माहेश्वरी बॉक्स क्रिकेट लीग MCL-5 का शानदार समापन

माहेश्वरी युवा संगठन नोखा के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता माहेश्वरी क्रिकेट लीग का स्थानीय के.सी. मंडप्पम में उत्साहपूर्ण माहौल में शानदार समापन हुआ। 

माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष केशव करवा ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तरी राजस्थान माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष मनोहर सोनी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष नारायण प्रसाद कालाणी एवं बीकानेर जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष संजय करनानी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि मनोहर सोनी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए माहेश्वरी युवा संगठन की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ समाज में आपसी एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

युवा संगठन के सचिव पंकज भट्टड़ ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला माहेश्वरी स्टार एवं माहेश्वरी यूनिटी क्लब के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में माहेश्वरी स्टार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए माहेश्वरी यूनिटी क्लब को 10 रन से हराकर विजेता का गौरव प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अरविंद झंवर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए कृष्ण मूंधड़ा को मैन ऑफ द टूर्नामेंट, विनय डागा को बेस्ट बल्लेबाज तथा शेखर बागड़ी को बेस्ट गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

संगठन के सहसचिव लालकिशन राठी ने बताया कि समापन समारोह में विजेता माहेश्वरी स्टार टीम को 92 हजार रुपए तथा उपविजेता माहेश्वरी यूनिटी क्लब को 60 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को भी विशेष पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

पांच दिवसीय खेल महोत्सव के दौरान माहेश्वरी युवा संगठन की ओर से बीकानेर जिले के नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्षों एवं पार्षदों का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाज के जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की गई। आयोजन के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता एवं संगठनात्मक एकता का संदेश भी दिया गया।

युवा संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य समाज के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोडऩा, उनमें खेल भावना एवं अनुशासन विकसित करना तथा माहेश्वरी समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। पांच दिवसीय इस आयोजन में खिलाडिय़ों के उत्साह के साथ दर्शकों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। करीब 1900 दर्शकों की उपस्थिति ने प्रतियोगिता की लोकप्रियता एवं समाज के उत्साह को दर्शाया।

प्रतियोगिता की सफलता से उत्साहित माहेश्वरी युवा संगठन ने आगामी सीजन में MCL-6 के आयोजन का भी निर्णय लिया। संगठन की ओर से सभी प्रायोजकों, सह-प्रायोजकों, विशेष सहयोगकर्ताओं, खिलाडिय़ों, अम्पायरों, दर्शकों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले समाजबंधुओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग एवं सामूहिक प्रयासों से ही इतना भव्य आयोजन सफल हो पाया है। भविष्य में भी युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा समाजहित में इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।

समापन समारोह में सुनील झंवर, मूलचन्द चांडक, आनंद बिहानी, मुकेश बिहाणी, मनीष तापडिय़ा, मनोज तापडिय़ा, बाबूलाल भूतड़ा, प्रवेश चांडक, राधेश्याम गट्टानी, कमल राठी, पंकज भूतड़ा, पवन झंवर सहित माहेश्वरी युवा संगठन के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

पांच दिवसीय माहेश्वरी क्रिकेट लीग MCL-5 का समापन खेल भावना, सामाजिक एकजुटता, उत्साह और भाईचारे के संदेश के साथ हुआ। इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने और नई पीढ़ी को संगठित करने का सशक्त माध्यम भी हैं।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन