बेटी ने अपने पीहर के माहेश्वरी भवन के हॉल को कराया वातानुकूलित
दिनांक 21 मार्च 2024 को सीकर जिले की प्रमुख तहसील लक्ष्मणगढ के श्री माहेश्वरी सेवा समिति द्वारा संचालित आधुनिकीकरण किए माहेश्वरी भवन के नवनिर्मित हॉल को वातानुकूलित काबरा परिवार की बेटी श्रीमती संतरादेवी (स्वर्गीय हरदत्तराय बियानी की धर्मपत्नी), मुम्बई ने आगे आकर अपने स्वर्गीय माता-पिता श्रीमती रतनीदेवी मदनलाल काबरा की पुण्य स्मृति में करवाकर एक कीर्तिमान स्थापित किया। इनके साथ सर्वश्री विनोद कुमार, भरत कुमार बियानी, श्रीमती दीपा सोनी भी मुम्बई से पधारे। श्री निर्मल पंचायती अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर एवं वरिष्ठ सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि (साक्षी जी महाराज के नाम से विख्यात) ने भगवान महेश का पूजन कर कहा कि मैं तो माहेश्वरीत्व को गहराई से समझता हूँ और इस समाज की कार्यशैली और दानवीरता को नमन करता हूँ, इसी कारण लोकसभा चुनावों के कारण व्यस्त होते हुए भी एक बुलावे में आ गया। तत्पश्चात महाराज जी ने काबरा दंपति की तस्वीर का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री जुगलकिशोर सोमाणी, उपाध्यक्ष श्री सत्यनारायण काबरा (जेडी), प्रदेशमंत्री श्री राजकुमार धूत, सीकर-झूंझनू जिला माहेश्वरी सभा के जिलाध्यक्ष श्री मनीष बियानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
लक्ष्मणगढ के निवासी और मुम्बई, कोलकाता, जयपुर, बैंगलोर, अहमदाबाद, रायपुर, दुर्ग आदि अनेक स्थानों से प्रवासी बंधुओं ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इत्तर समाज के अनेक बंधु भी उपस्थित थे। इस अवसर पर शहर के आवासी-प्रवासी जनों के स्वागत-सत्कार के अतिरिक्त शहर का नाम रोशन करने वाले अनेक विद्यार्थियों का भी भाव-भीना स्वागत किया गया। डॉ. प्रकाश मूंदड़ा ने अपने स्वागत भाषण में पूरे क्षेत्र की सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों को बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। भवन के अध्यक्ष अनिल कुमार सोमाणी ने आए सभी आगन्तुकों का हार्दिक स्वागत करते हुए लक्ष्मणगढ के पुरातन इतिहास की चर्चा करते हुए माहेश्वरी समाज की कल्याणकारी गतिविधियों से सभी को अवगत कराया। वरिष्ठ राजनीतिज्ञ श्री श्रीकुमार लखोटिया ने शहर के दूसरे माहेश्वरी भवन के नवीनीकरण की बात रखी तो आनन-फानन में चालीस लाख रुपयों के आश्वासन आ गये। समाज महिलाओं की महेश-वंदना और स्वागत गीत ने सबका मन मोह लिया। शहर के ही नौजवान श्री अनुज चितलांगिया ने मारवाड़ी गीतों को गाकर सबको खूब रिझाया। मंच संचालन श्रीमती सोनू सोमानी एवं श्रीमती मधु शर्मा के द्वारा किया गया। राष्ट्र गीत के बाद भोजन कार्यक्रम के पश्चात समारोह का समापन हुआ।
Latest News