महेश नवमी पर प्रीति क्लब बीकानेर द्वारा भव्य महादेव रुद्राभिषेक महोत्सव आयोजित
महेश नवमी के पावन अवसर पर प्रीति क्लब, बीकानेर द्वारा 21/6/2026 को सीताराम भवन में भव्य महादेव रुद्राभिषेक महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के बड़ी संख्या में दंपतियों एवं परिवारों ने भाग लेकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा धर्मलाभ प्राप्त किया।
यज्ञाचार्य पंडित राजेन्द्र किराड़ू के सान्निध्य में 21 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं रुद्रपाठ के मध्य भगवान महादेव का सामूहिक रुद्राभिषेक सम्पन्न कराया गया। मुख्य यजमान के रूप में किशन चांडक (मोनू) सपरिवार उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने जल, दुग्ध, पंचामृत एवं विविध पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार, समाज, राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की कामना की।
पूरे परिसर में हर-हर महादेव एवं ऊँ नम: शिवाय के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा। रुद्राभिषेक के पश्चात सायंकाल महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत प्रसाद वितरण एवं सामूहिक भोजन का आयोजन भी किया गया।
प्रीति क्लब अध्यक्ष गोपीकिशन पेड़ीवाल ने कहा कि महेश नवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भगवान महेश की आराधना और समाज की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रीति क्लब सचिव रघुवीर झंवर ने बताया कि समाज बंधुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को अत्यंत सफल एवं यादगार बना दिया। वैदिक मंत्रों की पावन ध्वनि और भक्तिमय वातावरण ने सभी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत कर दिया। उन्होंने सभी यजमानों, समाज बंधुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कोषाध्यक्ष बृजमोहन चांडक ने कहा कि समाज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़ती सहभागिता प्रेरणादायी है। सामूहिक रुद्राभिषेक जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं एवं संस्कारों से जोडऩे के साथ-साथ समाज में एकता, सौहार्द एवं सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम समन्वयक सुनील सारड़ा सहित प्रीति क्लब के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज बंधुओं का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव से सुख, शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में सुरेश कोठारी, गोपीकिशन पेड़ीवाल, बृजमोहन चांडक, सुरेश राठी (अक्कासर), एडवोकेट सुरेश मोहता, इंजीनियर राकेश जाजू, शंकर लखाणी, कपूर राठी, दाऊलाल बिन्नाणी, विजयशंकर कोठारी, भवानीशंकर राठी (कालूजी), बालकिशन थिराणी, जुगलकिशोर बिहाणी, मनोज राठी, विमल चांडक एवं नंदकुमार राठी सहित अनेक समाज बंधु सपरिवार यजमान के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक द्वारकाप्रसाद पचीसिया, तोलाराम पेड़ीवाल, श्रीराम सिंगी, ओमप्रकाश करनानी, जुगल राठी, नारायण डागा, रमेश चांडक, कमल राठी, रोहित पचीसिया, रोहित बिनानी, जगदीश लढ़ा एवं मदनमोहन चांडक सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Latest News