महेश नवमी पर माहेश्वरी महिला संगठन हावड़ा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया उत्पत्ति दिवस
वृहत्तर कोलकाता प्रादेशिक माहेश्वरी महिला संगठन के अंतर्गत माहेश्वरी महिला संगठन, हावड़ा द्वारा माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी का पावन पर्व राम मंदिर, विवेक विहार फेस-2 में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान नटराज के भव्य आगमन से हुआ। ढोल एवं शंखनाद के मध्य हुई वर्षा ने पूरे आयोजन को दिव्यता से भर दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इसे प्रकृति का अद्भुत संदेश मानते हुए भगवान शिव के स्वयं अभिषेक का प्रतीक बताया। इसके पश्चात महेश वंदना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर संगठन संरक्षक एवं राष्ट्रीय पूर्वांचल उपाध्यक्ष निर्मला मल्ल, पूर्व अध्यक्ष कुसुम मूंदड़ा एवं गायत्री जाजु, निवर्तमान अध्यक्ष मीना राठी, अध्यक्ष संगीता काबरा, मंत्री मंजू मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष ममता काबरा, संगठन मंत्री शशि चांडक, मार्गदर्शक सुषमा राठी, प्रचार-प्रसार मंत्री संगीता मक्कड़, उपाध्यक्ष राधा माहेश्वरी एवं प्रीति तापडिय़ा, सहमंत्री ज्योति मर्दा, मंजू बिहानी सहित संगठन की लगभग 40 महिला सदस्याओं ने सामूहिक रूप से भगवान महेश का अभिषेक किया।
भक्ति संध्या में ममता काबरा, कुसुम मूंदड़ा, सुषमा राठी, मंजू बिहानी, सरला बियानी, शोभा जाजू, पूजा डागा एवं शशि हेड़ा ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण माहेश्वरी समाज की 72 मूल खापों पर आधारित सुंदर झांकी रही, जिसे हेमा सोमानी एवं मंजू मूंदड़ा ने आकर्षक रूप में तैयार किया। वहीं, श्रद्धा झंवर द्वारा सजाई गई आरती की थाली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
समापन अवसर पर मंजू बिहानी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए भगवान महेश से संगठन की निरंतर उन्नति एवं सभी परिवारों पर उनकी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।
Latest News