श्री राजेश कांकाणी रोटरी क्लब, कॉटन सिटी, कोयंबटूर के अध्यक्ष निर्वाचित
माहेश्वरी सभा, कोयंबटूर के वरिष्ठ एवं सम्माननीय सदस्य श्री राजेश कांकाणी को सुप्रसिद्ध रोटरी क्लब, कॉटन सिटी, कोयंबटूर के अध्यक्ष पद पर चयनित किया गया है। यह उपलब्धि माहेश्वरी समाज के लिए गौरव का विषय है। रोटरी क्लब, कॉटन सिटी के 500 से अधिक सदस्य हैं। क्लब द्वारा कोयंबटूर एवं आसपास के क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य, शिक्षा प्रसार, औद्योगिक एवं पर्यावरण विकास के साथ-साथ युवा एवं महिला सशक्तीकरण जैसे अनेक सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम वर्षभर आयोजित किए जाते हैं। क्लब समाज के विभिन्न वर्गों को जोडऩे के साथ ही सदस्यों को आपसी मेल-मिलाप एवं विचार-विमर्श के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करता है।
अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करते हुए श्री राजेश कांकाणी ने क्लब के प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों को और अधिक गति देने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए क्लब के सभी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा जताई तथा सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। माहेश्वरी सभा, कोयंबटूर सहित समाज के सभी सदस्यों ने श्री राजेश कांकाणी को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
Latest News