राजगढ़ में महेश नवमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न
महेश नवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में राजगढ़ माहेश्वरी समाज द्वारा विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ किया गया। प्रात:काल भगवान महेश की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आराधना संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री चिरंजी लाल गट्टानी ने की। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी ने भगवान महेश के समक्ष समाज की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना की।
संध्याकाल में आयोजित सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों में समाज के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया तथा पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में माहेश्वरी नवयुवक मंडल राजगढ़ के अध्यक्ष विनय मोहता एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। वहीं महिला मंडल की ओर से अनुपमा मोहता, सीमा मोहता एवं उनकी टीम ने व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन पंकज मल द्वारा किया गया। समापन अवसर पर जिला अध्यक्ष योगेंद्र राठी, तहसील अध्यक्ष दुलीचंद लोहिया, पंचायत अध्यक्ष प्रमोद डागा सहित सभी पदाधिकारियों ने समाज बंधुओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए महेश नवमी महोत्सव को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की।
Latest News