माहेश्वरी महिला समिति गुवाहाटी ने बालिकाओं को लगाया एचपीवी का तीसरा डोज
छत्रीबाड़ी गुवाहाटी स्थित असम माहेश्वरी भवन में माहेश्वरी महिला समिति (अंतर्गत माहेश्वरी सभा) के तत्वावधान में बालिकाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैक्सीन लगाओ बेटी बचाओ के तहत तीसरा और फाइनल डोज एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) सर्वावेक वैक्सीन शिविर लगाया गया। पहला डोज गत 29 जून, दूसरा 31 अगस्त व तीसरा 20 दिसंबर को लगाकर कोर्स पूरा किया गया। समिति की अध्यक्ष वर्षा सोमानी ने बताया कि इस वैक्सीन में 9 से 14 वर्ष तक दो डोज और 15 से 26 वर्ष तक तीन डोज लगते हैं। समिति द्वारा कुल 170 बालिकाओं को इस वैक्सीन का पूरा कोर्स कराया गया। समिति की मंत्री पुष्पा सोनी ने बताया कि सभी बालिकाओं को ये वैक्सीन नि:शुल्क लगाए गए हैं। स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं। तीन सत्रों में हुआ यह पूरा कार्यक्रम डॉक्टर कंचन मुरारका की देखरेख में संपन्न हुआ। संयोजिका वंदना बिहानी, मीनाक्षी मिमानी व शोभा लढ्ढा ने बताया कि बालिकाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर के लिए ये डोज अति आवश्यक है। इस अवसर पर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सीताराम बिहानी, मंत्री सुरेंद्र लाहोटी, सहमंत्री नारायण गट्टानी, ट्रस्ट अध्यक्ष भगवानदास दम्मानी, युवा संगठन से कैलाश चितलांगिया, समिति की पूर्वोत्तर उपाध्यक्ष सीता झंवर सहित कई पूर्व अध्यक्षाएं और समिति कार्यकारिणी की सभी सदस्याएं आदि उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाना और उन्हें स्वस्थ जीवन प्रदान करना है। माहेश्वरी महिला समिति की इस पहल की सराहना की गई।
Latest News