलगढ़ तहसील सभा का शत प्रतिशत कार्यक्रम पूर्ण होने की जानकारी दी। महासभा की योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी महासभा ने सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण के क्रमांक अनिवार्य कर दिए हैं साथ ही सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण से हमें यह जानकारी प्राप्त हुई कि भीलवाड़ा जिले में लगभग 490 परिवार एक लाख रुपए वार्षिक आय से कम वर्ग के हैं। अत: हम सब का दायित्व है कि उनका वास्तविक सत्यापन कर उचित और पात्र व्यक्तियों को महासभा की योजनाओं का लाभ दिला सके ऐसा सभी सदस्यों को दायित्व निर्वहन करना चाहिए।

जिला अर्थमंत्री सुशील मरोठिया ने वित्तीय वर्ष मार्च 2024 तक के आय व्यय के लेखें सदन में प्रस्तुत किये, जिन्हें सदन में ध्वनि मत से अनुमोदित किया। साथ ही सदन को अवगत कराया कि वर्तमान सत्र में जिला सभा ने विभिन्न ट्रस्टों के माध्यम से मिलने वाली सहायताओं के प्राप्त आवेदन पत्रों को पूर्ण कर पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने का प्रयास किया है। आदित्य विक्रम बिरला व्यापार सहयोग केंद्र के वर्तमान सत्र में पूर्व बकाया राशि की रिकवरी करने का प्रयास भी सार्थक रहा है और हमें आशा है कि शेष पुरानी रिकवरी भी आप सबके माध्यम से शीघ्र ही पूरी हो जाएगी 

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने महासभा के ट्रस्टों में किए गए महत्वपूर्ण बदलाव की जानकारी सदन को दी। आप ने कहा कि समय एवं समाज की आवश्यकताओं को देखते हुए वांछित समाजजनों को ट्रस्ट की योजनाओं का अधिकतम लाभ कैसे मिले इसी को ध्यान में रखते हुए बदलाव किए हैं।

जिला अध्यक्ष अशोक बाहेती ने जिला सभा की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि समाज में शिक्षा के लिए वार्षिक एक लाख रुपए तक आय वर्ग को नि:शुल्क शिक्षा एवं एक से तीन लाख रुपए आय वर्ग को पचास प्रतिशत छूट समाज के विद्यालयों में मिले ऐसा प्रयास रहेगा,साथ ही रोजगार मेले के माध्यम से समाज जनों को उनकी योग्यता के अनुरूप समाज के उद्योगों में रोजगार दिलाने का प्रयास रहेगा।

श्री नगर माहेश्वरी सभा भीलवाड़ा के सीमांकन, पुनर्गठन एवं तहसील सभा करेडा के गठन के प्रस्ताव का सदन ने करतल ध्वनि से अनुमोदन किया। जिला मंत्री रमेशचंद्र राठी ने सदन को अवगत कराया कि जिला सभा में कुछ पद रिक्त हो गए हैं, उनकी पूर्ति करने के लिए सदन स्वीकृति प्रदान करे तो जिला अध्यक्ष जी को अधिकृत किया जाए। जिस पर सदन ने उक्त प्रस्ताव का अनुमोदन किया एवं जिला अध्यक्ष जी को अधिकृत किया।

महासभा के पूर्व सभापति श्री रामपाल सोनी ने अपने उद्बोधन एवं मार्गदर्शन में अपनी बात रखते हुए कहा कि बैठक निर्धारित समय पर प्रारंभ हो जानी चाहिए। आज बैठक का एजेंडा बहुत विषयों के कारण विस्तृत है। काफी समय से बैठक चल रही है। मेरा आप से अनुरोध है कि ऐसा आवश्यक हो तो बैठक को दो सत्र में आयोजित करना चाहिए, ताकि पदाधिकारियों, वक्ताओं को अपना विषय रखने का पूर्ण समय मिल सके, जो अति आवश्यक कार्य, उद्बोधन हो उन्हें प्रथम सत्र में ओर शेष विषय भोजन उपरांत कर लेने चाहिए। आप ने कहा कि एक लाख रुपए तक वार्षिक आय वर्ग के परिवार के लिए ठोस कार्य योजना बनानी चाहिए ताकि ऐसे परिवारों का उत्थान किया जा सके आपने जिला अध्यक्ष जी के भावी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों के बालकों को समाज के संचालित विद्यालयों में शुल्क में छूट की भावना रखी है उस कार्य योजना के लिए समाज के संचालित विद्यालय के प्रबंधको से वार्ता कर योजना बनाए तो अच्छा रहेगा और हमें उनकी सहमति से ऐसा कार्यक्रम क्रियान्वित करने में सुविधा भी रहेगी। आपने कहा कि वर्तमान में जिला सभा के सभी पदाधिकारी सुवस्थित और अच्छा कार्य कर रहे हैं हो सकता है कुछ अनुभव की कमी हो अत: जिला सभा की टीम को अनुभवी पदाधिकारी का मार्गदर्शन लेते हुए कार्य करना चाहिए। आपने समय की मांग के अनुरूप बढ़ेंगे तो ही बचेंगे के उद्घोष को जनसंख्या के लिए ही नही सोचना है वरन साथ-साथ में प्रत्येक क्षेत्र हमे बढऩा हैं, चाहे वह व्यापार हो, व्यवसाय हो, शिक्षा हो प्रशासनिक या राजनीतिक क्षेत्र, तब ही हम बच पाएंगे। अत: हमें प्रत्येक क्षेत्र में बढऩा है। आपने विधवा बहनों को दी जा रही सहायता के लिए कहा कि यदि आवश्यक हो ओर एक ही परिवार में दो बहनों को सहयोग की जरूरत हो तो तहसील एवं जिला सभा ऐसे आवेदन की विस्तृत रिपोर्ट बना कर भेजे। आपने सदन को अवगत कराया कि भीलवाड़ा स्थित कार्यालय से बद्रीलाल सोनी शिक्षा सहयोग केंद्र, जाजू ट्रस्ट, राजस्थान महेश सेवा निधि, बांगड़ मेडिकल वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से 8 करोड़ रुपए की वार्षिक सहायताएं दी जा रही हैं। आपने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि श्रृंखलाबद्ध संगठन महासभा से प्राप्त संपूर्ण योजनाएं, जानकारी दिशानिर्देश को समझे, प्रदेश सभा संपूर्ण जानकारियां जिला सभा को एवं जिला सभा तहसील सभा नगर सभा को दे कर उसी अनुरूप कार्य योजनाएं क्रियान्वित करे। आपने टीकाकरण एवं सामूहिक बिना योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए इसे शीघ्र ही क्रियान्वित करने का निर्देश दिया। आपने अपने जिला अध्यक्षीय कार्यकाल का स्मरण करते हुए सदन को बताया कि उस समय शिक्षा के क्षेत्र मे बद्रीलाल सोनी शिक्षा सहयोग केंद्र के माध्यम से जिले में शिक्षा के प्रति जागृति का ही परिणाम है कि आज भीलवाड़ा जिला शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी है और उसी का ही परिणाम है कि यहां के समाज जनों का जीवन स्तर ऊपर उठा है। आपने जिला एवं तहसील सभाओं को दिशा निर्देश दिया कि बैठक समय समय पर होती रहे ताकि हम अपने कार्यों की समीक्षा कर सकें।  

जननी सम्मान निधि योजना में मांडल तहसील में भगवान पूरा निवासी श्री गोपाल बाहेती के 4 संतान होने पर जननी सम्मान निधि पत्र एवं 11111 ग्यारह हजार एक सो ग्यारह रुपए का चैक जिला सभा भीलवाड़ा द्वारा शगुन राशि के रूप में मंचासिन अतिथियों के माध्यम से प्रदान किया। श्री हितेन मालीवाल को 9 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय स्तर पर जिम्नास्टिक में पदक प्राप्त करने पर सम्मान एवं अभिनंदन पत्र भेंट किया। जिला उपाध्यक्ष श्री रामराय सेठिया एवं उनकी धर्म पत्नी श्रीमती कलावती जी को उनके परिणय  की 40 वी वर्ष गांठ पर सदन ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 

अंत में तहसील सभा मांडल के मंत्री श्री कृष्ण गोपाल ईनाणी ने सभी पधारे हुए अतिथियों, सदस्यों, ग्राम सभा बागोर, युवा एवं महिला संगठन का आभार प्रकट किया। करेडा तहसील से पधारे समाजजनों ने करेडा तहसील सभा गठन की स्वीकृति प्रदान करने पर पूर्व सभापति रामपाल जी सोनी का अभिनंदन कर आभार प्रकट किया।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन