श्री माहेश्वरी महिला समिति बीकानेर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य एवं योग शिविर का हुआ समापन
माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के उपलक्ष्य में स्थानीय डागा चौक स्थित महेश भवन में श्री माहेश्वरी महिला समिति, बीकानेर के तत्वावधान में स्वर्गीय श्री महेंद्रजी दुजारी की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का संचालन एवं निर्देशन डॉ. निशा दुजारी द्वारा किया गया।
महिला समिति की संरक्षिका श्रीमती किरण झंवर एवं श्रीमती सरला लोहिया ने संयुक्त रूप से बताया कि शिविर का उद्घाटन बीकानेर के प्रख्यात नाड़ी वैद्य श्री सोहनलाल राठी के कर-कमलों द्वारा किया गया।
शिविर समन्वयक डॉ. निशा दुजारी ने बताया कि माहेश्वरी महिला समिति द्वारा आयोजित यह नि:शुल्क शिविर अत्यंत सफल एवं लाभदायक रहा। शिविर के प्रथम दिन 18 जून को वैकल्पिक चिकित्सा विषयक कार्यक्रम आयोजित किया गया। दूसरे दिन 19 जून को ऋतु के अनुसार परिवर्तन विषय पर जानकारी देते हुए दादी माँ के पारंपरिक घरेलू नुस्खों की उपयोगिता बताई गई, जिसे उपस्थित जनों ने विशेष रूप से सराहा। इस अवसर पर नियमित प्रात:कालीन भ्रमण के स्वास्थ्य लाभों पर भी प्रकाश डालते हुए सभी को सुबह कुछ समय टहलने की सलाह दी गई।
शिविर के अंतिम दिन मेडिटेशन एवं योग विषय पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पडऩे वाले सकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया गया। बताया गया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक शांति एवं संतुलन भी प्रदान करता है।
इस तीन दिवसीय शिविर में सर्व समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। महिला समिति की सचिव अनुभा बागड़ी एवं सीमा चांडक ने बताया कि शिविर में कुल 175 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। समापन समारोह में श्री माहेश्वरी महिला समिति द्वारा शिविर संचालिका डॉ. निशा दुजारी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी मेडिकल टीम के सभी सदस्यों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर समिति की संरक्षिका किरण झंवर, सरला लोहिया, श्रेया राठी, अनुभा बागड़ी, संतोष राठी, सरस्वती करनानी, रेनू झंवर, अंजली चांडक, अंजू लोहिया, विभा बिहानी, सीमा चांडक, कंचन राठी, निशा झंवर, चन्द्रकला कोठारी सहित अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।
Latest News