नोहर में श्री गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या महाविद्यालय शिक्षा के लिये हुआ समर्पित
नोहर में श्री गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या महाविद्यालय का उद्घाटन 28 जून 2024 को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मित्र ने किया। इस महाविद्यालय का निर्माण गोरीशंकर बिहाणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा करवाया गया है। महाविद्यालय के निर्माण पर करीब 6 करोड़ रुपये खर्च हुये है। इस मौके पर आयोजित समारोह में पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, नोहर विधायक अमित चाचाण, भामाशाह लक्ष्मीनारायण बिहाणी, ओमनारायण बिहाणी आदि मंच पर उपस्थित थे। राज्यपाल के नोहर पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों के अलावा बिहाणी परिवार द्वारा स्वागत किया गया। समारोह में सर्वप्रथम राज्यपाल कलराज मिश्र ने संविधान की प्रस्तावना व संविधान में दिये गये कर्तव्यों का वाचन किया। समारोह में विचार व्यक्त करते हुये राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि समाज व देश के विकास का प्रमुख आधार ही शिक्षा है। शिक्षा के माध्यम से परिवर्तन की बयार लाई जा सकती है। राज्यपाल ने बिहाणी परिवार को साधुवाद देते हुये कहा कि बिहाणी परिवार ने शिक्षा के साथ साथ प्रत्येक क्षेत्र में विकास के कार्य करवाकर अनुकरणीय कार्य किये है। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि स्वर्ग से भी श्रेष्ठ होती है। यह बात बिहाणी परिवार की जन्मभूमि के प्रति लगाव से सिद्ध होती है। बिहाणी परिवार द्वारा बनाये गये महाविद्यालय से क्षेत्र की बालिकाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने में सुविधा होगी। पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि नोहर में बिहाणी परिवार द्वारा बनाया गया महाविद्यालय बालिकाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। डॉ. बी.डी. कल्ला ने सेठ गौरीशंकर बिहाणी को त्याग व दान की प्रतिमूर्ति बताते हुये कहा कि उन्होंने जन्मभूमि नोहर से लगाव कभी कम नहीं होने दिया। उनकी सोच थी कि महिलाए आर्थिक व शैक्षिक रूप से सम्पन होने से ही देश व समाज आगे बढ़ेगा। विधायक अमित चाचाण ने कहा कि बिहाणी परिवार के बगैर नोहर का विकास अधूरा है। उन्होंने दशको पूर्व ही क्षेत्र में मूलभूत सुविधाए उपलब्ध करवाई थी। बिहाणी परिवार ने ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जिसमें विकास कार्य न करवाये ही। क्षेत्र में विकास कार्यों में बिहाणी परिवार द्वारा दिया गया योगदान हमेशा चिरस्थायी रहेगा। भामाशाह ओमनारायण बिहाणी ने कहा कि उनके पिता गौरीशंकर बिहाणी ने पूरे परिवार को जो संस्कार दिये थे उनका परिणाम है कि उनके द्वारा शुरू कि गई विकास की यात्रा अनवरत जारी है। उन्होंने कहा कि उनके पिता का मानना था कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। उन्होंने सदैव साधा जीवन उच्च विचार को महत्व दिया। ओमनारायण बिहाणी ने कहा कि शिक्षा रूपी ज्ञान समाज व देश को कमजोर नहीं होने देता। विकास का प्रमुख आधार ही शिक्षा है। उन्होंने नोहर क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों ने उनके परिवार को जो मान सम्मान व प्यार दिया है इसके लिये उनका परिवार सदैव आभारी रहेगा। भामाशाह ओमनारायण बिहाणी ने क्षेत्र के लोगों को विश्वास दिलाया कि उनके पिता द्वारा शुरू किया गया विकास का क्रम निरंतर जारी रहेगा। ओमनारायण बिहाणी ने राज्यपाल के समक्ष कन्या महाविद्यालय में वाणिज्य व विज्ञान संकाय शुरू करवाने की बात रखी। लक्ष्मीनारायण बिहाणी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका परिवार नोहर क्षेत्र के हर छोटे-बड़े कार्य के लिये सदैव तैयार है। उन्होंने कहा कि मनुष्य चाहे कही पर भी व्यापार करे मगर जन्मभूमि का कर्ज कभी नहीं उतारा जा सकता। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मोदी ने आभार व्यक्त किया। समारोह में श्रीनारायण बिहाणी, विजयनारायण बिहाणी, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेन्द्र चाचाण, केशव बिहाणी, राजेश बिहाणी, तरूण बिहाणी, अतुल बिहाणी, राघव बिहाणी, रोहित बिहाणी, विवेक बिहाणी, मनीष बिहाणी, नोहर नागरिक परिषद जयपुर के अध्यक्ष श्रवण शर्मा, एफसी जैन, विजय बिरानी, बालकृष्ण गोल्याण, अमित थिरानी, पंचायत समिति प्रधान सोहन दिल, माकपा नेता मंगेज चौधरी, कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष बलवीर सुथार, पूर्व पार्षद राजेन्द्र थिरानी, सुरेश पांडिया, महाविद्यालय प्राचार्य श्रीमती सरोज न्योल, एडवोकेट बाबूलाल चाचाण, ग्रेन मर्चेन्ट एशोसियेशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश सुथार, पार्षद मुकेश मिश्रा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। राज्यपाल के नोहर आगमन पर पुलिस के जवानो द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंच संचालन प्रदीप पुरोहित ने किया। अतिथियों का बिहाणी परिवार द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कानाराम, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित अनेक विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। राज्यपाल कलराज मित्र ने महाविद्यालय में लगाई गई गोरीशंकर बिहाणी व नर्बदा देवी बिहाणी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
Latest News