पटना में महेश नवमी महोत्सव 2026 धूमधाम से संपन्न
माहेश्वरी समाज, पटना शाखा द्वारा भगवान महेश के प्राकट्य दिवस महेश नवमी के पावन अवसर पर त्रिदिवसीय सेवा, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सेवा, श्रद्धा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी संदेश दिया।
महोत्सव का शुभारंभ गौ सेवा से किया गया। इस अवसर पर बीमार एवं वृद्ध गौमाताओं को हरा चारा, गुड़ तथा अन्य आवश्यक सामग्री अर्पित कर सवामनी की गई। उपस्थित समाजजनों ने हवन में आहुति देकर भगवान महेश से समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
अन्नपूर्णा प्रोजेक्ट के अंतर्गत लगभग 100 जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन सामग्री एवं बिस्कुट का वितरण किया गया। सेवा कार्य के माध्यम से समाज ने मानवता एवं परोपकार की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।
धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मंदिर में भगवान महेश का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान महेश से समाज के सर्वांगीण विकास, सुख-समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की। इसके पश्चात सभी भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए समाज द्वारा शीतल शरबत सेवा का भी आयोजन किया गया। इस सेवा अभियान के अंतर्गत लगभग 4,000 राहगीरों एवं आमजन को शरबत वितरित कर गर्मी से राहत प्रदान की गई। इस सेवा कार्य की लोगों ने सराहना करते हुए माहेश्वरी समाज की सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
महेश नवमी महोत्सव के दौरान आयोजित सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रमों ने समाज में एकता, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
Latest News