माहेश्वरी बॉयज होस्टल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

राजराजेश्वरी नगर स्थित माहेश्वरी फाउंडेशन द्वारा संचालित माहेश्वरी बॉयज होस्टल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हॉस्टल की लॉबी को तिरंगे के रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्Ó का सामूहिक गायन किया गया। माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्री भगवानदास लाहोटी, माहेश्वरी सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ ट्रस्टी श्री बसन्तकुमार सारडा, माहेश्वरी फाउंडेशन के चेयरमैन श्री प्रहलाद आगीवाल तथा छात्र सचिव श्री नारायण काबरा ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।

इस अवसर पर माहेश्वरी बॉयज होस्टल के छात्र, माहेश्वरी फाउंडेशन के ट्रस्टीगण, माहेश्वरी कार्यसमिति के सदस्य एवं समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

माहेश्वरी फाउंडेशन के चेयरमैन श्री प्रहलाद आगीवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए जापान की 5जी कार्यप्रणाली का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि 5जी पद्धति कार्यस्थल और दैनिक जीवन को व्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने की प्रणाली है। इसके पांच चरण—सेइरी (छंटाई), सेइटोन (सुव्यवस्थित रखना), सेइसो (साफ-सफाई), सेइकेत्सु (मानकीकरण) और शित्सुके (अनुशासन एवं निरंतरता)—व्यवस्था और कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने छात्रों से कहा कि यदि वे इस पद्धति को अपने अध्ययन और दैनिक जीवन में अपनाएं, तो न केवल उनकी पढ़ाई बेहतर होगी, बल्कि वे अपने आसपास स्वच्छ, सुंदर और अनुशासित वातावरण भी बना सकेंगे।

छात्र सचिव श्री नारायण काबरा ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और उनके बलिदानों को स्मरण करते हुए कहा कि देशवासियों को स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी मिली है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रनिर्माण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है और जीवन के हर क्षेत्र में स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी का निर्वहन भी आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में श्री ललित मालानी, मैनेजिंग ट्रस्टी, माहेश्वरी फाउंडेशन ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन