तीसरी संतान होने पर माहेश्वरी महासभा दंपती को देगी 50 हजार रुपये
अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा ने माहेश्वरी समाज की लगातार घटती जनसंख्या को लेकर तीसरी संतान होने पर दंपती को 50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में देने का निर्णय लिया है। महासभा इस रकम की फिक्स डिपोजिट कराएगी। बच्चे के वयस्क होने पर ये पैसा बैंक से मिल जाएगा। महासभा वर्ष 2030 तक सजातीय बच्चों को आइएएस व आइपीएस में चयन के (यूपीएससी) की परीक्षा की तैयारी कराएगी। प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के लिए कार्यशालाएं की जा रही हैं। जल्द ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बच्चों के लिए कार्यशाला अलीगढ़ में होगी, जिसमें अभिभावकों की भी काउंसिलिंग की जाएगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनीत केला, माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष रामकुमार सादानी व जिला माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष संजीव गोदानी ने बताया कि किशनगढ़ में महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीय सभापति संदीप कावरा, महामंत्री अजय काबरा ने ये सभी निर्णय लिए हैं। माहेश्वरी समाज की आबादी लगातार घट रही है। पांच साल पहले देश में 15 लाख जनसंख्या थी। अब मात्र आठ लाख रह गई है। कासगंज में तीन दंपतियों को तीसरी संतान होने पर फिक्स डिपाजिट करा जा चुकी है। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा के लिए मिशन-100 चलाया जा रहा है। 2024 में होने वाली परीक्षा में माहेश्वरी समाज के 450 युवा भागीदारी करने जा रहे हैं। राजनीति में समाज का कम प्रतिनिधित्व होने के कारण युवाओं को प्रशासनिक सेवा में भेजने की योजना है। भारतीय संस्कृति व संस्कारों को संरक्षित करने के लिए माहेश्वरी समाज के बेटा या बेटी की शादी से पहले प्री-वेडिंग शूट करने पर महासभा ने रोक लगा दी है। बिखरते दांपत्य जीवन को बचाने के लिए हर जिले में वरिष्ठजनों की समिति बनाई जाएंगी। जो प्री-मैरिज और पोस्ट मैरिज काउंसिलिंग करेंगी। महासभा के विभिन्न ट्रस्टों के पास 300 करोड़ का बजट है। इसकी ब्याज का 50 प्रतिशत पैसा समाज के विकास व रचनात्मक कामों में लगाया जाएगा। अयोध्या में निर्माणाधीन माहेश्वरी भवन का काम प्रगति पर है। इसमें 400 कमरे, तीन आडिटोरियम व अन्य सुविधाएं होंगी। यह डेढ साल में बनकर तैयार हो जाएगा। यह जानकारी जिला माहेश्वरी सभा कासगंज व एटा के जिला अध्यक्ष राजकुमार जाखेटिया ने दी
Latest News