लखिमपुर में महेश नवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया
लखिमपुर में माहेश्वरी समाज के वंशोपति दिवस के इस पावन अवसर पर माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी महिला संगठन एवं माहेश्वरी युवा संगठन ने संयुक्त रुप से समाज के इस महापर्व का शुभारंभ सुबह 5:30 बजे प्रभात फेरी के साथ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उक्त तीनो संगठनों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी के साथ किया गया जो शहर के मध्य स्थित श्रीश्री सीतारामजी ठाकुरबाड़ी मंदिर से निकलकर शहर के मुख्य मार्गो से भगवान महेश के गगनभेदी जयकारों एवं ऊँ नम: शिवाय के कीर्तन के साथ बांटूगांव स्थित नीलकंठेश्वर शिव मंदिर में जाकर सिमट गई। तत्पश्चात वहां पर भगवान महेश की पूजा अर्चना एवं आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। उसके पश्चात स्थानीय वासुदेव कल्याण ट्रस्ट भवन परिसर के सभागार में माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा शाम 4:15 बजे से लखीमपुर के सकल मारवाड़ी समाज के लिए ब्रेन ट्रेन प्रतियोगिता (दो वर्गो में) और धर्मिक अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमे काफी प्रतियोगियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सभी विजय प्रतिद्वंदियो को युवा संगठन की ओर से पुरस्कृत कर प्रथम दिवसीय महेश नवमी कार्यक्रम को वही पर विराम दिया गया। उसके पश्चात कार्यक्रम के दूसरे ओर अंतिम दिन स्थानीय वासुदेव कल्याण ट्रस्ट भवन परिसर के सभागार में दोपहर 2:30 बजे से तीनों संगठनों के सयुक्त तत्वाधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ लगभग 4:20 बजे हुआ। इस कार्यक्रम का शुुभारंभ भगवान महेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया गया। इसके पश्चात तीनो अमर बलिदानी तथा स्थानीय दिवंगत आत्माओं की शान्ति हेतु एक मिनट का मौन रखा गया। उसके बाद महिला संगठन द्वारा महेश वन्दना की गई। माहेश्वरी समाज के तीनों संगठनों द्वारा आयोजित इस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज के नन्हे नन्हे बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य एवं नाटिका प्रस्तुत की जिससे उपस्थित सभा में सेकडो समाजबंधु मंत्रमुग्ध हो उठे। इस कार्यक्रम के मध्य समाज के प्रतिभावन छात्र छात्राओं का उत्साह वर्धन करते हुए उन्हे स्थानीय माहेश्वरी सभा, महिला संगठन, युवा संगठन द्वारा तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ सम्मानित भी किया गया। महेश नवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी समाज की तीनो संस्थाओं के तत्वाधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमो के शुभारंभ लखीमपुर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष माणिक चंद लाहोटी, महिला संगठन की अध्यक्षा किरण देवी बजाज, युवा संगठन के अध्यक्ष अनिल लधर, आंचल एक के संगठन मंत्री रामेश्वर तापडिय़ा, अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के कार्यमंडल सदस्य नंद किशोर राठी, माणिक लाल दमानी को मंचासीन कर तालियों की गडग़ढ़ाहाट के साथ उनका अभिनंदन किया गया। उसके पश्चात तीनों संगठनों के सचिवों ने अपना अपना सचिवीय प्रतिवेदन का पाठ सभा को पढ़ कर सुनाया। जिसमे उन्होने अपने कार्यकाल में उनकी शाखा द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी समाज बंधुओ को दी। सचिवीय प्रतिवेदन के बाद शाखा अध्यक्ष माणिक चंद लाहोटी, किरण देवी बजाज, अनिल लधड़ ने अध्यक्षीय भाषण दिया। विचार मंथन कार्यक्रम के अन्तर्गत मारवाड़ी भाषा तथा संयुक्त परिवार का विषय रखा गया। रामेश्वर तापडिय़ा, राम गोपाल मालपानी, नंद किशोर राठी, माणिकलाल दम्मानी, मयंक झंवर, नंद किशोर बजाज, रंजू मूंधड़ा आदि ने सभा को सम्बोधित करते हुए सभी समाज बंधुओं को माहेश्वरी समाज के वंशोपति दिवस महेश नवमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विभिन्न बिंदुओं पर अपने-अपने विचार सभा में रखें। सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच का संचालन नंदकिशोर बजाज, बसंती बजाज, मयंक झंवर तथा सूर्य लोहिया ने अलग अलग कार्यक्रमों में किया। उसके बाद सामूहिक प्रीतिभोज के पश्चात इस दो दिवसीय महेश नवमी कार्यक्रम का समापन किया गया। इस संपूर्ण कार्यक्रम के संयोजक मनोहर लाल लखोटिया, पूजा लखोटिया और नारायण लखोटिया थे।
Latest News