श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा वरिष्ठ सम्मान उत्सव 10 नवंबर को
श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई इस वर्ष दिवाली स्नेह मिलन पर 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान करने का निर्णय लिया है। सभा के अध्यक्ष डॉ. अशोक जे मूँधडा ने बताया कि हमारी संस्कृति में वरिष्ठ जनों का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे न केवल ज्ञान और अनुभव के भंडार होते हैं, बल्कि हमारी सामाजिक संरचना और मूल्यों के संवाहक भी हैं। उनका सम्मान करना न केवल हमारी जिम्मेदारी है, बल्कि यह हमारी पहचान और परंपरा का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम के संयोजक श्री गौरी शंकर राठी ने बताया कि यह भव्य कार्यक्रम 10 नवंबर 2024, रविवार को सुबह 9 बजे स्थानीय डीजी वैष्णव कॉलेज, आरुंबकम, चेन्नई में आयोजित होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ जनों के लिए स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक हवन, संकल्प, पाद पूजा, सम्मान और आशीर्वाद का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मान समारोह में 90 वरिष्ठ परिवार को सम्मान किया जाएगा।
सभा के सचिव श्री संजय मूँदडा ने बताया कि समाज के सभी वरिष्ठ जनों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया। इसी शृंखला में 85 वरिष्ठ परिवारों के घर घर जाकर उन्हें आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के सूत्रधार, सभा अध्यक्ष डॉ. अशोक जे. मूंधडा ने कार्यकारिणी मीटिंग में जब इस बात को पटल पर रखा था, तब हमारे पास समाज के 80 साल के ऊपर 74 परिवारों की लिस्ट थी। लेकिन जैसे-जैसे हम घर-घर आमंत्रण देने निकले, यह लिस्ट अब 90 पर पहुंच गई है। इस दौरान हमने पौरूर, बेलाचेरी, माउन्ट पूनममली, अड्यार और बेसंत नगर तक भी यात्रा की। विजया दशमी के शुभ मुहूर्त से हमने घर-घर जाकर आमंत्रण देने का कार्यक्रम प्रारंभ किया था। हमें वरिष्ठ जनों से बात करने, उनके जीवन के बारे में जानने, उनके चेहरे की खुशी देखने, उनके परिवार से मिलने, उनका आशीर्वाद लेने, और अपने जमाने की बातें साझा करने का अद्वितीय अनुभव मिला। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि कई वरिष्ठ जन आज भी किसी प्रकार की कोई भी दवा नहीं लेते, बल्कि पूरी तरह सक्रिय हैं। वे रोज ऑफिस जाते हैं, और कई माताएं अपने घरों में पूरी तरह सक्रिय हैं।
हमें जो अनुभव, आशीर्वाद, और वरिष्ठ जनों के चेहरों पर खुशी मिली, उसे कुछ शब्दों में बयान करना असंभव है। घर-घर आमंत्रण के दौरान हमें बाबूजी पद्मश्री बंसीलाल जी राठी के निवास स्थान पर जाने का अवसर मिला। उन्होंने इस कार्यक्रम की रूपरेखा को जानकर बहुत खुशी व्यक्त की और भूरी-भूरी प्रशंसा की। साथ ही, कार्यक्रम की सफलता के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।
Latest News