माहेश्वरी समाज चेन्नई ने महेश नवमी पर्व को बनाया सेवा पर्व, अपोलो हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर सम्पन्न
श्री माहेश्वरी सभा चेन्नई व मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में, मिस्टर मिसेज क्लब के सहयोग से और अपोलो हॉस्पिटल के सौजन्य से दिनांक 8 जून 2025 को शिवोहम महेश नवमी पर्व के अंतर्गत रक्तदान का विशाल शिविर का आयोजन अपोलो हॉस्पिटल, चेन्नई में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस आयोजन का उद्घाटन अपोलो हॉस्पिटल के प्रमुख श्री पीएम प्रेमजन द्वारा किया गया, जिन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर 75 से अधिक समाजबंधुओं ने रक्तदान कर इस पुण्य कार्य में भागीदारी निभाई।
श्री माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष डॉ. अशोक जे. मूंधड़ा ने कहा कि समाज की इस उत्साही भागीदारी से यह स्पष्ट होता है कि माहेश्वरी समाज न केवल संस्कृति और परंपरा में अग्रणी है, बल्कि सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी सदैव तत्पर रहता है। अपोलो हॉस्पिटल द्वारा उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य जांच सुविधा समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का सराहनीय प्रयास रही।
रक्तदान शिविर के संयोजक श्री हरीश सारड़ा ने बताया कि समाज को रक्तदान जैसे महान कार्य के लिए प्रेरित करने हेतु इस शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि समाज के 75 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर दूसरों के लिए जीवनदान का कार्य किया है, जो सभी के लिए एक प्रेरणा है। इस आयोजन में मिस्टर मिसेज क्लब, श्री स्वरूप दलाल, श्री राजकुमार चांडक, श्री योगेश मोहता का विशेष योगदान रहा।
सभा के सचिव श्री संजय मूंदड़ा ने सभी रक्तदाताओं और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन समाज में सेवा, स्वास्थ्य और मानवता के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बना और शिवोहम महेश नवमी पर्व को एक सच्चे सेवा पर्व के रूप में प्रतिष्ठित किया।
इस अवसर पर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष डॉ अशोक जे मूँधडा, उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर गोईदानी, कोषाध्यक्ष श्री अनुराग माहेश्वरी, सह-सचिव श्री सुरेश भट्टड़, मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी श्री अशोक लखोटिया, श्री माहेश्वरी महिला मंडल की सचिव श्रीमती कुसुम मालपानी, माहेश्वरी फूड बैंक चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री जयप्रकाश मालपानी, श्री माहेश्वरी युवा मंडल के अध्यक्ष श्री मदन राठी, श्री माहेश्वरी स्पोर्टस क्लब के अध्यक्ष श्री किशन झंवर, श्री माहेश्वरी सत्संग समिति के सचिव श्री किशोरी जेठा, मिस्टर मिसेज के अध्यक्ष श्री संजय बिसानी, श्री गौरी शंकर राठी, श्री प्रफुल मोहता, श्री पंकज मोहता, श्री हेमंत भट्टड़, श्री निखिल मोहता, श्री जेठमल सारड़ा, श्रीमती बीबीसी मंजुश्री मालपानी, श्रीमती रति चांडक सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
Latest News