महाजन में महेश नवमी समारोह आयोजित
माहेश्वरी समाज महाजन ने श्रीमद् भागवत गीता में उल्लेखित कर्मयोग को अपने जीवन का ध्येय बनाते हुए संस्कारों और संस्कृति को बचाने के लिए कार्य किया है। ये उद्गार समाजसेवी मालचंद झंवर ने व्यक्त किए। वे श्री माहेश्वरी सभा महाजन की ओर से वार्ड संख्या 3 में आयोजित महेश नवमी समारोह में बोल रहे थे। श्री माहेश्वरी सभा महाजन के अध्यक्ष रमेश कुमार राठी ने कहा कि माहेश्वरी बंधुओं को आर्थिक क्षेत्र के साथ-साथ राजनैतिक प्रशासनिक और जीवन के अन्य क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका का निर्वहन करना होगा। कार्यक्रम में जिला माहेश्वरी सभा के उपाध्यक्ष डॉ. मदन गोपाल लढ़ा ने समाज की दशा और दिशा के संबंध में विस्तार से चर्चा की और संस्कृति की श्रेष्ठ विरासत को बचाने के लिए जरूरी बिंदुओं पर ध्यानाकर्षण किया। माहेश्वरी सभा के मंत्री जगदीश बिहाणी ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने सेवा को परम धर्म मानते हुए प्राणी मात्र के हित में यशस्वी कार्य संपादित किए हैं। अतिथि के रूप में बोलते हुए श्रीडूंगरगढ़ के पवन कुमार सोमानी ने कहा कि राष्ट्रीय विकास में माहेश्वरी समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। माहेश्वरी सभा महाजन की ओर से उपाध्यक्ष संजय राठी ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए संस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सरपंच बजरंग लाल नाढानी भंवर लाल चांडक, बजरंग लाल लखोटिया, प्रभु दयाल झंवर आदि ने भी विचार व्यक्त किए। संस्था के कोषाध्यक्ष सुशील लखोटिया ने सभा की आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला और गत 3 वर्षों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया।
इससे पूर्व मंचासीन अतिथियों के द्वारा भगवान महेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। समस्त समाज बंधुओं ने सामूहिक रूप से महेश वंदना करके भगवान शिव की पूजा अर्चना की। कार्यक्रम में शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों का प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र से सम्मान किया गया। समारोह में बच्चों ने सुरुचिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जिन पर उपस्थित लोगों ने खूब वाहवाही की। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। अवनी लखोटिया, पूर्वा राठी, मयंक राठी, मौलिक लढ़ा, अंशु बिहाणी, दिशांत लढा, हेंमत राठी, आराध्या चाण्डक, कृष्णा बिहानी, नेहा लखोटिया को शैक्षणिक प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माहेश्वरी सभा की ओर से श्रीमती सोनू लखोटिया, मयंक राठी व वैभव बिहानी ने क्विज कंपटीशन और विभिन्न गेम्स का आयोजन किया गया जिसमें माहेश्वरी समाज से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले विजेताओं को मौके पर ही गिफ्ट हैंपर से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन अंशु बिहाणी और नेहा लखोटिया के द्वारा किया गया।
Latest News