जलगांव में स्वाभिमान आत्मरक्षा शिविर का सफल आयोजन

जलगांव शहर एवं तहसील माहेश्वरी महिला संगठन तथा प्रेमनगर माहेश्वरी महिला मंडल, जलगांव के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 21 जून 2026 तक बाहेती कॉलेज, जलगांव में छह दिवसीय स्वाभिमान आत्मरक्षा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों में आत्मविश्वास, साहस तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

शिविर में 85 महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों ने गुरुवर्य श्री विशालजी निकम (श्रीराम गुरुकुल, कोल्हापुर) के मार्गदर्शन में लाठी-काठी, तलवारबाजी, दांडपट्टा एवं भाला जैसे पारंपरिक आत्मरक्षा कौशलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के उद्घाटन एवं समापन अवसर पर वैदिक हवन तथा शस्त्र पूजन का आयोजन भी श्रद्धापूर्वक किया गया।

उद्घाटन समारोह में महापौर सौ. दीपमाला ताई काळे एवं विधायक श्री सुरेंद्रजी काबरा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समापन समारोह में विधायक श्री सतीश चरखा एवं श्रीमती सुनीता चरखा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर श्री मधुसूदन गांधी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

महेश नवमी की पूर्व संध्या पर महेश चौक में शिविर के प्रतिभागियों ने आत्मरक्षा तकनीकों का प्रभावशाली शौर्य प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित नागरिकों ने खूब सराहा। प्रदर्शन ने महिलाओं की शक्ति, आत्मविश्वास एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रेरक संदेश दिया। शिविर के मुख्य प्रायोजक सुप्रीम इंडस्ट्रीज एवं बाहेती कॉलेज रहे, जबकि जाजू मैनेजमेंट, जलगांव ने सह-प्रायोजक के रूप में सहयोग प्रदान किया।

आयोजन की सफलता में सीमा धूत, सरिता बिरला, दीप्ति झंवर, मंजुषा काबरा, माया सोमानी, दीप्ति काबरा, चंचल झंवर एवं मीनल लाठी सहित दोनों संस्थाओं के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

जलगांव शहर एवं तहसील माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष अरुणा मंत्री एवं सचिव रानी लाहोटी तथा प्रेमनगर माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष अंकिता तोतला एवं सचिव प्रियंका सोमानी ने सभी प्रशिक्षकों, प्रायोजकों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन