15 जून 24 को माहेश्वरी समाज के उत्पति दिवस महेश नवमी के पावन अवसर पर तेजपुर में एक दिवसीय महेश नवमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी महिला समिति व माहेश्वरी युवा संगठन ने स्थानीय श्री मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, खेलकूद व सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया। प्रात: 6.30 बजे श्री महाभैरब मंदिर से श्री मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला तक प्रभात फेरी का आयोजन एवं उसके बाद अन्य कार्यक्रमों के अंतर्गत धर्मशाला प्रांगण में महेश पूजन, शिव अभिषेक व संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी आम जनमानस को अन्नपूर्णा रसोई के तहत खिचड़ी प्रसाद का वितरण एवं स्थानीय सिविल हॉस्पिटल व वृद्धाश्रम में अन्न, फल, ब्रेड, बिस्किट व अन्य खाद्य सामग्री आदि का वितरण किया। युवा संगठन ने इस अवसर पर इन्डोर गेम्स के अंतर्गत विभिन्न श्रेणी में बॉक्स क्रिकेट, शतरंज, केरेम व लूडो खेल का आयोजन किया। जिसमें हमारे समाज के हर उम्र के लोगों ने सहभागिता निभाई व खेलों का आनंद लिया। शाम को महिला समिति द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। महेश नवमी के राष्ट्रीय आयोजन के अन्तर्गत महिला समिति ने भारतीय संस्कृति की पहचान साड़ी के पहनावे को बढ़ावा देने के उदेश्य से गत 8 जून 24 को साड़ी वाकेथान का शानदार आयोजन किया। इसी कडी में युवा संगठन ने 16 जून 24 को स्थानीय सिविल हॉस्पिटल के रक्त बैंक में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी महेश नवमी के अवसर पर माहेश्वरी समाज के वरिष्ठ सदस्यों का अभिनन्दन किया गया। इस वर्ष भी पुरे मारवाड़ी समाज के मेघावी छात्र छात्राओं को स्वर्गीय किशन डागा की स्मृति में सर्टिफिकेट के संग उपहार देकर सम्मानित किया गया। शाम को सामूहिक महाप्रसाद के अलावा प्रात: जलपान व दोपहर के भोजन की भी सुव्यवस्था की गई। इस एक दिवसीय महोत्सव में शामिल होने के लिए तेजपुर के निकटतम स्थानों जैसे गोहपुर, बागमारी, विश्वनाथ चाराली, जामुगुडी ढेकियाजुली, रंगापारा, जखलाबंदा, कुँवरितोला, मिस्सा से भी माहेश्वरी बंधू पधारे व कार्यक्रम की शोभा बढाई। कार्यक्रम के उद्घाटन में अध्यक्षीय सम्बोधन में अध्यक्ष श्री रामावतार झंवर ने महेश नवमी महोत्सव में पधारे सभी सम्मानीय समाज बंधुओ का हार्दिक अभिनन्दन व स्वागत किया। समाज के उत्पति दिवस महेश नवमी के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का महत्त्व हमारे लिए इसलिए ज्यादा है कि इसके चलते अपने समाज में आपसी घनिष्ठता बढ़ती है। उन्होंने उपस्थित समाज बंधुओ को सहर्ष सूचित किया की तेजपुर में प्रस्तावित माहेश्वरी भवन की भूमि के दानदाता श्री कमल लद्धड़ ने भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही चालू कर दी है और बहुत जल्द ही भूमि माहेश्वरी सेवा सदन, तेजपुर के नाम हस्तांतरण हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इस भूमि की कीमत करीब पांच करोड़ रूपए है। हमारी कोशिश यही है कि प्रस्तावित माहेश्वरी भवन का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू हो जाये। उन्होंने डागा परिवार का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सौजन्य से स्वर्गीय किशन डागा की स्मृति में माहेश्वरी सभा द्वारा पुरे मारवाड़ी समाज के मेघावी छात्र छात्राओं को दिये जाने वाले सम्मान के चलते तेजपुर के मारवाड़ी समाज में माहेश्वरी समाज को विशेष सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज के सदस्यों का अन्य सामाजिक संगठनो में भी महत्वपूर्ण योगदान देते रहने के चलते उनको उन संगठनो में महत्वपूर्ण सम्मान प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि ये हमारे लिए गर्व की बात है कि श्री बिष्णु डागा को इस वर्ष स्थानीय मारवाड़ी युवा मंच का सचिव मनोनीत किया गया है। अध्यक्ष ने आगे कहा कि इस वर्ष महेश नवमी के महोत्सव को आयोजित करने की सारी जिम्मेदारी हम लोगों ने हमारी नई पीढी को सौंपी थी। जिसे उन्होनें बखूबी निभायी। उन्होंने कहा कि आप सभी समाज बंधुओ का सहयोग ही हमें अपने सामाजिक दायित्व को निभाने के लिए प्रेरित करता है। मुझे उम्मीद ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि आगे भी आप का तन मन धन से सहयोग हमें सदैव मिलता रहेगा।
उपस्थित समाज बंधुओ को पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा के कोषाध्यक्ष श्री जुगल डागा ने भी सम्बोधित किया। महेश नवमी महोत्सव संयोजक श्री अरुण बाहेती ने अपने सम्बोधन में सभी समाज बंधुओ के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया व कहा कि सामाजिक दायित्व निभाते हुए हम लोगो से भूलवश कुछ त्रुटियां होनी लाजिम है जिसके लिए हम क्षमापार्थी है और आप से निवेदन करते है कि आप हमें नि:शंकोच उन त्रुटियों के बारे मे बताये ताकि उनको अतिशीघ्र सुधारा जा सके एवं भविष्य मे ऐसी त्रुटियों से बचा जा सके। कार्यक्रम के समापन पर सभा सचिव श्री संदीप लढा ने उपस्थित सभी आगंतुक अतिथिगण एवं सभी सम्मानीय सदस्यगण को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभा, महिला समिति व युवा सगठन के सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी सदस्यों की भागीदारी, सक्रियता एवं सहयोग के बिना यह कार्यक्रम ऐसी भव्य सफलता को प्राप्त नहीं हो सकता था। उन्होंने श्री गजेंद्र जाजू का जिन्होंने खिचड़ी प्रसाद का व श्री हरी प्रसाद बिहानी का जिन्होंने प्रभात फेरी के प्रसाद का सहयोग प्रदान किया, का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष तौर पर महेश नवमी महोत्सव संयोजक श्री अरुण बाहेती व उनकी टीम, जिनके अथक प्रयास व कुशल प्रबंधन से इस कार्यक्रम को सफलता का नया आयाम मिला, की भूरी भूरी प्रशंसा की व धन्यवाद दिया। उन्होंने सभा अध्यक्ष श्री रामावतार झंवर, समिति अध्यक्षा श्रीमती सुमित्रा चांडक, युवा संगठन अध्यक्ष श्री मोहित सोमानी, समिति सचिव शर्मीला लोहिया, संगठन सचिव गोविन्द लदड़, सभा कोषाध्यक्ष राजेश डागा, पूर्व सभा अध्यक्ष घनश्याम सोमानी, पूर्व सभा सचिव प्रेम झंवर, न्यास अध्यक्ष श्री कमल लदड़ को उनके सहयोग व मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। अंत में उन्होंने कहा कि श्री श्याम लद्धड़ (भोजन प्रबंधक), मंच संचालक श्रीमती रश्मि लढा, श्रीमती ज्योति लोहिया, श्रीमती अमृता चांडक व श्री बिष्णु डागा, खेलकूद संचालक श्री राकेश सोनी, श्री अंकित मंत्री व श्री अमन सारडा व अन्य कर्मठ कार्यकर्ता श्री दुर्गा प्रसाद राठी, श्री राधेश्याम झंवर, श्री मनोज जाजू, श्री सुशील बागड़ी, श्री श्याम सुन्दर बिहानी, श्रीमती शैली सोनी, श्रीमती दुर्गा माहेश्वरी, श्रीमती जया लदड़, श्री भगवत झंवर, श्री आयुष बिहानी, श्री रौनक माहेश्वरी, सुश्री गरिमा लदड़, श्री विशाल झंवर, श्री हिमांशु लढा व अन्य का सराहनीय योगदान रहा।