सूरत में 'दिल मांगे मोर' कार्यक्रम का आयोजन, वरिष्ठजनों एवं पांच पीढिय़ों वाले परिवारों का हुआ सम्मान

माहेश्वरी भवन, सूरत में माहेश्वरी मैरिज ब्यूरो, सूरत जिला माहेश्वरी सभा, जिला माहेश्वरी महिला संगठन एवं जय महेश बायोडेटा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 'दिल मांगे मोरÓ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता रमेश मर्दा ने 'नई पीढ़ी, नई सोच और बदलते रिश्ते' विषय पर प्रेरक उद्बोधन देते हुए प्रेम, विश्वास, संस्कार, आपसी समझ और संवाद को सुखी पारिवारिक एवं वैवाहिक जीवन का आधार बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।

मुख्य वक्ता रमेश मर्दा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में नई पीढ़ी की सोच और अपेक्षाओं को समझना अत्यंत आवश्यक है। अभिभावकों एवं युवाओं के बीच खुला संवाद, परस्पर सम्मान और विश्वास ही पारिवारिक रिश्तों को मजबूती प्रदान कर सकता है। उन्होंने विवाह समारोहों में बढ़ते दिखावे एवं अनावश्यक खर्च पर चिंता व्यक्त करते हुए सादगी अपनाने की सलाह दी। साथ ही विवाह के कुल बजट का एक चौथाई हिस्सा नवदंपती के सुरक्षित भविष्य के लिए रखने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक जीवन को सुविधाजनक अवश्य बना सकती है, लेकिन रिश्तों की आत्मीयता, संवेदनशीलता और गहराई केवल प्रेम, विश्वास एवं आपसी समझ से ही बनी रह सकती है। बदलते समय के साथ विचारों में सकारात्मक बदलाव लाना आवश्यक है, लेकिन पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक मूल्यों को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी महेश पुंगलिया ने बताया कि इस अवसर पर 90 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ समाजजनों, वैवाहिक जीवन के 61 वर्ष पूर्ण कर चुके दंपतियों तथा पांच पीढिय़ों वाले परिवारों का विशेष सम्मान किया गया। इस अभिनव पहल के माध्यम से पारिवारिक एकता, बुजुर्गों के प्रति सम्मान तथा पीढिय़ों से चली आ रही संस्कारों की परंपरा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में समाज के गणमान्यजन रामरतन भूतड़ा, मदनमोहन पेड़ीवाल, भगवती प्रसाद गग्गड़, रामसहाय सोनी, मुरली लाहोटी, महेश खटोड़, हरिप्रसाद मालपानी, रामवल्लभ चांडक, घनश्याम शारदा, सुरेश काबरा, वीणा हरिशंकर तोषनीवाल, प्रतिभा मोलासरिया, रामकिशोर जाजू, सत्यनारायण दरगड़, श्याम भंडारी, रामवल्लभ चेचानी, गोपीकिशन मूंदड़ा, अनिल साबू, श्याम राठी, शंकरलाल सोमानी एवं महेश बिहानी सहित बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रीय माहेश्वरी सभाओं के अध्यक्ष, सचिव, युवा वर्ग तथा माहेश्वरी स्कूल के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित मंच संचालन सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन की सचिव श्वेता जाजू ने किया। कार्यक्रम ने नई एवं पुरानी पीढ़ी के बीच संवाद बढ़ाने, विवाह संबंधों को सुदृढ़ बनाने, बुजुर्गों के अनुभवों का सम्मान करने तथा पारिवारिक संस्कारों को भावी पीढिय़ों तक पहुंचाने का सार्थक संदेश दिया।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन