सरकारी कर्मचारियों का सामाजिक विकास में योगदान पर परिचर्चा आयोजित, हिमांशु तापडिय़ा का हुआ अभिनंदन

बीकानेर। माहेश्वरी सरकारी कर्मचारियों की संस्था बीकानेर महेश शासकीय ग्रुप (एमएसजी) द्वारा शनिवार सायं विश्वकर्मा गेट स्थित माहेश्वरी भवन में सरकारी कर्मचारियों का सामाजिक विकास में योगदान विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय माहेश्वरी शासकीय ग्रुप (रजि.) जोधपुर के वरिष्ठ सदस्य हिमांशु तापडिय़ा रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य, चिंतक एवं लेखक प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी ने की। इस अवसर पर हिमांशु तापडिय़ा का सार्वजनिक अभिनंदन भी किया गया।

मुख्य अतिथि हिमांशु तापडिय़ा ने कहा कि एमएसजी वेलफेयर सोसायटी सोसायटी एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत राष्ट्रीय संस्था है, जिसके 700 से अधिक सदस्य देशभर में सक्रिय हैं। संस्था का उद्देश्य माहेश्वरी समाज के सरकारी कर्मचारियों को सामाजिक विकास एवं सेवा कार्यों से जोडऩा है। उन्होंने बताया कि संस्था समय-समय पर विभिन्न सेवा शिविरों एवं समाजोपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन करती है तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं के अभियानों में भी सक्रिय सहयोग देती है।

तापडिय़ा ने जानकारी दी कि हाल ही में एमएसजी ग्रुप ने विवाह योग्य माहेश्वरी युवक-युवतियों की सगाई एवं वैवाहिक प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया है। इसके माध्यम से समाज के परिवार अपने विवाह योग्य युवक-युवतियों का नि:शुल्क पंजीकरण करवा सकते हैं।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी ने कहा कि सामाजिक सहयोग एवं समन्वय किसी भी संस्था की सफलता की आधारशिला होते हैं। एमएसजी जैसी संस्थाओं की गतिविधियाँ सामाजिक और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्था के सदस्य एक-दूसरे की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जो इसकी प्रभावशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि एमएसजी ग्रुप भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश की पूजा-अर्चना से हुआ। स्वागत भाषण एमएसजीयन दीपक बिनानी ने दिया। इस दौरान हिमांशु तापडिय़ा का तिलक, पुष्पमालाओं, दुपट्टा एवं मोतियों की माला पहनाकर भव्य स्वागत और सार्वजनिक अभिनंदन किया गया। मल्टी स्किल डेवलपमेंट एसोसिएशन, माहेश्वरी सेवक पत्रिका, श्री पूर्णानंद एज्युकेशन सोसायटी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी उनका माल्यार्पण कर सम्मान किया।

कार्यक्रम के अंत में राजेश झंवर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी ने कार्यक्रम के लिए माहेश्वरी भवन उपलब्ध कराने पर भवन ट्रस्टी श्री किशन राठी के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर दीपक बिनानी, किशन कोठारी, डॉ. राकेश बिनानी, आनंद राठी, राजेश झंवर, खुशबू राठी, सुश्री एकता बिनानी, सपना कोठारी, पूजा मूंधड़ा, दिनेश चांडक, रामकुमार मूंधड़ा सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन