जोरहाट की राधिका ने एक्चुअरी बन कर दिखाई प्रोफेशन की नई राह
प्रोफेशनल कैरियर में जोरहाट की बेटियों ने हर क्षेत्र में अपना परचम लहराया है। देश ही नही बल्कि विदेशों में भी जोरहाट की बेटियों ने नाम रौशन किया है। उच्च शिक्षा में सफलता की यह ललक इन बेटियों ने विवाह के बंधन में बंधने के बाद भी जारी रखी और फलक पर जोरहाट का नाम शान से चमका। इसी कड़ी में जोरहाट की बेटी राधिका राठी तापडिय़ा एक्चुरियल साइंस में डिग्री हासिल कर उस एलीट ग्रुप में शामिल हो गई, जिसमें देश के गिने चुने लोग ही शामिल है। एक्चुअरी बनने पर बातचीत में राधिका ने कहा कि जीवन में कुछ हट कर करने का ख्याल हमेशा दिमाग में था और आज मिली सफलता से वह अहसास हो रहा है। जोरहाट कार्मेल स्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद राधिका ने डीपीएस गुवाहाटी से बारहवीं और फिर दिल्ली विश्वविद्यालय के अंर्तगत गुरु गोविंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स से स्नातक किया। इस बीच उसने इंस्टीट्यूट ऑफ एक्चुअरीज ऑफ इंडिया द्वारा संचालित पाठ्यक्रम भी अपनाया। बीते सात सालों में पहले मुंबई और फिर बेंगलुरु में बड़ी बीमा कंपनियों में काम का अनुभव हासिल करने वाली राधिका ने जॉब के साथ ही कठिन पढ़ाई भी पूरी की। पाठ्यक्रम की जटिलता को इस बात से समझा जा सकता है कि वर्तमान समय में देश भर में केवल लगभग 650 एक्चुअरी है। राधिका के पति सुदर्शन तापडिय़ा भी वित्तीय सेक्टर से जुड़े है और पढ़ाई के दौरान उन्होंने सदैव राधिका का मनोबल बढ़ाए रखा। वहीं राधिका के ससुर कृष्ण मुरारी तापडिय़ा प्रोफेशनल चार्टर्ड अकाउंटेंट है और राधिका की उपलब्धि में वे एक मेंटर की भूमिका में रहे। ससुराल में माहौल ऐसा है तो जोरहाट में भी राधिका की सफलता की खुशी कम नही है। दादा गणपतलाल राठी और दादी सीता देवी राठी ने राधिका की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि जीवन में अपने लक्ष्यों को लेकर वह हमेशा संजीदा रही। आज मिली सफलता सालों की मेहनत का परिणाम है। वहीं पिता राजेंद्र राठी और मां संगीता राठी के साथ ही छोटे भाई राघव ने भी उसकी इस उपलब्धि को गौरव का क्षण बताया। मालूम हो कि एक्चुअरी वह पेशेवर होता है है, जो निवेश, बीमा और पेंशन के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता से विश्लेषण और आकलन प्रस्तुत करता है। राधिका ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में डिग्री हासिल की है। एक्चुरियल विज्ञान किसी घटना के होने के जोखिम की संभावना का विश्लेषण करता है, ताकि इसके उपयोग से वित्तीय प्रभाव का निर्धारण किया जा सके। एक्चुरियल साइंस का उपयोग आम तौर पर बीमा उद्योग में एक्चुअरी द्वारा किया जाता है। एक्चुअरी किसी घटना का पूर्वानुमान लगाने के लिए गणितीय मॉडल का विश्लेषण करते हैं, ताकि बीमा कंपनी उस घटना के परिणामस्वरूप होने वाले किसी भी दावे का भुगतान करने के लिए धन आवंटित कर सके। वित्तीय अनिश्चितताओं को मापने का यह कौशल ही एक एक्चुअरी को विशेष बनाता है। कुल पंद्रह पेपर क्लियर कर मुकाम तक पहुंची राधिका ने प्रोफेशन चुनने वालों को एक नई राह दिखाई है।
Latest News