फरीदाबाद माहेश्वरी मण्डल ने हर्षोल्लास से मनाया 43वां स्थापना दिवस
फरीदाबाद माहेश्वरी मण्डल (रजि.) का 43वां स्थापना दिवस 2 अक्टूबर को बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाया गया। सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और आपसी सद्भाव को समर्पित इस समारोह में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 900 समाजबंधुओं की सहभागिता से आयोजित इस समारोह में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
उल्लेखनीय है कि 43 वर्ष पूर्व 2 अक्टूबर को समाज के वरिष्ठजनों ने सामाजिक एकता एवं संगठन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक छोटे से संकल्प के साथ माहेश्वरी मण्डल की स्थापना की थी। तभी से प्रतिवर्ष इस दिन को समस्त समाज एक उत्सव के रूप में मनाता आ रहा है।
समारोह का मुख्य आकर्षण विशेष नाट्य प्रस्तुति 'युगांतर' रही, जिसमें करीब 100 कलाकारों ने सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग एवं कलयुग के गुणधर्मों, सामाजिक मूल्यों और जीवन दर्शन को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से मंच पर जीवंत किया। नाटक की पटकथा लेखन एवं निर्देशन सीमा मूंधड़ा ने किया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मण्डल के संस्थापकों एवं पूर्व अध्यक्षों को स्मृतिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तरांचल के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक सोमानी, विशिष्ट अतिथि उत्तरांचल के संयुक्त मंत्री राजेन्द्र कलंत्री तथा स्वागताध्यक्ष के रूप में महासभा की केन्द्रीय चुनाव समिति के सदस्य ओमप्रकाश पंसारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन मण्डल महामंत्री शैलेश मूंधड़ा ने किया। आयोजन के संयोजक विनोद बिनानी, मनीष नेवर, वन्दना मूंधड़ा एवं मनीष बिहानी रहे।
इस अवसर पर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष महेश गट्टानी, प्रादेशिक युवा संगठन के अध्यक्ष आदित्य राठी, उत्तरांचल के पूर्व संयुक्त मंत्री ओमप्रकाश तापडिय़ा, सुशील नेवर, रंगनाथ झंवर सहित अनेक गणमान्य समाजबंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष देवेश चाण्डक, माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्षा ममता भटड़, युवा संगठन के अध्यक्ष अमित बागड़ी, माहेश्वरी मण्डल के कोषाध्यक्ष राकेश सोनी तथा सभी सहयोगी टीमों का विशेष योगदान रहा। समारोह के पश्चात लगभग 900 समाजबंधुओं के लिए सामूहिक सहभोज का आयोजन किया गया।
समारोह की सफलता में समाज के सभी वर्गों ने तन, मन और धन से सहयोग प्रदान किया। अंत में माहेश्वरी मण्डल के अध्यक्ष राम कुमार राठी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कलाकारों, कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
Latest News