छत्तीसगढ़ प्रदेश माहेश्वरी सभा द्वारा प्रादेशिक महिला संगठन एवं प्रदेश युवा संगठन के संयुक्त तत्वाधान में माहेश्वरी बिजनेस कॉन्क्लेव 2024 का आयोजन रायपुर के कोर्टयार्ड मैरियट होटल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध उद्योगपति कमल सारडा थे। उन्होंने समय प्रबंधन, आध्यात्म, व्यापार व परिवार में संतुलन के सूत्र दिए तथा टीम पर विश्वास करने व उसे पर्याप्त अधिकार देने को भी अपनी सफलता का मंत्र बताया।
बेंगलुरु से आए प्रबन्धन विशेषज्ञ विक्रम लिमसे ने कहा कि व्यापारिक कांफ्रेस आज की आवश्यकता है। व्यापार को बढ़ाना चाहते है तो उसका उद्देश्य ढूंढिए, कि क्यों आप व्यापार बढाना चाहते है? ब्रांड केवल सर्विस या उत्पाद से नही बनता। ब्रांड के लिए सबसे बड़ा महत्व इमोशन का है और इमोशन की करेंसी को समझने पर ही आप ब्रांड स्थापित कर पाएंगे। व्यापार में क्या करना है? यह पता होना जितना आवश्यक है उससे ज्यादा क्या नही करना है? यह पता होना चाहिए। आगे बढऩे के लिए कुछ उचित स्थानों पर आपको नहीं बोलना भी आना चाहिए।
बिजस्टार्ट मुम्बई के संस्थापक व प्रबंधन विशेषज्ञ हितेश पोरवाल ने कहा कि व्यापार किसी न किसी समस्या का समाधान होता है अत: हमें समस्या से प्यार करना चाहिए यह हमें एक नए व्यापार की प्रेरणा देता है व अवसरों का रास्ता खोलता है। विचार अधिकांश के दिमाग मे आते हैं पर बहुत ही कम लोग उसके लिए जुनून के साथ प्रयास करते है। लाल सागर और नीला सागर के माध्यम से बाजार को समझाया। नई तकनीक के प्रयोग, नवाचार, नए प्रयोग हेतु सदैव तैयार रहना आदि व्यापार में लाभ कमाने के तरीके हैं। व्यापार की समस्या का कारण जानने के लिए उन्होंने 5 Why प्रश्न का तरीका बताया। ABMM Innovate कार्यक्रम के तहत बिजस्टार्ट में नि:शुल्क पंजीयन कर 800 से अधिक नए व्यापार आइडिया से परिचित होने हेतु प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया। उपलब्ध अधिकांश प्रतिभागियों ने शेयर की गई लिंक के माध्यम से बिज़स्टार्ट में पंजीयन कराया।
व्यापार प्रबंधन के सूत्र को समझाने के साथ साथ इस कॉन्क्लेव में वचन डेयरी प्रोडक्ट, सारडा एनर्जी एण्ड मिनरल्स लि., स्पोर्टी बीन्स पुणे, रामा टी. एम. टी. स्टील, सूर्यांश सोलर, कोटक महिंद्रा बैंक, बैंक ऑफ इण्डिया, सर्वोत्तम एडिबल आयल, जोन ऑफ फ्रेश फूड -जोफ के प्रतिनिधि मण्डल द्वारा अपने उत्पाद व सेवाओं को विस्तार से समझाया गया व प्रतिभागियों को व्यापार करने हेतु विभिन्न श्रेणियों के प्रस्ताव दिए गए। युवा प्रतिभागियों ने व्यापार हेतु आये इन प्रस्तावों हाथों हाथ लिया।
स्व सेठ मीठालाल राठी चेरिटेबल ट्रस्ट के गोपाल राठी एवं श्री राम फायनेंस कॉ. प्रा. लि. के गणेश भट्टड़ भी इस कार्यक्रम के सहयोगी थे। माहेश्वरी बिजनेस कॉन्क्लेव कार्यक्रम की विशेषता यह थी कि यह वन वे कार्यक्रम नहीं था इसे टॉक शो के तर्ज पर तैयार किया गया था जिसमें विशेषज्ञों ने अपनी बात बताई जिसके बाद प्रतिभागियों को उनसे प्रश्न पूछने व अपनी जिज्ञासा शांत करने का अवसर भी प्रदान किया गया।
समापन सत्र में पूर्व अध्यक्ष छग प्रदेश माहेश्वरी सभा राजकिशोर गाँधी द्वारा अपने वक्तव्य में आयोजन की निरंतरता के पक्ष पर विचार देते हुए कहा गया कि इससे समाज का प्रत्येक युवा आने वाली व्यापारिक चुनौतियों के लिए दृढ़ता के साथ तैयार रहेगा। समापन सत्र में कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए प्रतिभागियों में से जितेश मोहता रायपुर व प्रशांत गाँधी भाटापारा ने अपने विचार रखे। अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश माहेश्वरी सभा सुरेश मूंधड़ा ने स्वागत भाषण दिया व कहा कि भविष्य में भी ऐसे उपयोगी व समय अनुकूल आवश्यक कार्यक्रम लिए जाते रहेंगे। कार्यक्रम संयोजक सीए अजय सोमानी थे जिन्होंने बताया कि 200 लोगों ने कार्यक्रम में पंजीयन कराया जो कि हमारे लक्ष्य से काफी ज्यादा था। उन्होंने कार्यक्रम के अच्छे प्रतिसाद के लिए प्रतिभागियों को धन्यवाद किया। होटल कोर्टयार्ड मैरियट रायपुर में सुबह 9 से शाम 6 बजे तक विभिन्न सत्रों में माहेश्वरी बिजनेस कॉनक्लेव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की महामंत्राणी ज्योति राठी, अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति कार्यालय मंत्री नारायण राठी, निवृतमान अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश माहेश्वरी सभा रामरतन मूंधड़ा, पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश माहेश्वरी सभा विठ्ठल भूतड़ा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा संगठन नरेश चाण्डक सहित छत्तीसगढ़ के विशिष्ट जनों की कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के आयोजन में प्रदेश मंत्री नंदकिशोर राठी, अर्थ मंत्री सीए मनोज राठी, संगठन मंत्री गजेंद्र चाण्डक, सहमंत्री जगदीश चाण्डक दुर्ग, राजनांदगांव जिला सचिव गगन लढ्ढा, पंजीयन समिति में राजेश मूंधड़ा, दीपक लढ्ढा, निखिल मानधनिया एवं संजय मल, मीडिया संयोजक विष्णु सारडा एवं अन्य टीम सदस्यों ने अपनी भूमिका निभाई।