सूरत जिला माहेश्वरी सभा की वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न
सूरत जिला माहेश्वरी सभा के सप्तम सत्र की चतुर्थ वार्षिक साधारण सभा 14 अक्टूबर को सिटी लाइट स्थित माहेश्वरी भवन में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर सभा के गत सत्र की उपलब्धियों, सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी सेवा प्रकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सत्र 2026-29 के लिए अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में जिला एवं क्षेत्रीय सभाओं के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति रही।
सभा के मीडिया प्रभारी सुनील माहेश्वरी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, भगवान महेश की वंदना एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात समाज के दिवंगत सदस्यों को मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पवन बजाज ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी सदस्यों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए पूरे कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन की एकजुटता एवं सामूहिक प्रयासों को सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।
जिला सचिव अतीन बाहेती ने सत्र 2025-26 का विस्तृत वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सभा द्वारा संचालित सामाजिक, संगठनात्मक एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही आगामी सत्र में प्रस्तावित समाजोपयोगी प्रकल्पों एवं कार्ययोजनाओं से सदन को अवगत कराया। जिला कोषाध्यक्ष रामसहाय सोनी ने सत्र 2023-26 का आय-व्यय एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित किया।
जिला उपाध्यक्ष टीकम असावा, परसराम मूंदड़ा एवं संयुक्त मंत्री विजय राज चांडक ने जिले की सभी 12 क्षेत्रीय सभाओं द्वारा वर्षभर आयोजित सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं समाजोपयोगी गतिविधियों का विस्तृत वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उपस्थित समाजबंधुओं ने सूरत जिला माहेश्वरी सभा एवं सभी क्षेत्रीय सभाओं द्वारा पूरे सत्र में किए गए उल्लेखनीय आयोजनों एवं सेवा कार्यों की सराहना करते हुए पदाधिकारियों को बधाई दी।
वार्षिक साधारण सभा के दौरान आयोजित खुले मंच सत्र में समाजबंधुओं ने संगठन की गतिविधियों एवं विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न रखे। अध्यक्ष पवन बजाज एवं सचिव अतीन बाहेती ने सभी प्रश्नों के सरल एवं संतोषजनक उत्तर देकर सदस्यों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान संगठन की कार्यप्रणाली, सामाजिक सहभागिता एवं आगामी गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श भी हुआ।
सभा के महत्वपूर्ण चरण में नवीन सत्र 2026-29 के लिए निर्वाचित पदाधिकारियों ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इनमें नवनिर्वाचित अध्यक्ष अतीन बाहेती, सचिव भगवती प्रसाद गग्गड़, कोषाध्यक्ष रामसहाय सोनी, संगठन मंत्री मुरली लाहोटी एवं प्रचार-प्रसार मंत्री महेश खटोड़ शामिल रहे। इनके साथ ही नवनिर्वाचित संभाग उपाध्यक्षों एवं संयुक्त सचिवों ने भी अपने-अपने दायित्व संभाले। उपस्थित समाजबंधुओं ने नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन एवं समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने की अपेक्षा व्यक्त की।
समाज दर्पण पत्रिका प्रभारी महेश पुंगलिया ने बताया कि बैठक में निर्वाचन अधिकारी श्रीलाल सारडा एवं गोपाल भराडिय़ा के साथ गिरधर गोपाल मूंदड़ा, रामरतन भूतड़ा, मदनमोहन पेड़ीवाल, गजानन्द राठी, राधाकिशन मूंदड़ा, किशोर बाहेती, रंगनाथ भट्टड़ एवं गिरधारी लाल साबू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त जिला माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्षा प्रतिभा मोलासरिया, सचिव श्वेता जाजू, सभी 12 क्षेत्रीय सभाओं के अध्यक्ष एवं सचिव, समाज के गणमान्य नागरिक, भामाशाह, जिला कार्यकारिणी सदस्य तथा अन्य प्रबुद्ध समाजबंधुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में जिला संगठन मंत्री मुरली लाहोटी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। सभा का सफल मंच संचालन किशन राठी ने किया।
Latest News