वैवाहिक परिचय संवाद सत्र में माहेश्वरी सभा का जनजागरण अभियान
गुवाहाटी 12 सितंबर। समाज में विवाह योग्य युवक एवं युवतियां के अनुपात में बढता अंतर तथा योग्य जोड़ी के अभाव में विवाह सम्बंध में हो रही देरी के कारण अधेड़ उम्र की दहलीज की और अग्रसर स्थितियां विकराल हो रही है। ऐसे में माहेश्वरी सभा गुवाहाटी ने समाज जनजागरण अभियान के तहत वैवाहिक परिचय सम्मेलन की आवश्यकता तथा उपयोगिता प्रति जागरूक करने हेतु आसाम माहेश्वरी भवन में वैवाहिक परिचय संवाद सत्र का आयोजन किया। इस सेमिनार की मुख्य वक्ता के रूप में कोलकाता में पवित्र संगम नामक एनजीओ के माध्यम से वैवाहिक सम्बंधों को करवाने, सुयोग्य जोडिय़ों का मिलान करवा कर दाम्पत्य सुत्र बैठाने में मध्यस्थता कर युवाओं के जीवन को सफल बनाने में विगत 20 वर्षों से निष्काम भाव से सेवायें दे रही श्रीमती सुमित्रा काबरा अपनी टीम श्रीमती कुसुम भंडारी, श्रीमती लक्ष्मी मूंधड़ा एवं श्रीमती चंद्रकला तापडिय़ा ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए वैवाहिक सम्बंधों में आ रही अड़चनें, योग्य जोड़ी को तलाशने में हताशा, बढती उम्र, विलम्ब से हो रही शादीयां तथा दाम्पत्य गठजोड़ के कुछ महीनों में तलाक आदि विषय पर अपनी बातें रखीं तथा टॉक शो के माध्यम से सदन के साथ इन विषयों पर चिन्तन मनन के साथ क्या होना चाहिए तथा क्या नहीं पर मंथन करतें हुए जन जागरण की महती भूमिका निभाई।
इससे पूर्व माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्री सीताराम बिहानी ने अपना सम्बोधन मायड़ भाषा में रखते हुए खचाखच भरे सदन के अन्तर्मन को टटोलते हुए वैवाहिक सम्बंधों के लिए बच्चों के बायोडाटा के सार्वजनिक नहीं करने तथा वैवाहिक परिचय सम्मेलन में अंशग्रहण करने को तोहीन समझने वाले समाज बंधुओं को उनकी लापरवाही से हो रहें दुष्परिणाम जिसे युवा भुगत रहे हैं प्रति सचेत करते हुए वैवाहिक परिचय सम्मेलन की सार्थकता पर प्रकाश डाला। सेमिनार के मुख्य अतिथि अखिल भारत वर्षीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्वांचल श्री कैलाश काबरा ने घर बैठे सर्वगुण संपन्न योग्य साथी की तलाश को मृग मरीचिका बताते हुए वैवाहिक परिचय सम्मेलन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा सम्बंधों में विलम्ब के अनेकों कारणों की जड़ संस्कारों की कमी बताते हुए आधुनिक युग की जीवन शैली-जिसमें किसी को भी किसी के लिए समय नहीं है को जिम्मेदार बताया। सरलता, सहजता, समर्पणता, स्वीकार्यता, सेवाभाव, सहनशीलता सभी अति महत्वाकांक्षा तथा एकाकी जीवन जीने की भेंट चढ़ रहें हैं, जब तक संयुक्त परिवार थे जीवन में पर्याप्त समय सभी के पास था, उन्होंने परिवार में आपस में बैठकर चर्चा एवं चिन्तन की महत्ता पर प्रकाश डाला। आगामी 21 व 22 दिसंबर को कलकत्ता में मारवाड़ी परिचय सम्मेलन कार्यक्रम के आयोजन बाबत जानकारी साझा की गयी, इसमें अंश ग्रहण करने हेतु बहुत से अभिवाहकों ने अपने बच्चों का पंजीयन किया।
समाज के मनीषियों द्वारा महेश पूजन एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ जो तकरीबन तीन घंटे की अवधि तक निरंतर जारी रहा तथा आखरी सत्र में जिज्ञासाओं पर सुंदर समाधान मंच एवं सदन से आपसी वार्तालाप के माध्यम से हुये। राष्ट्रीय युवा संगठन के उपाध्यक्ष पूर्वांचल श्री महावीर चाण्डक, पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा सचिव श्री राजकुमार सोमानी, पूर्वोत्तर माहेश्वरी महिला संगठन की उपाध्यक्ष श्रीमती सीता झंवर, वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती सरला काबरा के अलावा बहुत से बंधुओं ने अपने अनुभव तथा जिज्ञासाओं को प्रस्तुत किया। सभा सचिव श्री सुरेन्द्र लाहोटी ने धन्यवाद ज्ञापन किया तत्पश्चात राष्ट्रीय गान के साथ सेमिनार का समापन हुआ। पुरे कार्यक्रम का कुशलता पूर्वक संचालन सभा के सलाहकार श्री रमेश कुमार चांडक द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक दीनदयाल मूंधडा, नारायण गट्टानी, शोभना लढ्ढा व सभा के कार्यकारिणी सदस्यों की महती भूमिका रही। यह जानकारी सचिव सुरेंद्र लाहोटी द्वारा प्रदान की गई।
Latest News