माहेश्वरी समाज बीकानेर का होलिका महोत्सव 2026 - भक्ति, संस्कृति और एकता का अनुपम संगम
श्री माहेश्वरी नवयुवक मण्डल, बीकानेर द्वारा आयोजित होलिका महोत्सव 2026 का भव्य, गरिमामय एवं सांस्कृतिक आयोजन स्थानीय लक्ष्मी हेरिटेज में अत्यंत हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के बंधुओं ने सपरिवार बड़ी संख्या में सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना सुश्री वरुणिका भट्टड़ द्वारा प्रस्तुत मनोहारी गणेश वंदना से हुआ। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने समूचे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। इसके पश्चात श्री सखीज़ ग्रुप द्वारा दमदार भक्ति संगीत, पारंपरिक होली गीतों एवं फागण धमाल की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। रंग, रस और राग के इस संगम ने उपस्थित समाजबंधुओं को झूमने पर विवश कर दिया।
ठाकुरजी संग फूलों की होली कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। पुष्पवर्षा और भक्ति भाव के साथ आयोजित इस होली ने सभी के हृदय को आनंद और श्रद्धा से भर दिया। संपूर्ण आयोजन में परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। वातावरण में उल्लास, आत्मीयता और भाईचारे की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
कार्यक्रम के समापन पर सपरिवार स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समाजबंधुओं ने स्नेहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन की सफलता में मण्डल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। मण्डल से मुख्य रूप से श्री विमल दम्मानी, श्री महेश चांडक, श्री चांदरतन मूंधड़ा, श्री सुनील सारड़ा, श्री नवरतन मल, श्री अशोक सारड़ा, श्री अंकित चांडक एवं श्री राधेश्याम सारड़ा सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
Latest News