बीकानेर माहेश्वरी समाज ने उल्लासपूर्वक मनाया महेश नवमी महोत्सव

बीकानेर माहेश्वरी समाज ने अपने उत्पत्ति एवं प्राकट्य दिवस महेश नवमी महोत्सव को इस वर्ष भी अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। श्रीकृष्ण माहेश्वरी मंडल के बैनर तले आयोजित इस एकदिवसीय महोत्सव में समाज की विभिन्न संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में समाज बंधुओं ने सहभागिता निभाते हुए एकता और सांस्कृतिक गौरव का परिचय दिया।

मंडल मंत्री सुशील करनाणी ने बताया कि प्रात: 9 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण राठी के अनुसार इस महोत्सव में सम्पूर्ण बीकानेर माहेश्वरी समाज ने एकजुट होकर भागीदारी निभाई और अपने गौरवशाली इतिहास एवं परम्पराओं का स्मरण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मोहता मरूनायक चौक स्थित मंडल कार्यालय में भगवान महेश की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद मरूनायक मंदिर में कलम-दवात एवं तराजू पूजन कर समाज की पारंपरिक व्यापारिक संस्कृति का सम्मान किया गया। विश्वकर्मा गेट के बाहर स्थित बिन्नाणी बगेची में शिव परिवार की पूजा-अर्चना तथा भगवान शिव का अभिषेक भी सम्पन्न हुआ।

सायंकाल डागा चौक स्थित महेश भवन से सचेतन झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा डागा चौक, बिन्नाणी चौक, तेलीवाड़ा चौक, मोहता चौक, मूंधड़ा चौक, दम्माणी चौक, गोपीनाथ भवन, बी.के. स्कूल, जस्सूसर गेट एवं श्री लक्ष्मीनाथजी मंदिर होते हुए लक्ष्मी हेरिटेज पहुंची।

शोभायात्रा में आगे-आगे भगवान शिव के भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं प्रशासनिक जेल बैंड और युवा संगठन की टीम द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी गीतों एवं भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। युवा संगठन के शेखर पेड़ीवाल एवं उनकी टीम द्वारा रचित भजनों को भी खूब सराहना मिली।

यात्रा का विशेष आकर्षण महिलाओं की एकरूप पारंपरिक वेशभूषा तथा पुरुषों का सफेद कुर्ता-पायजामा रहा। समाज के युवक-युवतियों, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने जय महेश तथा उत्पत्ति दिवस मनाना है, माहेश्वरी जाति का मान बढ़ाना है जैसे उद्घोषों के साथ पूरे वातावरण को उत्साह और श्रद्धा से भर दिया।

शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। समाज की विभिन्न संस्थाओं द्वारा शीतल जल, शरबत, शिकंजी, लस्सी, छाछ, आइसक्रीम एवं ड्राई फू्रट्स की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का सत्कार किया गया। माहेश्वरी महासभा शहर इकाई ने अध्यक्ष अनिल सोनी झूमर सा के नेतृत्व में शोभायात्रा में शामिल सभी समाजजनों का उपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया।


लक्ष्मी हेरिटेज में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ चांदनी लाहोटी राठी द्वारा भगवान महेश की वंदना से हुआ। इसके पश्चात दिल्ली से आई कलाकारों की टीम ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। इनमें डॉ. रामनारायण बजाज, हरिकिशन नारायण मूंधड़ा, देवकिशन चांडकदेव, साइबर सेल उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती शालिनी बजाज, केंद्रीय कारागृह अधीक्षक डॉ. अभिषेक शर्मा, एपेक्स हॉस्पिटल कोऑर्डिनेटर सुशील थिराणी तथा योगेश लढ्ढा सहित कई प्रमुख समाजबंधु शामिल रहे। सभी का उपरना ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन पवन कुमार राठी ने किया। अंत में मंडल मंत्री सुशील करनाणी ने सभी समाजबंधुओं, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए महोत्सव की सफलता के लिए विशेष सहयोग देने वाले सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। पूरे आयोजन में प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।


( Connecting with social media platform )
App | Old Edition   | Facebook   | Youtube   | Instagram
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन