“शिवोहम” महेश नवमी महोत्सव - 4 जून से 15 जून 2025 तक भक्ति, सेवा और संस्कृति का श्री माहेश्वरी सभा द्वारा आयोजित अद्वितीय संगम।

श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा इस वर्ष महेश नवमी के पावन उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है “शिवोहम” - एक 12 दिवसीय दिव्य और भव्य महोत्सव, जो 4 जून से 15 जून 2025 तक चलेगा। यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं बल्कि समाज की आस्था, एकता और सेवा भावना का जीवंत प्रमाण होगा।
सभा अध्यक्ष डॉ. अशोक जे. मुँधड़ा ने बताया कि यह महोत्सव माहेश्वरी समाज की उत्पत्ति के गौरव दिवस, महेश नवमी को समर्पित है - एक ऐसा दिन, जब सेवा, भक्ति और संस्कारों की नींव रखी गई थी। महोत्सव का शुभारंभ 4 जून को श्री माहेश्वरी भवन, साऊकारपेट में भगवान महेश के रुद्राभिषेक, भजनसंध्या एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ होगा। इस दिव्य आरंभ का नेतृत्व श्री कमल पंडित करेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक श्री महेंद्र बिहानी ने बताया कि महोत्सव के दौरान श्री माहेश्वरी सत्संग समिति का भी पूर्ण सहयोग रहेगा, जिससे आयोजन आध्यात्मिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर प्रभावी बनेगा।
सभा के सचिव श्री संजय मूंदड़ा ने बताया कि इन 12 दिनों में अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन होगा - विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर, मेगा रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, छात्रवृत्ति वितरण और भव्य शोभा यात्रा।
सेवा के क्षेत्र में भी यह महोत्सव बनेगा एक मिसाल।
4 से 14 जून तक अपोलो हॉस्पिटल के सहयोग से विशेष मास्टर हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसकी व्यवस्था कार्यक्रम संयोजक श्री अनुराग माहेश्वरी के मार्गदर्शन में होगी।
8 जून को अपोलो हॉस्पिटल परिसर में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन होगा, जिसमें 200 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित होने की संभावना है। यह "रक्तदान - महादान" वास्तव में समाज की मानवता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाएगा।
15 जून को होगा महोत्सव का भव्य समापन
डी. जी. वैष्णव कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाले समापन समारोह में भव्य शोभा यात्रा, महेश छात्रवृत्ति वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण होंगे।
कार्यक्रम संयोजक श्री कमल गोयदानी ने बताया कि इस वर्ष पहली बार “महेश छात्रवृत्ति कार्यक्रम” शुरू किया जा रहा है जिसके अंतर्गत चेन्नई के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को सम्मानपूर्वक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
शोभा यात्रा में भगवान शिव परिवार की झांकी, महिलाओं द्वारा कलश यात्रा, बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियाँ, भजन गायन, एवं अन्य सांस्कृतिक झांकियाँ शामिल होंगी - जो हमारी परंपराओं और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत प्रदर्शन करेंगी।
समापन समारोह में श्री माहेश्वरी युवा मंडल के सहयोग से 70 से अधिक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी।
महोत्सव के दौरान बहुप्रतीक्षित “मेंबरशिप एवं बिज़नेस डायरेक्टरी” का लोकार्पण भी किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन की मुख्य अतिथि होंगी - प्रख्यात उद्योगपति व समाजसेवी श्रीमती भगवती महेश बल्दवा, जिनकी उपस्थिति पूरे समारोह की गरिमा को और बढ़ाएगी।
श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई पूरे समाज को सपरिवार आमंत्रित करती है कि वे इस आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में सहभागी बनें।
तैयारियाँ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी हैं - आइए, जुड़ें “शिवोहम” से और बनें समाज के इस स्वर्णिम अध्याय का हिस्सा।
( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन