समाजसेवी बाबूलाल सारड़ा का नागरिक अभिनंदन, जनसेवा और सामाजिक कार्यों में योगदान की सराहना
छापर के प्रतिष्ठित समाजसेवी बाबूलाल सारड़ा के सामाजिक सेवा, जनकल्याण एवं धार्मिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के सम्मान में माधव भवन में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। डिजिटल पीपल ग्रुप (डीपीजी) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कस्बे के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रुप के सदस्यों ने बाबूलाल सारड़ा के सेवाभावी व्यक्तित्व और समाजहित में किए गए कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर कस्बेवासियों ने उन्हें राणा सांगा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर आभासी दुनिया के सेवाभावी संगठन डिजिटल पीपल ग्रुप के मुख्य सचिव रामकिशन शर्मा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए बाबूलाल सारड़ा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सारड़ा ने समाजसेवा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाकर जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक सरोकारों और जनहित के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी सेवा भावना, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन समाज के लिए अनुकरणीय है।
समारोह को संबोधित करते हुए चमन जैन ने कहा कि बाबूलाल सारड़ा का जीवन समाजसेवा का पर्याय बन चुका है। उन्होंने सदैव नि:स्वार्थ भाव से जरूरतमंद लोगों की सहायता की है तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाई है। समाज के प्रति उनका समर्पण, सहयोग की भावना और जनकल्याण के लिए किए गए प्रयास नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
गौभक्त योगी श्याम ने अपने संबोधन में कहा कि बाबूलाल सारड़ा ने मानव सेवा के साथ-साथ गौसेवा, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका सेवाभावी व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे नि:स्वार्थ सेवाभावी व्यक्तियों से प्रेरणा लेकर जनकल्याण के कार्यों में अपनी भागीदारी बढ़ानी चाहिए। विशेष रूप से युवाओं को समाजसेवा से जोडऩे में ऐसे व्यक्तित्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सम्मान के प्रत्युत्तर में बाबूलाल सारड़ा ने डीपीजी ग्रुप की ओर से संचालित विभिन्न सेवापरक उपक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयास, आपसी सहयोग और सेवाभाव अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा धर्म है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामथ्र्य एवं क्षमता के अनुसार समाजहित में योगदान देना चाहिए। जरूरतमंदों की सहायता और समाज की उन्नति के लिए किया गया नि:स्वार्थ कार्य ही जीवन की वास्तविक सार्थकता है। उन्होंने नागरिक अभिनंदन के लिए डीपीजी ग्रुप के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कस्बेवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
समारोह में रामाकिशन साहूजी, राजेंद्र गुलेरिया, उमाशंकर रतावा, जगदीश शर्मा, भागू कुलहरी सहित डीपीजी ग्रुप के अनेक सदस्य एवं कस्बे के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सेवाभाव, परस्पर सहयोग, सामाजिक एकजुटता तथा जनकल्याण के कार्यों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
Latest News