महेश नवमी पर सशक्त नारी माहेश्वरी महिला संगठन कासगंज ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन
महेश नवमी के पावन अवसर पर सशक्त नारी माहेश्वरी महिला संगठन कासगंज द्वारा सांस्कृतिक, ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजन के अंतर्गत मधुर भजन नृत्य प्रतियोगिता, रेंडम टॉपिक लेखन, चटपटा क्विज एवं एक मिनट प्रतियोगिता जैसी विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली सशक्त महिलाओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेणु गौड़ एवं प्रख्यात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. खुशबू राठी रहीं। दोनों अतिथियों ने महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
संगठन की संस्थापिका श्रीमती प्रतिभा रेंडर अस्वस्थता के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकीं। संगठन अध्यक्ष श्रीमती लता गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन पूनम माहेश्वरी ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में रितु जाजू, सुधा जाजू, प्रीति लाहोटी, रिचा दरक, पारुल लाहोटी, रश्मि सोमानी, दीप्ति दरगढ़, बबीता बडिय़ाड़ा एवं शिवांगी काबरा का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में संगठन की 60 से अधिक महिलाओं ने सहभागिता कर महेश नवमी उत्सव को उल्लासपूर्ण, प्रेरणादायी एवं यादगार बनाया। अंत में सभी ने भगवान महेश के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए समाज की एकता, महिला सशक्तिकरण एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया।
Latest News